अगर आप भीड़-भाड़ वाले मशहूर हिल स्टेशनों की बजाय किसी शांत और खूबसूरत जगह की तलाश में हैं, तो नॉर्थ बंगाल की ऑफबीट डेस्टिनेशन आपको जरूर पसंद आएंगी. यहां झीलें, चाय के बागान, पहाड़, जंगल और बादलों से घिरी वादियां आपका स्वागत करती हैं. सबसे खास बात यह है कि कम बजट में भी यहां शानदार ट्रिप का आनंद लिया जा सकता है, वो भी बजट में.
दिल्ली से ऐसे पहुंचे नॉर्थ बंगाल
दिल्ली से नॉर्थ बंगाल जाने के लिए ट्रेन और फ्लाइट दोनों विकल्प मौजूद हैं. नई दिल्ली से चलने वाली राजधानी एक्सप्रेस इस रूट की सबसे सुविधाजनक ट्रेनों में गिनी जाती है. इसका एक तरफ का किराया करीब 3,500 रुपये है, यानी आने-जाने में लगभग 7,000 रुपये खर्च होते हैं. वहीं, फ्लाइट से बागडोगरा जल्दी पहुंचा जा सकता है. अगर टिकट पहले से बुक कर ली जाए तो अच्छा किराया मिल सकता है. बागडोगरा से दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, सिक्किम और आसपास के इलाकों के लिए शेयर और प्राइवेट टैक्सी आसानी से मिल जाती हैं.
इन जगहों का ले सकते हैं रुख
मिरिक
बागडोगरा एयरपोर्ट से करीब 53 किलोमीटर दूर मिरिक एक शांत और खूबसूरत हिल स्टेशन है. यहां सुमेंदु झील, देवदार के जंगल, चाय के बागान और संतरे के बगीचे पर्यटकों को आकर्षित करते हैं. बोटिंग, झील किनारे सैर और रामिते दारा व्यू पॉइंट यहां की खास पहचान हैं. यहां 500 से 800 रुपये प्रति रात में होमस्टे मिल जाते हैं.
रिशप
बागडोगरा से करीब 121 किलोमीटर दूर स्थित रिशप एक शांत लेपचा गांव है. यहां से कंचनजंगा पर्वत का मनमोहक दृश्य दिखाई देता है. नियोरा वैली नेशनल पार्क, चांगे फॉल्स और झांडी दारा व्यूपॉइंट यहां घूमने लायक प्रमुख जगहें हैं. यहां कॉटेज और होमस्टे करीब 1,500 रुपये में मिल जाते हैं.
टेमी टी एस्टेट और लावा- लोलेगांव
दक्षिण सिक्किम के नामची में स्थित टेमी टी एस्टेट अपनी हरियाली और चाय बागानों के लिए मशहूर है. यहां चाय उत्पादन को करीब से देखने का मौका मिलता है. वहीं लावा अपने बौद्ध मठ और नीओरा वैली नेशनल पार्क के लिए जाना जाता है, जबकि लोलेगांव कैनोपी वॉक, घने जंगल और कंचनजंगा के नजारों के लिए प्रसिद्ध है. इन जगहों पर करीब 1,500 रुपये प्रति व्यक्ति में रहने और खाने की सुविधा मिल जाती है.
सिट्टोंग
बागडोगरा से करीब 60 किलोमीटर दूर सिट्टोंग को दार्जिलिंग की ऑरेंज वैली कहा जाता है. यहां संतरे के बाग, पहाड़, जंगल और शांत माहौल पर्यटकों को बेहद पसंद आता है. सिट्टोंग मठ, लेपचा फॉल्स, जोगी घाट ब्रिज और अहलदारा व्यू पॉइंट यहां के प्रमुख आकर्षण हैं. यहां होमस्टे में रुककर स्थानीय संस्कृति और घर जैसा स्वादिष्ट भोजन भी अनुभव किया जा सकता है. अगर आप कम बजट में भीड़ से दूर सुकून भरी छुट्टियां बिताना चाहते हैं, तो नॉर्थ बंगाल की ये ऑफबीट डेस्टिनेशन आपके लिए बेहतरीन विकल्प साबित हो सकती हैं.
ये भी पढ़ें: