Ahmedabad-Bhagalpur Amrit Bharat Express: इंडियन रेलवे (Indian Railways) बिहार और गुजरात के बीच रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए अहमदाबाद और भागलपुर के बीच नई वीकली अमृत भारत एक्सप्रेस शुरू करने जा रहा है. ट्रेन नंबर 19423 की टिकट बुकिंग 21 अगस्त 2026 से पीआरएस काउंटर और आईआरसीटीसी वेबसाइट पर शुरू हो गई है. यह ट्रेन अहमदाबाद से भागलपुर की दूरी करीब 36 घंटे 10 मिनट में तय करेगी. इस ट्रेन के चलने से बिहार से गुजरात और गुजरात से बिहार आने-जाने वाले रेल यात्रियों को आवागमन में सहूलियत होगी. आपको मालूम हो कि इस नई ट्रेन के चलने से बिहार और गुजरात के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को एक और सीधा रेल विकल्प मिलेगा.
इंडियन रेलवे ने लिया फैसला
इंडियन रेलवे ने मौजूदा 09447/09448 अहमदाबाद-पटना-अहमदाबाद क्लोन स्पेशल को नियमित सेवा में बदलने का फैसला किया है. अब यह ट्रेन 19423/19424 अहमदाबाद-भागलपुर-अहमदाबाद वीकली अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में चलेगी. ईस्टर्न रेलवे के अनुसार इस ट्रेन के चलने से सिल्क सिटी के नाम से मशहूर भागलपुर को गुजरात के प्रमुख औद्योगिक और आर्थिक केंद्र अहमदाबाद से बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी. इस रूट पर यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए रेलवे ने नई वीकली अमृत भारत एक्सप्रेस चलाने का फैसला लिया है.
26 अगस्त 2026 से शुरू होगी सेवा
ट्रेन नंबर 19423 गुजरात के अहमदाबाद से 26 अगस्त 2026 से हर बुधवार शाम 6:30 बजे रवाना होगी. यह शुक्रवार सुबह 6:40 बजे भागलपुर पहुंचेगी. अहमदाबाद से भागलपुर तक की दूरी करीब 36 घंटे 10 मिनट में पूरी होगी. वापसी में ट्रेन नंबर 19424 भागलपुर से 28 अगस्त 2026 से हर शुक्रवार शाम 4:45 बजे चलेगी. यह ट्रेन रविवार सुबह 5:25 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी. आपको मालूम हो कि इस नई अमृत भारत एक्सप्रेस में सिर्फ जनरल अनारक्षित और स्लीपर क्लास के कोच होंगे. ट्रेन की अधिकतम परिचालन गति 110 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की उम्मीद है.
इन स्टेशनों पर रुकेगी नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन
नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन अहमदाबाद से भागलपुर के बीच कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी. यह ट्रेन जिन स्टेशनों पर रुकेगी उनमें आनंद, छायापुरी, गोधरा, दाहोद, रतलाम, भवानी मंडी, रामगंज मंडी और कोटा शामिल हैं. इसके बाद ट्रेन सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, हिंडौन सिटी, बयाना, ईदगाह आगरा, टुंडला, गोविंदपुरी और सूबेदारगंज होते हुए आगे बढ़ेगी. बिहार में पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, दानापुर, पटना, बख्तियारपुर, मोकामा, किउल, अभयपुर, जमालपुर और सुल्तानगंज इसके प्रमुख स्टॉपेज होंगे.