गर्मी की छुट्टियां शुरू होते ही ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए Indian Railways ने यात्रियों को राहत देने के लिए समर स्पेशल ट्रेनों का संचालन तेज कर दिया है. हर साल की तरह इस बार भी अतिरिक्त ट्रेनों के जरिए यात्रियों की सुविधा बढ़ाने की कोशिश की जा रही है, खासकर यूपी और बिहार रूट पर यात्रा करने वालों को इससे बड़ा फायदा मिलेगा.
पूर्वोत्तर रेलवे के तहत आने वाले Gorakhpur ज़ोन ने दो नई जोड़ी समर स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला किया है. रेलवे के सीपीआरओ सुमित कुमार के अनुसार, छुट्टियों के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है, ताकि लोगों को कन्फर्म सीट और आसान सफर मिल सके.
गोमती नगर-कोलकाता समर स्पेशल ट्रेन
पहली स्पेशल ट्रेन 05064/05063 गोमती नगर से कोलकाता के बीच चलाई जाएगी. यह ट्रेन 22 और 29 अप्रैल को गोमती नगर से रवाना होगी, जबकि वापसी में 23 और 30 अप्रैल को कोलकाता से चलेगी.
यह ट्रेन गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, हाजीपुर, बरौनी, झाझा, आसनसोल और बर्द्धमान जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी. सुबह 8:40 बजे गोमती नगर से निकलकर अगले दिन दोपहर 1:10 बजे कोलकाता पहुंचेगी.
वापसी में यह ट्रेन कोलकाता से दोपहर 3:20 बजे चलकर अगले दिन शाम 6:30 बजे गोमती नगर पहुंचेगी. इस ट्रेन में कुल 19 कोच होंगे, जिनमें स्लीपर, सामान्य और एसी थर्ड क्लास कोच शामिल हैं.
उधना-जयनगर अनारक्षित स्पेशल ट्रेन
दूसरी स्पेशल ट्रेन 09091/09092 Udhna से Jaynagar के बीच चलाई जा रही है. यह अनारक्षित श्रेणी की ट्रेन 19 अप्रैल को उधना से रवाना होकर जयनगर पहुंचेगी और 22 अप्रैल को वापसी करेगी.
यह ट्रेन वडोदरा, कोटा, आगरा फोर्ट, कानपुर सेंट्रल, गोंडा और गोरखपुर जैसे बड़े स्टेशनों से होकर गुजरेगी. उधना से रात 9:40 बजे चलकर तीसरे दिन शाम 7 बजे जयनगर पहुंचेगी.
वापसी में जयनगर से शाम 5 बजे चलकर तीसरे दिन दोपहर 12:30 बजे उधना पहुंचेगी. इस ट्रेन में कुल 20 कोच होंगे और सभी कोच अनारक्षित होंगे, जिससे बिना रिजर्वेशन यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी.
ये भी पढ़ें: