Brain Dead Farmer Gives New Life
Brain Dead Farmer Gives New Life
अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में एक परिवार के साहसिक और मानवीय फैसले ने 7 लोगों को नया जीवन दिया है. खेड़ा जिले के कपड़वंज निवासी 39 वर्षीय किसान मनुभाई परमार के ब्रेनडेड होने के बाद उनके परिजनों ने अंगदान का फैसा लिया, जिससे हार्ट, लीवर, दोनों किडनी, आंखें और त्वचा सहित कुल 7 अंग दान किए गए.
सड़क हादसे के बाद बिगड़ी हालत
जानकारी के अनुसार, 12 अप्रैल को मनुभाई एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे. उनके सिर में गंभीर चोट आई थी. पहले स्थानीय अस्पतालों में इलाज किया गया, लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर उन्हें अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में रेफर किया गया. यहां डॉक्टरों ने लगातार प्रयास किए, लेकिन उनकी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ और अंततः उन्हें ब्रेनडेड घोषित कर दिया गया.
परिजनों ने लिया बड़ा फैसला
इस कठिन समय में अस्पताल की टीम ने मनुभाई की पत्नी अरखाबेन और परिवार के अन्य सदस्यों को अंगदान के बारे में समझाया. गहन विचार-विमर्श के बाद परिवार ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए अंगदान के लिए सहमति दे दी. उनके इस फैसले से 7 जरूरतमंद मरीजों को नई जिंदगी मिली.
किन-किन मरीजों को मिला जीवनदान
मनुभाई का लीवर और दोनों किडनी सिविल कैंपस स्थित किडनी अस्पताल में ट्रांसप्लांट किए गए. उनका हार्ट शहर के CIMS अस्पताल में भर्ती एक मरीज को दिया गया. वहीं, दोनों आंखें एम एंड जे आई अस्पताल को दान की गईं और त्वचा सिविल अस्पताल की स्किन बैंक में सुरक्षित रखी गई.
बढ़ रही है अंगदान के प्रति जागरूकता
अहमदाबाद सिविल अस्पताल के सुपरिंटेंडेंट डॉ. राकेश जोशी ने बताया कि मनुभाई एक साधारण किसान थे, लेकिन उनके परिवार ने असाधारण निर्णय लेकर कई जिंदगियों को रोशन किया. उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय में ब्रेनडेड मरीजों के परिजनों में अंगदान को लेकर जागरूकता बढ़ी है. अस्पताल के आंकड़ों के अनुसार, अब तक 234 ब्रेनडेड मरीजों के अंगदान संभव हो चुके हैं, जिनसे कुल 774 अंग दान किए गए हैं. इनमें 431 किडनी, 208 लीवर, 74 हार्ट और 34 फेफड़े शामिल हैं.
इंसानियत की मिसाल बना परिवार
मनुभाई परमार का परिवार आज समाज के लिए एक प्रेरणा बन गया है. दुख की इस घड़ी में लिया गया उनका फैसला यह दिखाता है कि किसी की जिंदगी भले खत्म हो जाए, लेकिन उसके अंग कई जिंदगियों को रोशनी दे सकते हैं.
-अतुल तिवारी की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें: