ट्रेन से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए खुशखबरी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुलेट ट्रेन नेटवर्क के 'नॉर्दर्न कॉरिडोर' मार्ग को मंजूरी दे दी है. इस रूट के शुरू होने से दिल्ली से लेकर गुवाहाटी तक का सफर पहले के मुकाबले काफी आसान हो जाएगा. प्रस्तावित कॉरिडोर दिल्ली से शुरू होगा और आगरा, कानपुर, लखनऊ और अयोध्या होते हुए वाराणसी और पटना तक पहुंचेगा. इसके बाद यह रूट गुवाहाटी तक जाएगा. आने वाले वर्षों में जब यह कॉरिडोर तैयार हो जाएगा, तब कई शहरों के बीच यात्रा में लगने वाला समय काफी कम हो जाएगा.फिलहाल भविष्य में ये यात्रा दिल्ली से पटना तक शुरू की जाएगी. उसके बाद धीरे-धीरे इसे नॉर्थ-ईस्ट के गुवाहाटी से जोड़ा जाएगा.
दिल्ली से इन शहरों तक का सफर का समय होगा कम
नॉर्दर्न कॉरिडोर के पूरा होने के बाद दिल्ली से आगरा पहुंचने में सिर्फ 59 मिनट लगेंगे. वहीं, दिल्ली से कानपुर का सफर एक घंटे 45 मिनट में पूरा किया हो जाएगा. दिल्ली से लखनऊ पहुंचने में दो घंटे 12 मिनट और वाराणसी जाने में तीन घंटे 33 मिनट लगेंगे. इसके अलावा वाराणसी से प्रयागराज का सफर महज 33 मिनट में पूरा हो जाएगा. बुलेट ट्रेन शुरू होने से इन शहरों के बीच आने-जाने वाले लोगों का काफी समय बचेगा.
अभी राजधानी और दूसरी तेज रफ्तार ट्रेनों से कितना लगता है समय?
फिलहाल दिल्ली से इन शहरों तक पहुंचने के लिए यात्री राजधानी, शताब्दी, वंदे भारत और दूसरी सुपरफास्ट ट्रेनों के भरोसे हैं. दिल्ली से आगरा के लिए सुपर फार्स्ट एक्सप्रेस करीब 1 घंटा 40 मिनट लेती है, जबकि भोपाल शताब्दी से यह सफर करीब 1 घंटा 50 मिनट में पूरा होता है. दिल्ली से कानपुर के लिए राजधानी एक्सप्रेस में करीब 4 घंटे 40 मिनट और शताब्दी एक्सप्रेस में करीब 5 घंटे 10 मिनट लेती है.
दिल्ली से लखनऊ जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस करीब 6 घंटे 25 मिनट और स्वर्ण शताब्दी करीब 6 घंटे 50 मिनट का समय लेती है. वहीं, प्रयागराज के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस का सफर करीब 6 घंटे 8 मिनट का है. वहीं राजधानी एक्सप्रेस से करीब 6 घंटे 48 मिनट लगते हैं.
वाराणसी आने के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस से करीब 8 घंटे लगते हैं. वहीं, राजधानी एक्सप्रेस से ये सफर करीब 8 घंटे 38 मिनट लगता है. ऐसे में प्रस्तावित बुलेट ट्रेन कॉरिडोर शुरू होने के बाद इन शहरों तक पहुंचने में लगने वाला समय काफी कम हो जाएगा.
15 अगस्त 2027 से शुरू होगी देश की पहली बुलेट ट्रेन
देश की पहली बुलेट ट्रेन शुरू होने की तारीख का भी ऐलान कर दिया गया था. रेल मंत्री ने बताया था कि भारत में पहली बुलेट ट्रेन 15 अगस्त 2027 से शुरू होगी. इसकी शुरुआत मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर के सूरत-बिलिमोरा सेक्शन से की जाएगी. मुंबई-अहमदाबाद रूट पर पहली बुलेट ट्रेन शुरू होने के बाद नॉर्दर्न कॉरिडोर जैसी परियोजनाएं देश के दूसरे हिस्सों में भी तेज रफ्तार रेल यात्रा का रास्ता खोल सकती हैं. दिल्ली से आगरा, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी और पटना होते हुए गुवाहाटी तक का यह रूट कई शहरों को जोड़ने की योजना है. इसके पूरा होने पर लंबी दूरी की यात्रा में समय की बचत होगी और यात्रियों को हवाई जहाज से भी सुलभ सुविधा दी जाएगी. हवाई जहाज से यात्रा करने में भले समय कम लगता है, लेकिन बोडिंग का समय जोड़ा जाए तो बहुत समय बरबाद हो जाता है. लेकिन बुलेट ट्रेन में ऐसा नहीं होगा और यात्रा के कई घंटे बचेंगे.
ये भी पढ़ें