Prayagraj Veraval Special Train: बाबा सोमनाथ के दर्शन के लिए रेलवे का बड़ा तोहफा, प्रयागराज से वीरावल के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन, देखें रूट और टाइमिंग

सावन में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे 6 अगस्त से 25 सितंबर 2026 तक प्रयागराज-वीरावल स्पेशल ट्रेन चलाएगी. ट्रेन आठ-आठ फेरे लगाएगी और कई प्रमुख धार्मिक स्थलों से होकर गुजरेगी.

Special Train to Somnath
अमृता सिन्हा
  • नई दिल्ली,
  • 23 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 4:20 PM IST

सावन के महीने में बाबा सोमनाथ के दर्शन की योजना बना रहे श्रद्धालुओं के लिए गुड न्यूज रेलवे की ओर से है. यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने प्रयागराज और वीरावल के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है. यह ट्रेन अगस्त से सितंबर तक चलेगी और उत्तर प्रदेश के यात्रियों को गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर के साथ-साथ राजस्थान और गुजरात के कई प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तक सीधी यात्रा की सुविधा देगी. 

कब से कब तक चलेगी स्पेशल ट्रेन?
रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 04173/04174 प्रयागराज-वीरावल स्पेशल ट्रेन का संचालन 6 अगस्त 2026 से 25 सितंबर 2026 तक किया जाएगा.इस अवधि में दोनों दिशाओं से आठ-आठ फेरे लगाए जाएंगे, ताकि सावन और उसके बाद भी श्रद्धालुओं को यात्रा में सुविधा मिल सके. 

किस दिन मिलेगी ट्रेन?
ट्रेन संख्या 04173 प्रयागराज से हर गुरुवार यानी 6 अगस्त से 24 सितंबर 2026 तक चलेगी.वहीं ट्रेन संख्या 04174 वीरावल से हर शुक्रवार यानी 7 अगस्त से 25 सितंबर 2026 तक रवाना होगी.इससे श्रद्धालु अपनी यात्रा की योजना पहले से आसानी से बना सकेंगे. 

किन-किन स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव?
यह स्पेशल ट्रेन प्रयागराज से चलकर फतेहपुर, गोविंदपुरी (कानपुर), इटावा, टूंडला, आगरा इदगाह, भरतपुर, बांदीकुई, जयपुर, किशनगढ़, अजमेर, ब्यावर, मारवाड़ जंक्शन, फालना, सुमेरपुर-जवाई बांध, आबू रोड, पालनपुर, महेसाणा, वीरमगाम, सुरेंद्रनगर, थान, वांकानेर, राजकोट, नवागढ़ और जूनागढ़ होते हुए वीरावल पहुंचेगी. 

इन धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक मिलेगा सीधा फायदा
इस स्पेशल ट्रेन के चलने से उत्तर प्रदेश के यात्रियों को गुजरात के सोमनाथ मंदिर तक सीधी रेल सुविधा मिलेगी.इसके अलावा राजस्थान के अजमेर और माउंट आबू, तथा गुजरात के पालनपुर जैसे प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक भी सफर आसान हो जाएगा. 

कितने कोच होंगे?
रेलवे ने इस स्पेशल ट्रेन में यात्रियों की संख्या को देखते हुए कुल 18 कोच लगाए हैं.इनमें 10 स्लीपर कोच, 7 जनरल कोच और 1 एसी थर्ड टियर कोच शामिल होगा.इससे सामान्य यात्रियों के साथ-साथ आरक्षित श्रेणी में सफर करने वाले यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी.सावन के दौरान बाबा सोमनाथ के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुजरात पहुंचते हैं.ऐसे में रेलवे की यह स्पेशल ट्रेन यात्रियों की भीड़ को संभालने के साथ-साथ लंबी दूरी की यात्रा को भी अधिक सुविधाजनक बनाने में मदद करेगी. 
 

ये भी पढ़ें

Read more!

RECOMMENDED