भाई-बहन के प्रेम के प्रतीक रक्षाबंधन को लेकर भारतीय रेलवे ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं. त्योहार के दौरान यात्रियों को आने-जाने में परेशानी न हो, इसके लिए कई स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है. इसी कड़ी में रक्षाबंधन के मद्देनजर प्रयागराज और दिल्ली की शकूरबस्ती के बीच एक और स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया गया है. इस ट्रेन के चलने से रक्षाबंधन के बाद दिल्ली और प्रयागराज के बीच सफर करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी.
प्रयागराज से शकूरबस्ती के लिए चलेगी ट्रेन
उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) के सीपीआरओ डॉ. शिवम शर्मा ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए प्रयागराज और दिल्ली के शकूरबस्ती के बीच स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जा रहा है. इस ट्रेन में कुल 19 कोच होंगे. इनमें 09 स्लीपर, 02 एसी तृतीय, 06 सामान्य श्रेणी और 02 एसएलआर/डी कोच शामिल रहेंगे.
29 अगस्त को प्रयागराज से रवाना होगी
गाड़ी संख्या 04165 प्रयागराज-शकूरबस्ती स्पेशल 29 अगस्त 2026 को प्रयागराज से रात 8 बजे रवाना होगी. इसके बाद ट्रेन फतेहपुर में रात 9:15 से 9:17 बजे तक, कानपुर में रात 10:20 से 10:25 बजे तक, इटावा में रात 12:55 से 12:57 बजे तक और टूंडला में रात 2:20 से 2:22 बजे तक रुकेगी.
आगे ट्रेन अलीगढ़ में सुबह 4:50 से 4:52 बजे तक और दिल्ली में सुबह 8:15 से 8:25 बजे तक ठहरेगी. इसके बाद अगली सुबह 10 बजे ट्रेन शकूरबस्ती पहुंचेगी.
30 अगस्त को शकूरबस्ती से वापसी
वापसी में गाड़ी संख्या 04166 शकूरबस्ती-प्रयागराज स्पेशल 30 अगस्त 2026 को शकूरबस्ती से दोपहर 12 बजे चलेगी. ट्रेन दोपहर 12:35 से 12:45 बजे तक दिल्ली में रुकेगी.
इसके बाद अलीगढ़ में दोपहर 2:10 से 2:12 बजे तक, टूंडला में 3:40 से 3:42 बजे तक और इटावा में 4:38 से 4:40 बजे तक ठहराव होगा. आगे कानपुर में शाम 6:45 से 6:50 बजे तक और फतेहपुर में शाम 7:48 से 7:50 बजे तक ट्रेन रुकेगी.
रात 10:30 बजे प्रयागराज पहुंचेगी
फतेहपुर से रवाना होने के बाद स्पेशल ट्रेन रात 10:30 बजे प्रयागराज पहुंचेगी. रक्षाबंधन के बाद दिल्ली और प्रयागराज के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए इस विशेष ट्रेन का परिचालन अतिरिक्त यात्रा सुविधा उपलब्ध कराएगा.
ये भी पढ़ें