अगर आप पहली बार फ्लाइट से सफर करने वाले हैं, तो टिकट और आईडी के अलावा भी कई चीज़े हैं, जिनके बारे में आपको ध्यान रखने की जरूरत है. खास तौर पर चेकिंग के दौरान आप अपने साथ क्या सामान लेकर जा रहे हैं, किस चीज़ को एयरलाइन पर्मिशन देती हैं और किसे नहीं, यह आपको पता होना बहुत जरूरी है. इसका फायदा यह होता है कि सुरक्षा जांच कम समय लगता है और सामान को बाहर निकालकर फेंकना नहीं पड़ता.
हैंड बैगेज में चाकू, ब्लेड, कैंची और दूसरी नुकीली चीजें लेकर आप बिल्कुल नहीं जा सकते हैं. बॉक्स कटर, रेजर ब्लेड और दूसरी तेज धार वाली चीजों को भी केबिन बैग में किसी हाल में नहीं रखना चाहिए. ऐसी चीजों को लेकर एयरपोर्ट पहुंचने पर सिक्योरिटी चेक में आपको काफी परेशानी हो सकती है.
अगर आप लाइटर, माचिस या कोई फ्लेमेबल चीज़ लेकर साथ चल रहे हैं, तो बता दें कि इनको लेकर भी नियम बहुत सख्त हैं. इसके अलावा फ्लेमेबल ऑयल, गैस और कुछ तरह के एयरोसोल भी बैन हैं. इसलिए ऐसी चीजों को बिना नियम देखे अपने बैग में न रखें.
हैंड बैगेज में आप 100 मिलीलीटर से ज्यादा क्वांटिटी वाले लिक्विड या जेल वाले सामान लेकर नहीं जा सकते. इसमें कई तरह के कॉस्मेटिक, क्रीम और दूसरे लिक्विड सामान शामिल हो सकते हैं. हालांकि दवाइयों और छोटे बच्चों के खाने जैसी कुछ जरूरी चीजों के लिए नियमों के तहत छूट मिल सकती है.
अगर आप अपने साथ पावर बैंक और एक्स्ट्रा लिथियम बैटरी को लेकर जा रहे हैं, तो उन्हें चेक-इन बैग में नहीं रखें. इन्हें आमतौर पर हैंड बैगेज में रखना होता है. लैपटॉप और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक सामान की सेफ्टी चेक के दौरान अलग से जांच भी हो सकती है.
आपको यह बात पता होनी चाहिए कि आप हर खाने की चीज को फ्लाइट में नहीं लेकर जा सकते. भारत में सूखा नारियल लेकर जाना मना है. इसके पीछे की वजह है कि इसमें काफी तेल होता है. जो फ्लेमेबल है. साथ ही मसाले जैसे कुछ सामान को भी केबिन बैगेज के बजाय चेक-इन बैगेज में रखने की जरूरत हो सकती है.