Traveler Diarrhea: सफर के दौरान रखें 'गट केयर' किट साथ.. पानी और खानपान बिगाड़ सकता है पेट, लंबा पड़ जाएंगे बीमार..

यात्रा के दौरान होने वाला दस्त, जिसे ट्रैवलर डायरिया कहा जाता है, यात्रियों में सबसे आम स्वास्थ्य समस्याओं में से एक है.

Representative Image
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 05 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 8:32 PM IST

जब भी हम किसी यात्रा की योजना बनाते हैं तो बैग में कपड़े, जूते, कैमरा और मोबाइल जैसे जरूरी सामान रखना नहीं भूलते. लेकिन अक्सर लोग एक बहुत महत्वपूर्ण चीज को नजरअंदाज कर देते हैं. कई बार यात्रा के दौरान लोग पेट की सेहत और खान-पान का ध्यान नहीं रखते हैं. यात्रा के दौरान खाने-पीने में थोड़ी सी लापरवाही भी पेट खराब होने का कारण बन सकती है. इससे दस्त या पेट संबंधी समस्याएं हो सकती हैं, जो आपकी पूरी ट्रिप का मजा खराब कर सकती हैं.

यात्रा के दौरान होने वाला दस्त, जिसे ट्रैवलर डायरिया कहा जाता है, यात्रियों में सबसे आम स्वास्थ्य समस्याओं में से एक है. यह समस्या खासकर उन जगहों पर अधिक देखने को मिलती है जहां पानी साफ नहीं होता या खाने-पीने की स्वच्छता का ध्यान नहीं रखा जाता. दूषित पानी, अस्वच्छ भोजन और बैक्टीरिया इसके प्रमुख कारण होते हैं. इसलिए अगर आप कहीं यात्रा पर जा रहे हैं तो अपने बैग में एक छोटा-सा गट केयर किट जरूर रखें, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत राहत मिल सके.

साफ पानी और ताजा भोजन
यात्रा के दौरान पेट की समस्याओं से बचने का सबसे आसान तरीका है साफ पानी पीना और ताजा खाना खाना. हमेशा बोतलबंद पानी का ही इस्तेमाल करें और कोशिश करें कि दांत साफ करने के लिए भी वही पानी उपयोग करें. बर्फ का सेवन करने से बचें, क्योंकि कई जगहों पर यह साफ पानी से नहीं बनाई जाती. भोजन के मामले में भी सावधानी रखें और हमेशा ताजा व गर्म खाना ही खाएं. लंबे समय तक बाहर रखे गए या बुफे में पड़े भोजन से बचना बेहतर होता है. यदि किसी खाने की स्वच्छता पर शक हो तो उसे छीलकर खाएं, उबालकर खाएं या फिर उसे छोड़ देना ही बेहतर है.

इन खाद्य पदार्थों से बनाएं दूरी
ट्रैवलिंग के दौरान कुछ खाद्य पदार्थ पेट की परेशानी बढ़ा सकते हैं. कच्ची सब्जियां, सलाद, बिना छीले फल, अधपका मांस या सीफूड, अंडे खाने से बचना चाहिए. सड़क किनारे मिलने वाला स्ट्रीट फूड भी कई बार पेट खराब होने की वजह बन सकता है. यदि आप बाहर का खाना खाते हैं तो यह जरूर सुनिश्चित करें कि भोजन ताजा और अच्छी तरह पका हुआ हो. जिन जगहों पर साफ-सफाई का ध्यान नहीं रखा जाता या जहां मक्खियां ज्यादा होती हैं, वहां खाने से बचना ही बेहतर है.

शरीर को हाइड्रेट रखना है जरूरी
ट्रैवलर डायरिया होने पर शरीर से पानी और जरूरी तरल पदार्थ तेजी से बाहर निकल जाते हैं, जिससे डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ जाता है. इसलिए शरीर में पानी की कमी होने से बचाना बहुत जरूरी है. यात्रा के दौरान अपने साथ ORS जरूर रखें और जरूरत पड़ने पर इसका सेवन करें. तैरते समय पानी निगलने से बचें और यदि साफ पानी उपलब्ध न हो तो उसे उबालकर या फिल्टर करके ही पिएं.

तैयार रखें गट केयर किट
अगर यात्रा के दौरान पेट खराब हो जाए तो खाना पूरी तरह बंद करने की बजाय हल्का और आसानी से पचने वाला भोजन लेना बेहतर होता है. जैसे सादा चावल, टोस्ट या क्रैकर्स, केले और उबले आलू. साथ ही तला हुआ खाना, शराब और दूध जैसे भारी पदार्थों से दूरी बनाए रखें. यात्रा पर निकलते समय एक छोटी गट केयर ट्रैवल किट जरूर तैयार रखें, जिसमें ORS के पैकेट, एंटासिड, लोपेरामाइड जैसी दवाएं और प्रोबायोटिक्स शामिल हों. खासकर अगर आप विदेश यात्रा पर जा रहे हैं तो पहले डॉक्टर से सलाह लेना भी एक समझदारी भरा कदम हो सकता है.

 

Read more!

RECOMMENDED