यूरोप में फ्री का घर, पक्की नौकरी और सुबह उठते ही पहाड़ों का खूबसूरत नजारा न ट्रैफिक, न शोर. सुनने में ये किसी फिल्मी सपने जैसा लगता है, लेकिन स्पेन का एक छोटा सा गांव इसे हकीकत में बदलने की कोशिश कर रहा है.
स्पेन का ये गांव दे रहा है फ्री घर और नौकरी
स्पेन के सोरिया क्षेत्र में बसा छोटा सा गांव एरेनिलास (Arenillas) इन दिनों चर्चा में है. यहां की आबादी महज 40 लोगों के आसपास रह गई है. लोगों के शहरों की ओर पलायन के चलते गांव लगभग खाली हो चुका है. अब इस हालात को बदलने के लिए गांव की स्थानीय परिषद ने एक अनोखा ऑफर निकाला है.
इस ऑफर के तहत एक परिवार को मिलेगा
पूरी तरह से रेनोवेटेड (नया बना) घर, वो भी बिल्कुल मुफ्त
एक पक्की नौकरी
गांव में स्थायी रूप से बसने का मौका
यह कोई छुट्टी मनाने का ऑफर नहीं है, बल्कि आपको इसे पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाना होगा. इस योजना के लिए वही परिवार चुना जाएगा जिसके बच्चे स्कूल जाने की उम्र के हों. साथ ही उन्हें गांव में फुल-टाइम रहना होगा.
इतना ही नहीं, चुने गए परिवार को गांव का बार भी चलाना होगा और साथ में बिल्डिंग मेंटेनेंस का काम भी करना होगा. गांव में कुल 7 घर रेनोवेट किए गए हैं, जिनमें से 6 घरों का किराया करीब 100 यूरो है, लेकिन इस खास घर को मुफ्त इसलिए रखा गया है क्योंकि जिम्मेदारियां ज्यादा हैं.
एक हफ्ते में 100 से ज्यादा लोगों ने किया आवेदन
2026 की शुरुआत में जैसे ही यह ऑफर सामने आया, महज एक हफ्ते में 100 से ज्यादा आवेदन आ गए. यूरोप में फ्री घर और नौकरी का कॉम्बिनेशन लोगों को तेजी से आकर्षित कर रहा है.
खूबसूरत नजारे, लेकिन आसान नहीं जिंदगी
यह गांव पहाड़ी इलाके में बसा है, जहां का मौसम सुहावना रहता है और अप्रैल में तापमान करीब 24°C तक पहुंच जाता है. लेकिन यहां की जिंदगी उतनी आसान नहीं है जितनी दिखती है. सर्दियों में कड़ाके की ठंड पड़ती है, पब्लिक ट्रांसपोर्ट बहुत सीमित है, इसलिए खुद की गाड़ी होना लगभग जरूरी है. बच्चों के लिए स्कूल 20 किलोमीटर दूर है, हालांकि फ्री बस सुविधा उपलब्ध है. हेल्थ सुविधाएं भी बेसिक हैं और बड़े इलाज के लिए पास के शहर जाना पड़ता है.
गांव क्यों दे रहे हैं ऐसे ऑफर?
दरअसल, 1950 के बाद से स्पेन के ग्रामीण इलाकों से लोग लगातार शहरों की ओर जा रहे हैं. इससे कई गांव खाली हो चुके हैं. एरेनिलास भी उन्हीं में से एक है, जहां त्योहारों के समय तो आबादी 300 तक पहुंच जाती है, लेकिन बाकी समय सन्नाटा रहता है.
तो क्या ये मौका आपके लिए सही है?
अगर आप शांत जिंदगी, मेहनत वाला काम और छोटे समुदाय में घुलने-मिलने के लिए तैयार हैं, तो यह मौका आपके लिए शानदार हो सकता है. लेकिन अगर आप यूरोप की चकाचौंध और हर सुविधा के साथ जिंदगी की उम्मीद कर रहे हैं, तो ये जगह आपके लिए नहीं है.