'पेशाब में जलन है, दवा खा लो ठीक हो जाएगा…' चीन के एक किसान ने शायद यही सोचकर अपनी तकलीफ को सालों तक नजरअंदाज किया. लेकिन जब दर्द इतना बढ़ गया कि रातों की नींद उड़ गई और घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया, तब डॉक्टरों के सामने ऐसा मामला आया जिसने सभी को चौंका दिया. जांच में पता चला कि किसान के ब्लैडर में 1.3 किलो का विशाल पत्थर बन चुका था, जिसने लगभग पूरा ब्लैडर भर लिया था.
यह मामला चीन के ग्वांगडोंग प्रांत का है. साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक 56 साल के किसान चेन पिछले करीब तीन साल से पेशाब से जुड़ी समस्याओं से जूझ रहे थे. उन्हें बार-बार पेशाब आना, दर्द और जलन जैसी परेशानी होती थी, लेकिन उन्होंने इलाज कराने की बजाय खेतों में काम जारी रखा.
दर्द बढ़ा तो घर से निकलना भी मुश्किल हो गया
रिपोर्ट के अनुसार पिछले कुछ महीनों में उनकी हालत ज्यादा खराब हो गई. दिनभर बेचैनी रहती थी और रात में ठीक से नींद भी नहीं आती थी. लगातार दर्द के कारण उन्होंने घर से दूर जाना भी कम कर दिया था. शुरुआत में चेन मेडिकल स्टोर से दवाइयां लेकर खुद ही इलाज करने की कोशिश करते रहे. लेकिन जब दर्द असहनीय हो गया तो वे Guangdong Medical University से जुड़े Xuwen Hospital पहुंचे.
जांच में सामने आया चौंकाने वाला सच
डॉक्टरों ने स्कैन किया तो पता चला कि उनके ब्लैडर में करीब 10x13 सेंटीमीटर का विशाल स्टोन मौजूद है. यह इतना बड़ा हो चुका था कि उसने लगभग पूरा ब्लैडर घेर लिया था. डॉक्टरों ने इसे पश्चिमी ग्वांगडोंग में मिले सबसे बड़े ब्लैडर स्टोन में से एक बताया. स्थिति सिर्फ ब्लैडर तक सीमित नहीं थी. इस स्टोन की वजह से दोनों किडनियों में सूजन आ गई थी. मेडिकल भाषा में इसे bilateral hydronephrosis कहा जाता है. इसके साथ ही उन्हें गंभीर यूरिनरी ट्रैक्ट इन्फेक्शन भी हो गया था.
इलाज में देर होती तो जा सकती थी जान
डॉक्टरों का कहना है कि लंबे समय तक स्टोन का दबाव रहने से ब्लैडर की दीवारें कमजोर हो चुकी थीं और किडनी की कार्यक्षमता भी प्रभावित होने लगी थी. अगर समय पर ऑपरेशन नहीं होता तो यह स्थिति किडनी फेलियर और यूरेमिया जैसी जानलेवा बीमारी में बदल सकती थी.
ऑपरेशन कर निकाला गया विशाल स्टोन
डॉक्टरों की टीम ने सफल सर्जरी कर स्टोन को बाहर निकाला. रिपोर्ट के मुताबिक इसका वजन करीब 1.3 किलो था और आकार दो वयस्क मुट्ठियों जितना बड़ा था. फिलहाल किसान की हालत पहले से बेहतर बताई जा रही है. हालांकि डॉक्टरों ने स्टोन बनने की सटीक वजह नहीं बताई, लेकिन यूरोलॉजिस्ट्स का कहना है कि लंबे समय तक ब्लैडर में पेशाब रुकने, कम पानी पीने, प्रोस्टेट की समस्या और लंबे समय तक बैठे रहने जैसी वजहों से ब्लैडर स्टोन बन सकते हैं.