China: बढ़े हुए बिजली बिल से हुआ बड़ा खुलासा, घर में थे 300 से ज्यादा सांप.. युवक को हुई जेल

चीन में एक व्यक्ति को अपने फ्लैट में अवैध रूप से 300 से अधिक अजगर पालने और उनकी ब्रीड़िग करने के आरोप में जेल की सजा सुनाई गई. मामला तब सामने आया जब अधिकारियों को उसके फ्लैट में अअधिक बिजली खपत का पता चला.

AI Generated Image
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 24 जून 2026,
  • अपडेटेड 9:48 PM IST

चीन में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने लोगों को हैरान कर दिया. यहां एक व्यक्ति अपने घर में 300 से ज्यादा अजगर पाल रहा था. इस मामले का खुलासा तब हुआ जब साल 2024 में एक बुजुर्ग व्यक्ति ने पहाड़ी इलाके के पास एक विशाल अजगर देखा. उसने तुरंत इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को दी. अधिकारियों को यह बात अजीब लगी क्योंकि जिस इलाके में अजगर दिखाई दिया था, वहां इस प्रजाति के सांप नहीं पाए जाते हैं. ऐसे में उन्हें शक हुआ कि यह किसी के घर से भागकर आया होगा.

बिजली खपत और चूहों के पार्सल

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के उन घरों पर नजर रखनी शुरू की जहां सामान्य से ज्यादा बिजली की खपत हो रही थी. इसी दौरान उनका ध्यान गुओ नाम के एक व्यक्ति पर गया, जो अकेले रहता था. अधिकारियों को यह भी पता चला कि उसके घर पर अक्सर छोटे सफेद चूहों के पार्सल पहुंचते थे. आमतौर पर ऐसे चूहों का इस्तेमाल सांपों के भोजन के रूप में किया जाता है. इस जानकारी के बाद पुलिस का शक और गहरा हो गया.

घर के हर कमरे में थे अजगर

जब पुलिस ने गुओ के घर पर छापा मारा तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए. घर के कई कमरों में प्लास्टिक के बड़े-बड़े डिब्बे रखे हुए थे. लगभग हर डिब्बे में एक अजगर मौजूद था. गुओ ने अपने रहने के लिए सिर्फ एक कमरा रखा था, जबकि बाकी पूरा घर सांपों के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था. पुलिस ने उसके घर से कुल 309 अजगर बरामद किए, जिन्हें बाद में स्थानीय चिड़ियाघर भेज दिया गया.

रंग-बिरंगे अजगर तैयार करने का शौक

पूछताछ में गुओ ने बताया कि उसे बचपन से ही सांपों में दिलचस्पी थी. वह अलग-अलग रंगों और पैटर्न वाले अजगर तैयार करने के लिए उनकी ब्रीडिंग कर रहा था. उसका कहना था कि उसे ऐसा महसूस होता था जैसे वह नई प्रजातियों का निर्माण कर रहा हो. जांच में यह भी सामने आया कि वह अब तक करीब 80 सांप बेच चुका था.

दो और लोगों की भूमिका आई सामने

मामले की जांच आगे बढ़ी तो दो अन्य लोग भी मामले में सामने आए. इनमें से एक व्यक्ति सांपों की बिक्री में मदद करता था, जबकि एक दुकान मालिक ने गुओ को शुरुआती अजगर उपलब्ध कराए थे. पुलिस ने इन दोनों के ठिकानों से भी कई अजगर बरामद किए.

अदालत ने सुनाई जेल की सजा

पूरे मामले में कुल 436 अजगर बरामद हुए, जिनकी कीमत करोड़ों युआन बताई जा रही है. अदालत ने गुओ समेत तीनों आरोपियों को दोषी करार देते हुए जेल की सजा सुनाई है. हालांकि अधिकारियों ने अभी तक यह नहीं बताया है कि उन्हें कितने साल की सजा दी गई है. 

 

Read more!

RECOMMENDED