जरा सोचिए, किसी की डिजाइनर पैंट धोने, कपड़े संभालने और बेंटले चलाने के लिए आपको सालाना 90 लाख रुपए मिलें? सुनने में मजाक जैसा लगता है, लेकिन ब्रिटेन में ऐसी ही एक नौकरी निकली है. UK की पुरानी मैगजीन 'द लेडी' में छपे इस विज्ञापन में बिजनेसमैन ने पर्सनल असिस्टेंट की तलाश बताई है. नौकरी में कपड़े धोने से लेकर बेंटले चलाने तक कई काम शामिल हैं. इसके बदले सालाना 70 हजार पाउंड यानी 90 लाख रुपए से ज्यादा की सैलरी ऑफर की गई है.
कपड़े धोने से लेकर बेंटले चलाने तक का काम
विज्ञापन के मुताबिक, चुने गए व्यक्ति को बिजनेसमैन के डिजाइनर कपड़े धोने और उनकी देखभाल करने के साथ उन्हें पैक और अनपैक भी करना होगा. इसके अलावा बेंटले कार चलानी होगी. घर के छोटे-मोटे काम देखने होंगे. पार्टियों में सर्विस देनी होगी. हल्के स्नैक्स और सिंपल खाना भी तैयार करना होगा. ये सारे काम अकेले नहीं करने होंगे. एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर जिम्मेदारियां संभालनी होंगी. यानी नौकरी सिर्फ पर्सनल असिस्टेंट की नहीं, बल्कि ड्राइवर, हाउसकीपर और वार्डरोब मैनेजर की भी है.
मालिक साल में सिर्फ 90 दिन लंदन में रहता है
विज्ञापन में बताया गया है कि यह शख्स लंदन के पॉश इलाके मेफेयर में रहता है, लेकिन साल में सिर्फ करीब 90 दिन ही लंदन में होता है. बाकी समय दुनिया भर की यात्राओं पर रहता है. इसलिए उम्मीदवार को उसके साथ ट्रैवल करने के लिए भी तैयार रहना होगा. विज्ञापन में मालिक का नाम नहीं बताया गया है. नौकरी के लिए उम्मीदवार का 'फिट एंड ऑन द बॉल' यानी चुस्त-दुरुस्त और हर समय सतर्क रहना जरूरी है. सबसे अहम शर्त गोपनीयता की है. बिजनेसमैन लगातार यात्रा करता है, इसलिए उसके साथ काम करने वाले व्यक्ति को निजी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखनी होगी. यह विज्ञापन रिक्रूटमेंट एजेंसी ब्यूचैम्प पार्टनर्स के जरिए दिया गया है.
सोशल मीडिया पर लोग बोले- कपड़े धोकर 90 लाख
विज्ञापन सामने आते ही सोशल मीडिया पर मजेदार प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई. किसी ने लिखा, 'कपड़े धोकर 90 लाख कमाने हैं तो यूके चलो.' कुछ लोगों ने इसे 'पर्सनल धोबी की करोड़ों वाली नौकरी' बताया. कई यूजर्स ने मजाक में कहा कि नौकरी में बेंटले भी चलानी है और मालिक की पैंट भी धोनी है.
ये भी पढ़ें