scorecardresearch

Guru Gochar 2026: बृहस्पति का महापरिवर्तन! देवगुरु 25 जनवरी 2027 तक रहेंगे सिंह राशि में, जानें किस राशि पर कैसा पड़ेगा प्रभाव?

देवगुरु बृहस्पति कर्क राशि से निकलकर सिंह राशि में चले गए हैं. यह गोचर सभी राशियों के लिए मिले-जुले परिणाम लेकर आने वाला है. यहां आप जान सकते हैं बृहस्पति का यह महापरिवर्तन किस राशि पर कैसा पड़ेगा डालेगा? 

Advertisement
Guru Gochar 2026 Guru Gochar 2026

देवगुरु बृहस्पति अभी तक कर्क राशि में विद्यमान थे. अब बृहस्पति देव 31 अक्टूबर 2026 को सिंह राशि में प्रवेश कर चुके हैं. यह बृहस्पति की विशेष स्थिति मानी जाती है. सिंह राशि में बृहस्पति देव 25 जनवरी 2027 तक रहेंगे. इस परिवर्तन का प्रभाव प्राकृतिक स्थिति और बाजार पर ज्यादा पड़ेगा. 

बृहस्पति का राशि परिवर्तन देश-दुनिया पर कैसा असर डालेगा?
पंडित शैलेंद्र पाडेंय ने बताया कि बृहस्पति की चाल 31 अक्टूबर से बदल गई है. बृहस्पति अभी भी अतिचारी स्थिति में ही हैं. दुनिया भर में अशांति और उपद्रव की स्थिति बनेगी. जलवायु और मौसम में बड़े परिवर्तन होंगे. दुनिया भर की अर्थव्यवस्था में बड़े बदलाव होंगे. बाजार में बड़े उतार चढ़ाव हो सकते हैं. महंगाई काफी ज्यादा बढ़ सकती है. धार्मिक मामले तेजी पकड़ेंगे, और इनको लेकर विवाद भी होगा. 

बृहस्पति किस राशि पर कैसा असर डालेंगे? 
मेष राशि: स्वास्थ्य और करियर में सुधार होता जाएगा. यह समय विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं और शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए अनुकूल रह सकता है. शिक्षक, प्रोफेसर, गाइड और लाइफ कोच जैसे पेशेवरों को भी लाभ के अवसर मिल सकते हैं.

वृष राशि: स्वास्थ्य का ध्यान रखें, करियर में बदलाव हो सकता है.  घर-परिवार में प्रेम बढ़ाने और संपत्ति से जुड़े लंबित काम पूरे करने के लिए यह समय अनुकूल हो सकता है. मकान खरीदने, घर में निर्माण कराने या वाहन खरीदने की योजना बना रहे लोगों को प्रयास करने की सलाह दी गई है. निवेश और धन कमाने के मामलों में भी अवसर मिलने की संभावना बताई गई है. हालांकि, नौकरी और कारोबार में बेहतर नतीजों के लिए एकाग्रता के साथ काम करना जरूरी होगा.

मिथुन राशि: विवाह के योग बन सकते हैं, यात्रा में सावधानी रखें. मार्केटिंग और मीडिया से जुड़े लोगों के लिए समय अनुकूल रह सकता है. कार्यक्षेत्र में पहचान बढ़ने और आय के नए रास्ते खुलने की संभावना भी बताई गई है. जो लोग नौकरी बदलना चाहते हैं या कारोबार का विस्तार करने की योजना बना रहे हैं, वे अपनी कोशिशें आगे बढ़ा सकते हैं.
 
कर्क राशि: आर्थिक स्थिरता रहेगी, करियर में थोड़ा सुधार होगा. ज्योतिषाचार्य के मुताबिक, धन से जुड़ी परेशानियों को दूर करने और बचत बढ़ाने के लिए यह समय अवसर दे सकता है. शिक्षक, प्रोफेसर, कथावाचक और मार्केटिंग जैसे बोलने से जुड़े पेशों में काम करने वालों को लाभ मिल सकता है. मान-सम्मान बढ़ने की संभावना भी जताई गई है.

सिंह राशि: विवाह और संतान के योग बनेंगे, स्वास्थ्य का ध्यान रखें.  सिंह राशि वालों को करियर, कारोबार और शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर मिल सकते हैं. सामाजिक कार्यों से जुड़े लोगों को भी सफलता मिलने की संभावना बताई गई है. 

कन्या राशि: व्यर्थ की समस्याएं और करियर में तनाव हो सकता है. इस दौरान गैरजरूरी खर्च बढ़ने की आशंका को ध्यान में रखते हुए बजट बनाकर चलने की सलाह दी गई है. धार्मिक गतिविधियों और तीर्थ यात्रा में रुचि बढ़ सकती है. विदेश जाने, वहां नौकरी तलाशने या विदेश से जुड़े कारोबार की योजना बना रहे लोगों को प्रयास तेज करने के लिए कहा गया है.

तुला राशि: धन लाभ, करियर में सफलता, विवाह और संतान के योग बनेंगे. नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को अवसर मिल सकते हैं. कारोबार शुरू करने में आ रही बाधाएं दूर होने और वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क बढ़ने की संभावना भी बताई गई है. जो लोग अपनी आय के अतिरिक्त स्रोत बनाना चाहते हैं, वे इस दिशा में योजना बना सकते हैं.

वृश्चिक राशि: करियर में बड़ा परिवर्तन होगा. स्वास्थ्य का ध्यान रखें.  नौकरी में प्रमोशन की प्रतीक्षा कर रहे लोगों को अवसर मिल सकते हैं. कारोबार करने वालों को अपनी स्थिति मजबूत करने और विद्यार्थियों को पढ़ाई में आगे बढ़ने के मौके मिल सकते हैं. 

धनु राशि: करियर में बड़ा बदलाव होगा. रुके हुए काम पूरे होंगे. ज्योतिषीय मान्यता के अनुसार, यह गोचर उच्च शिक्षा, करियर और धार्मिक गतिविधियों के लिए अनुकूल रह सकता है. एमफिल, पीएचडी या अन्य उच्च शिक्षा की तैयारी कर रहे लोगों को सफलता के अवसर मिल सकते हैं. नौकरी और कारोबार में आगे बढ़ने के लिए मेहनत जारी रखने की सलाह दी गई है.

मकर राशि: स्वास्थ्य और पारिवारिक जीवन का ध्यान रखना होगा.  रिसर्च, ज्योतिष या किसी विशेष प्रशिक्षण से जुड़े लोगों के लिए यह समय उपयोगी हो सकता है. विदेश जाने, वहां नौकरी करने या आयात-निर्यात का कारोबार शुरू करने की योजना बना रहे लोगों को भी प्रयास जारी रखने की सलाह दी गई है.

कुंभ राशि: स्वास्थ्य और करियर में सफलता के योग हैं. कुंभ राशि से सातवें भाव में बृहस्पति का गोचर होगा. इस दौरान आत्मविश्वास और सुख-सुविधाओं में बढ़ोतरी की संभावना बताई गई है. अविवाहित लोगों के विवाह की बातचीत आगे बढ़ सकती है. वैवाहिक जीवन में पहले से चल रही परेशानियों को दूर करने की कोशिश भी सफल हो सकती है. 

मीन राशि: स्वस्थ्य का ध्यान रखें, निर्णयों में सावधानी रखें.  नौकरी और कारोबार में मेहनत करने वालों को लाभ मिल सकता है. अपनी समस्याओं को सुलझाने के लिए विनम्र व्यवहार अपनाना और काम में सक्रिय रहना जरूरी होगा. धार्मिक गतिविधियों और तीर्थ यात्रा में रुचि बढ़ सकती है. 

बृहस्पति का यह राशि परिवर्तन अनुकूल नहीं है तो क्या उपाय करें? 
नित्य प्रातः हल्दी मिला जल सूर्य देव को अर्पित करें. प्रातः और सायं बृहस्पति मंत्र का जप करें. नियमित रूप से किसी धर्मस्थान में प्रार्थना करें. सात्विकता और पवित्रता बनाए रखें.