8th Pay Commission Update
8th Pay Commission Update
8th Pay Commission: 7वें वेतन आयोग का समापन 31 दिसंबर 2025 को हो चुका है लेकिन केंद्र सरकार ने अभी तक 8वें वेतन आयोग के गठन को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा अभी तक नहीं की है. आठवें वेतन आयोग को लागू होने का केंद्रीय कर्मचारी और पेंशनधारी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. क्या आप जानते हैं कि 8वें वेतन आयोग का लाभ हर कर्मचारी को नहीं मिलता है? आज हम आपको बता रहे हैं कि किन कर्मचारियों और पेंशनर्स को 8वां वेतन आयोग लागू होने पर भी कोई लाभ नहीं मिलेगा. आपको मालूम हो कि केंद्र सरकार ने 7वां वेतन आयोग 1 जनवरी 2016 से लागू किया था लेकिन सरकार ने इसे जून 2016 में मंजूरी दी थी. ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि 8वां वेतन आयोग को सरकार जब भी मंजूरी दे लेकिन इसे 1 जनवरी 2026 से ही लागू माना जाएगा.
8वें वेतन आयोग का किन कर्मचारियों और पेंशनधारियों को नहीं मिलेगा फायदा
1. वेतन आयोग की सिफारिशें सिर्फ केंद्र सरकार के सरकारी कर्मचारियों के लिए होती हैं. प्राइवेट सेक्टर में काम करने वाले कर्मचारियों का इससे कोई लेना-देना नहीं है. ऐसे में निजी क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों को 8वें वेतन आयोग को लागू होने के बाद कोई फायदा नहीं मिलेगी.
2. केंद्र सरकार के विभागों में संविदा यानी कॉन्ट्रैक्ट पर काम करने वाले कर्मचारी और अस्थायी कर्मचारी केंद्रीय सिविल सेवा नियमों के दायरे में नहीं आते हैं. ऐसे में इन्हें भी 8वें वेतन आयोग के तहत बढ़ी सैलरी का लाभ नहीं मिलेगा.
3. राज्य सरकार के कर्मचारियों को भी 8वें वेतन आयोग का कोई लाभ नहीं मिलेगा. इन कर्मचारियों को तभी लाभ मिलेगा जब राज्य सरकारें 8वें वेतन आयोग की सिफारिशों को पूरी या आंशिक रूप से अपनाने का फैसला करें.
4. सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम (PSU) के कर्मचारियों को भी 8वें वेतन आयोग का कोई लाभ नहीं मिलेगा क्योंकि पीएसयू सेक्टर का अपना अलग सैलरी स्ट्रक्चर होता है. ऐसे कर्मचारियों को तभी लाभ मिल सकता है जब संबंधित संगठन केंद्रीय वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करे.
5. 8वें वेतन आयोग का लाभ स्वायत्त संस्थानों के कर्मचारी भी तभी ले पाएंगे, जब वे केंद्र सरकार के वेतन नियमों का पालन करते हों.
6. पेंशनधारियों की जहां तक बात है तो आम तौर पर केंद्रीय पेंशनर्स को वेतन आयोग संशोधन का लाभ मिलता है लेकिन अंतिम पात्रता इस बात पर निर्भर करेगी कि सरकार अधिसूचना में क्या नियम तय करती है.
8वें वेतन आयोग का लाखों कर्मचारी कर रहे इंतजार
8वें वेतन आयोग को लागू होने का इंतजार देश के करीब 50 लाख केंद्रीय कर्मचारी और 69 लाख से अधिक पेंशनधारी कर रहे हैं. यदि मोदी सरकार 8वें वेतन आयोग को हरी झंडी देती है तो फिटमेंट फैक्टर में इजाफे के साथ न्यूनतम वेतन में बड़ी बढ़ोतरी होगी. केंद्र सरकार की ओर से अभी 8वें वेतन आयोग के गठन को लेकर कोई नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया है. फिलहाल 8वें वेतन आयोग को लेकर जो भी चर्चाएं हैं, वो एक्सपर्ट के अनुमान और सोर्स पर आधारित हैं. केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों और पेंशनर्स को सलाह दी है कि वे आठवें वेतन आयोग को लेकर सिर्फ सरकारी घोषणाओं पर ही भरोसा करें और अफवाहों से बचें. सरकार ने साफ कहा है कि अभी 7वें वेतन आयोग के नियमानुसार भत्ते और वेतन दिए जा रहे हैं.