scorecardresearch

Flipkart Announcement: फ्लिपकार्ट पर सेलर्स की बल्ले-बल्ले.. अब फैशन कैटेगरी के सभी प्रोडक्ट पर जीरो कमीशन, जानें किन्हें होगा कितना फायदा

आम तौर पर ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म सेलर से कमीशन लेते हैं. फिर चाहे वे टेक्नोलॉजी, लाइफस्टाइल या क्लोदिंग कैटेगेरी हो. लेकिन फ्लिपकार्ट ने बड़ा कदम उठाते हुए फैशन कैटेगरी पर सेलर्स के लिए जीरो कमीशन लागू कर दिया है.

Flipkart Announcement Flipkart Announcement

ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म फ्लिपकार्ट ने अपने फैशन कैटेगरी के सेलर्स के लिए बड़ा फैसला लिया है. अब प्लेटफॉर्म पर बिकने वाले सभी फैशन प्रोडक्ट्स पर जीरो कमीशन लागू होगा. पहले यह सुविधा केवल 1,000 रुपए तक की कीमत वाले फैशन प्रोडक्ट्स पर मिलती थी, लेकिन अब इस कीमत की सीमा पूरी तरह हटा दी गई है. यानी चाहे कोई सस्ता टी-शर्ट बेचे या महंगा डिजाइनर लहंगा, फ्लिपकार्ट उस पर कोई कमीशन नहीं लेगा. इस फैसले से करीब 90,000 सेलर्स को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है.

सेलर्स की कमाई बढ़ाने की कोशिश

किसी भी ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर सामान बेचने पर सेलर्स को कई तरह की फीस देनी पड़ती है. कमीशन भी उनमें से एक होती है. अब फैशन प्रोडक्ट्स पर कमीशन खत्म होने से सेलर्स के पास ज्यादा मुनाफा बचेगा. इससे छोटे कारोबारियों, एमएसएमई, छोटे ब्रांड और सीधे ग्राहकों को बेचने वाले डी2सी ब्रांडों को अपनी कमाई बढ़ाने का मौका मिलेगा. बची हुई राशि का इस्तेमाल वे नए प्रोडक्ट लाने, कारोबार बढ़ाने और अपने ब्रांड को मजबूत बनाने में कर सकेंगे.

ग्राहकों को भी मिल सकता है फायदा

एक्सपर्ट्स का मानना है कि जब सेलर्स का खर्च कम होगा, तो बाजार में ज्यादा प्रोडक्ट मिलेंगे. इसका असर ग्राहकों पर भी पड़ सकता है. कंपनियां बेहतर कीमतों पर सामान बेचने की कोशिश करेंगी और फैशन कैटेगरी में ऑप्शन पहले से ज्यादा मिल सकते हैं. साथ ही नए ब्रांड और डिजाइन भी तेजी से प्लेटफॉर्म पर देखने को मिल सकते हैं.

फ्लिपकार्ट की नई रणनीति क्या है?

फ्लिपकार्ट का कहना है कि यह कदम सेलर्स को आगे बढ़ाने और भारत के फैशन ई-कॉमर्स बाजार को मजबूत बनाने के मकसद से उठाया गया है. कंपनी सेलर्स को एआई बेस्ड डिमांड इनसाइट्स, ट्रेंड डेटा और कैटलॉग मैनेजमेंट जैसे डिजिटल टूल भी मौजूद करा रही है, जिससे वे ग्राहकों की पसंद को बेहतर तरीके से समझ सकें.