AI Generated Image
AI Generated Image
धनतेरस और दिवाली का त्योहार आते ही सोने की खरीदारी बढ़ जाती है. भारत में इस मौके पर सोना खरीदना शुभ माना जाता है. यही वजह है कि लोग अपनी पसंद और बजट के अनुसार सोने के गहने, सिक्के और बिस्किट खरीदते हैं. कुछ लोग सोना पहनने के लिए खरीदते हैं, तो कुछ भविष्य के लिए इसमें पैसा लगाना पसंद करते हैं.
लेकिन क्या आप जानते हैं कि सोने में निवेश करने के लिए आपको गहने खरीदने की जरूरत नहीं है? आज के समय में ऐसे कई ऑप्शन मौजूद हैं, जिनके जरिए आप बिना सोना घर लाए भी इसमें निवेश कर सकते हैं. चलिए बताते हैं ऐसे ऑप्शन के बारे में.
फिजिकल गोल्ड
सोने में निवेश का सबसे पुराना तरीका फिजिकल गोल्ड यानी असली सोना खरीदना है. इसमें आप सोने के गहने, सिक्के या बिस्किट खरीद सकते हैं. अगर आप सोना पहनने के साथ भविष्य के लिए भी रखना चाहते हैं, तो गहने अच्छा ऑप्शन हो सकते हैं.
गहने खरीदते समय मेकिंग चार्ज और जीएसटी भी देना पड़ता है. जब आप इन्हें बेचते हैं, तो इन खर्चों का पूरा पैसा वापस नहीं मिलता. इसलिए केवल निवेश के लिए सोना खरीद रहे हैं, तो सिक्के या बार के बारे में सोच सकते हैं.
गोल्ड ETF और गोल्ड म्यूचुअल फंड
गोल्ड ETF (Exchange-Traded Fund) के जरिए आप शेयर बाजार की मदद से सोने में पैसा लगा सकते हैं. इसके लिए आपके पास डीमैट अकाउंट होना जरूरी है. गोल्ड ETF की कीमत सोने के बाजार भाव के अनुसार बदलती है. आप शेयर बाजार में ट्रेडिंग के समय इन्हें खरीद और बेच सकते हैं. वहीं, गोल्ड म्यूचुअल फंड के जरिए भी सोने में निवेश किया जा सकता है.
डिजिटल गोल्ड
अगर आपके पास ज्यादा पैसा नहीं है, तो डिजिटल गोल्ड एक ऑप्शन हो सकता है. इसमें आप छोटी रकम से भी सोना खरीद सकते हैं. पेटीएम, फोनपे और गूगल पे जैसे ऐप के जरिए डिजिटल गोल्ड खरीदा जा सकता है. इसमें खरीदा गया सोना आपके नाम पर डिजिटल रूप में रखा जाता है.
सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (SGB)
सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड सरकार की ओर से जारी किए जाने वाले बॉन्ड हैं. इनकी कीमत सोने के भाव से जुड़ी होती है. इसमें आपको असली सोना रखने की जरूरत नहीं पड़ती. आरबीआई ने नए SGB जारी करना बंद कर दिया है. ऐसे में निवेशक इन्हें शेयर बाजार के जरिए दूसरे निवेशकों से खरीद सकते हैं.
इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसिप्ट (EGR)
EGR यानी इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसिप्ट भी सोने में निवेश का एक तरीका है. इसे शेयर बाजार में खरीदा और बेचा जा सकता है. इसमें सोना डिजिटल रूप में रखा जाता है. जरूरत पड़ने पर तय नियमों के अनुसार इसे असली सोने में भी बदला जा सकता है.