scorecardresearch

Credit Card Rules: हो गई है पति की मौत... क्रेडिट कार्ड का बिल है बकाया, तो क्या पत्नी से होगी पैसों की वसूली? जानें क्या कहता है नियम

अगर किसी के पति की मौत हो जाती है, और क्रेडिट कार्ड का बिल बकाया है, तो क्या पत्नी की जिम्मेदारी होगी बिल भरने की? या फिर किन लोगों से बैंक कर सकता है पैसों की वसूली?

Advertisement
Credit Card Rule Credit Card Rule

क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल मौजूदा समय में काफी लोग करते हैं. इससे खरीदारी करने से लेकर बिल भरने तक के काम आसानी से हो जाते हैं. लेकिन क्या हो अगर क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने वाले व्यक्ति की अचानक मौत हो जाए, और उसके कार्ड का बिल बाकी रह जाए, तो आखिर इस बिल को भरेगा कौन? सवाल यह भी है कि क्या पति की मौत के बाद पत्नी से क्रेडिट कार्ड के बिल की वसूली की जा सकती है? चलिए बताते हैं इस सवाल को लेकर नियम क्या कहते हैं.

पति की मौत के बाद पत्नी भरेगी बिल?

कानूनन केवल पत्नी होने के कारण पत्नी क्रेडिट कार्ड का बकाया बिल भरने के लिए बाध्य नहीं हो जाती है. क्रेडिट कार्ड एक तरह का बिना गारंटी वाला कर्ज होता है. इसमें आमतौर पर बैंक के पास कोई संपत्ति गिरवी नहीं रखी जाती.

अगर पति की मौत हो जाती है, तो बैंक उसके बकाया बिल की वसूली के लिए उसकी छोड़ी गई संपत्ति से भुगतान मांग सकता है. पत्नी की जिम्मेदारी इस बात पर डिपेंड करेगी कि उसने कर्ज के लिए कोई कानूनी जिम्मेदारी ली थी या नहीं.

कब पत्नी को भरना पड़ सकता है पैसा?

कुछ मामलों में पत्नी को क्रेडिट कार्ड का बिल भरना पड़ सकता है. अगर उसने किसी समझौते के तहत गारंटर के रूप में जिम्मेदारी ली है, तो बैंक उससे भुगतान मांग सकता है. लेकिन केवल एड-ऑन क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने से वह मेन कार्ड होल्डर के पूरे कर्ज की जिम्मेदार नहीं बन जाती. इसके लिए बैंक की शर्तों और कानूनी स्थिति को समझना जरूरी है.

इसके अलावा, अगर पत्नी को पति की मौत के बाद उनकी संपत्ति विरासत में मिलती है, तो उस संपत्ति से बकाया कर्ज चुकाया जा सकता है. इसमें बैंक बैलेंस, एफडी, निवेश और दूसरी संपत्तियां शामिल हो सकती हैं.

क्या बैंक पत्नी की सैलरी से पैसा वसूल सकता है?

अगर पत्नी ने कर्ज की जिम्मेदारी नहीं ली है, तो केवल शादी के आधार पर बैंक उसकी निजी सैलरी या बचत से पति का बिल वसूल नहीं कर सकता. लेकिन ज्वाइंट संपत्ति और विरासत से जुड़े मामलों में स्थिति अलग हो सकती है.