जेवर एयरपोर्ट के पास बदलेगी तस्वीर
जेवर एयरपोर्ट के पास बदलेगी तस्वीर
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास का इलाका आने वाले समय में बड़े औद्योगिक और संस्थागत केंद्र के रूप में विकसित होने जा रहा है. यमुना एक्सप्रेसवे अथॉरिटी (YEIDA) ने इस क्षेत्र में मेडिकल, शिक्षा, खेल, परिवहन और उद्योग से जुड़े कई बड़े प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी है. इन योजनाओं का मकसद इलाके में आधुनिक सुविधाएं बढ़ाने के साथ निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा करना है.
500 एकड़ में बनेगा मेडिकल हब
YEIDA के प्लान के तहत सेक्टर 13 और 14 में करीब 500 एकड़ जमीन पर मेडिकल हब विकसित किया जाएगा. इसके अलावा सेक्टर 14 में 480 एकड़ में यूनिवर्सिटी टाउनशिप बनाई जाएगी. इससे जेवर एयरपोर्ट के आसपास बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ उच्च शिक्षा के लिए भी आधुनिक व्यवस्था तैयार होगी.
50 एकड़ में बनेगा इंटरनेशनल स्टेडियम
गेम लवर्स के लिए भी इस क्षेत्र में बड़ी सुविधा विकसित की जाएगी. सेक्टर 23D में 50 एकड़ जमीन पर इंटरनेशनल स्टेडियम बनाने की योजना को मंजूरी दी गई है. इसके बनने से बड़े खेल आयोजनों के लिए क्षेत्र को नई पहचान मिलने की उम्मीद है.
किसानों के लिए हाईटेक मंडी
किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सेक्टर 34 में 36 एकड़ जमीन पर आधुनिक मंडी बनाई जाएगी. यहां किसान अपनी फसलों को आसानी से बेच और स्टोर कर सकेंगे. इससे उन्हें बेहतर बाजार और अपनी उपज का उचित दाम पाने में मदद मिलेगी.
ताइवान सिटी और फार्मा क्लस्टर को मंजूरी
विदेशी निवेश और रोजगार बढ़ाने के लिए सेक्टर 6 में 300 एकड़ में ताइवान सिटी विकसित की जाएगी. इसी सेक्टर में 100 से 125 एकड़ जमीन पर फार्मास्युटिकल फॉर्म्युलेशन मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर भी बनाया जाएगा. इससे इलेक्ट्रॉनिक्स, टेक्नोलॉजी और फार्मा सेक्टर में नई कंपनियों के आने का रास्ता खुलेगा.
जमीन खरीद की दरों में भी बढ़ोतरी
YEIDA बोर्ड ने गौतम बुद्ध नगर और बुलंदशहर में किसानों से आपसी सहमति से जमीन खरीद की दर में 6 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है. अब यह दर 4,300 रुपये से बढ़कर 4,558 रुपये प्रति वर्ग मीटर हो गई है. वहीं, वैकल्पिक रूप से 4,037 रुपये प्रति वर्ग मीटर की दर पर 7 प्रतिशत आबादी प्लॉट का प्रावधान भी तय किया गया है. इन परियोजनाओं के पूरा होने से जेवर एयरपोर्ट क्षेत्र में विकास और रोजगार को बड़ी गति मिलने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें: