Asia's Richest Mukesh Ambani
Asia's Richest Mukesh Ambani
एशिया के सबसे अमीर इंसान का ताज एक बार फिर मुकेश अंबानी के सिर सज गया है. खास बात यह है कि अंबानी ने यह मुकाम हासिल करने के लिए महीनों नहीं, बल्कि सिर्फ एक दिन का समय लिया. सोमवार को रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में ऐसी तूफानी तेजी आई कि मुकेश अंबानी की दौलत में एक ही दिन में करीब 9 अरब डॉलर का इजाफा हो गया. इस बढ़ोतरी के साथ उन्होंने चीन के अरबपति झांग यिमिंग को पीछे छोड़ दिया और एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए.
रिलायंस के शेयरों ने लगाई लंबी छलांग
मुकेश अंबानी की संपत्ति में इस अचानक उछाल की सबसे बड़ी वजह रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में आई तेजी रही. सोमवार को बाजार खुलते ही रिलायंस का शेयर तेजी के साथ कारोबार करता नजर आया. शुक्रवार को 1,164.90 रुपये पर बंद हुआ यह शेयर सोमवार को 1,228 रुपये पर खुला. इसके बाद शेयर में तेजी का सिलसिला जारी रहा और कारोबार खत्म होने तक यह 11.60 फीसदी की बढ़त के साथ 1,300 रुपये पर बंद हुआ. रिलायंस के शेयर में आई इस तेजी ने निवेशकों को भी खुश कर दिया.
17.57 लाख करोड़ रुपये पहुंचा मार्केट कैप
शेयरों में जबरदस्त उछाल का असर रिलायंस इंडस्ट्रीज की कुल बाजार कीमत पर भी पड़ा. कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 17.57 लाख करोड़ रुपये हो गया. तेल, गैस, रिटेल, टेलीकॉम और ग्रीन एनर्जी जैसे क्षेत्रों में कारोबार करने वाली रिलायंस देश की सबसे बड़ी कंपनी बनी हुई है.
एक दिन में 9 अरब डॉलर बढ़ी अंबानी की दौलत
फोर्ब्स की रियल टाइम बिलियनेयर्स लिस्ट के मुताबिक, सोमवार को मुकेश अंबानी की नेटवर्थ में करीब 9 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई. इसके बाद उनकी कुल संपत्ति लगभग 89 अरब डॉलर हो गई. उनकी संपत्ति में एक दिन में करीब 10.5 फीसदी का इजाफा दर्ज किया गया.
चीनी अरबपति झांग यिमिंग को छोड़ा पीछे
नेटवर्थ में इस बढ़ोतरी के साथ मुकेश अंबानी दुनिया के अमीर लोगों की सूची में 23वें स्थान पर पहुंच गए. उन्होंने बाइटडांस के सह-संस्थापक झांग यिमिंग को पीछे छोड़ दिया. झांग यिमिंग की कुल संपत्ति करीब 84 अरब डॉलर बताई गई है और वह इस सूची में 25वें स्थान पर हैं.
रिलायंस के बाद जियो भी बड़ी कंपनी
रिलायंस इंडस्ट्रीज की स्थापना मुकेश अंबानी के पिता धीरूभाई अंबानी ने 1957 में की थी. आज कंपनी तेल, पेट्रोकेमिकल्स, टेलीकॉम, रिटेल और मीडिया समेत कई क्षेत्रों में कारोबार कर रही है. वहीं, जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयर बाजार में लिस्ट होने के बाद यह देश की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी बन गई है.
ये भी पढ़ें: