scorecardresearch

Oracle ने हजारों कर्मचारियों को नौकरी से निकाला, सुबह सिस्टम एक्सेस बंद, कुछ घंटे बाद मेल- 'आज आपका आखिरी दिन'

कंपनी ने अभी यह नहीं बताया है कि इस बार कितने कर्मचारियों की नौकरी गई है. Business Insider की रिपोर्ट के मुताबिक, छंटनी का शिकार हुए कुछ कर्मचारियों ने LinkedIn, Reddit और Blind पर भी नौकरी जाने की जानकारी शेयर की है.

Advertisement
Oracle announces fresh round of layoffs. Oracle announces fresh round of layoffs.
हाइलाइट्स
  • सुबह ऑफिस सिस्टम हुआ लॉक

  • कुछ घंटे बाद मिला नौकरी जाने का मेल

Oracle ने एक बार फिर कर्मचारियों की छंटनी शुरू कर दी है. सोमवार से शुरू हुई इस छंटनी में कर्मचारियों को सुबह-सुबह ईमेल भेजकर बताया गया कि कंपनी में बदलाव के तहत उनकी नौकरियां खत्म कर दी गई हैं. कितने कर्मचारियों पर इसका असर पड़ा है, कंपनी ने अभी इसकी जानकारी नहीं दी है. Business Insider की रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ प्रभावित कर्मचारियों ने LinkedIn, Reddit और Blind पर भी नौकरी जाने की जानकारी शेयर की है.

AI पर अरबों खर्च, फिर भी कर्मचारियों की छंटनी
Oracle AI और क्लाउड कारोबार बढ़ाने के लिए भारी निवेश कर रही है. इसके लिए कंपनी अपने दूसरे विभागों के खर्च में कटौती कर रही है. AI की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए Oracle तेजी से नए डेटा सेंटर बना रही है. वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में कंपनी ने करीब 28.5 अरब डॉलर खर्च किए. यह पिछले साल की इसी तिमाही के 8.5 अरब डॉलर के खर्च से तीन गुना से भी ज्यादा है. पूरे साल में कंपनी 90 से 95 अरब डॉलर तक खर्च करने की योजना बना रही है.

AI क्लाउड से मिले 30 अरब डॉलर से ज्यादा के नए ऑर्डर
Oracle के AI कारोबार में तेजी देखने को मिल रही है. कंपनी के मुताबिक, उसे एक तिमाही में AI क्लाउड सेवाओं के लिए 30 अरब डॉलर से ज्यादा के नए करार मिले हैं. इससे कंपनी के पास आने वाले समय के कुल ऑर्डर बढ़कर 664 अरब डॉलर हो गए हैं. हालांकि, AI कारोबार बढ़ाने में कंपनी का खर्च भी काफी बढ़ गया है. इस तिमाही में Oracle का फ्री कैश फ्लो 5.4 अरब डॉलर निगेटिव रहा. आसान भाषा में कहें तो कंपनी के खर्च उसकी कमाई से ज्यादा रहे.

2026 में ही 21 हजार कर्मचारियों की संख्या घटी
Oracle में इस साल पहले भी बड़े स्तर पर छंटनी हो चुकी है. 31 मई को खत्म हुए वित्त वर्ष 2026 में कंपनी के कर्मचारियों की संख्या करीब 21 हजार कम हुई. यह कंपनी की कुल वर्कफोर्स का लगभग 13% है. वित्त वर्ष के अंत में Oracle में करीब 1.41 लाख कर्मचारी थे. एक साल पहले यह संख्या करीब 1.62 लाख थी. छंटनी और कंपनी के ढांचे में बदलाव पर Oracle ने करीब 1.84 अरब डॉलर खर्च किए.

कंपनी के पुनर्गठन का खर्च बढ़कर 2.8 अरब डॉलर
Oracle ने पिछले हफ्ते बताया कि कंपनी के पुनर्गठन पर होने वाला खर्च करीब 700 मिलियन डॉलर बढ़ गया है. इसके बाद इस पूरी योजना का अनुमानित खर्च करीब 2.8 अरब डॉलर हो गया है. इस रकम में कर्मचारियों को नौकरी छोड़ने के बदले दी जाने वाली राशि, कॉन्ट्रैक्ट खत्म करने का खर्च और दूसरी लागत शामिल हैं. 31 अगस्त तक कंपनी इस योजना पर करीब 2.1 अरब डॉलर खर्च कर चुकी थी.

AI कारोबार बढ़ा, लेकिन खर्च कम करने की भी कोशिश
Oracle एक तरफ AI और क्लाउड कारोबार पर बड़ा दांव लगा रही है, तो दूसरी तरफ खर्च कम करने के लिए कर्मचारियों की संख्या घटा रही है. कंपनी की पहली तिमाही में कुल कमाई 30% बढ़कर 19.3 अरब डॉलर हो गई. वहीं, क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर से होने वाली कमाई 121% बढ़कर 7.4 अरब डॉलर पहुंच गई. यानी कंपनी का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन AI और डेटा सेंटर पर होने वाला खर्च भी बहुत ज्यादा है. ऐसे में छंटनी को कंपनी के खर्च कम करने और अपने कामकाज में बदलाव की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है.

नई छंटनी की पहले से थी तैयारी
Oracle में सितंबर में एक और दौर की छंटनी की संभावना पहले ही सामने आ गई थी. पिछले महीने आई रिपोर्ट में कहा गया था कि कंपनी AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर बढ़ते खर्च और कर्ज के बीच कर्मचारियों पर होने वाला खर्च कम करने की तैयारी कर रही है. अब कर्मचारियों को भेजे गए ईमेल से साफ हो गया है कि छंटनी शुरू हो चुकी है. रिपोर्ट के मुताबिक, कर्मचारियों को बताया गया कि संगठन में बड़े बदलाव के कारण उनकी भूमिका खत्म की जा रही है. ईमेल मिलने वाला दिन ही उनका आखिरी कार्य दिवस था.