New Income Tax RuPan Card New Rulesles Pan Card
New Income Tax RuPan Card New Rulesles Pan Card
यदि आप पैन कार्ड (Pan Card) का इस्तेमाल करते हैं तो आपके लिए जरूरी खबर है. 1 अप्रैल 2026 से पैन कार्ड से जुड़े जरूरी नियम बदल रहे हैं. दरअसल, मोदी सरकार (Modi Government) इनकम टैक्स सिस्टम (Income Tax System) को थोड़ा आसान और ज्यादा व्यावहारिक बनाने की तैयारी में है. इसी कड़ी में ड्राफ्ट इनकम टैक्स रूल्स 2026 लाए गए हैं. इसमें पैन कार्ड से जुड़े कई अहम बदलाव प्रस्तावित किए गए हैं.
इन बदलावों का असर आपकी जेब पर, बैंक लेनदेन, होटल बिल, गाड़ी खरीद और प्रॉपर्टी डील पर पड़ेगा. सबसे अच्छी बात यह है कि रोज-रोज की टेंशन से आपको छुटकारा मिल जाएगा. सरकार ने कैश जमा/निकासी पर पैन की लिमिट बढ़ा दी है. छोटे और रोजमर्रा के खर्चों में अब पैन कार्ड की अनिवार्यता नहीं रहेगी. आइए जानते हैं पैन कार्ड के क्या-क्या नियम बदल रहे हैं और क्यों?
सरकार पैन कार्ड में क्यों कर रही बदलाव
केंद्र सरकार छोटे-छोटे ट्रांजैक्शन की जगह बड़े ट्रांजैक्शन पर ध्यान देना चाहती है. सरकार आम लोगों के लिए अनावश्यक पैन कार्ड डिटेल देने की झंझट कम करना चाहती है. पैन कार्ड से जुड़े नियमों में बदलाव करने से हाई-वैल्यू ट्रांजैक्शन पर बेहतर निगरानी हो सकेगी. इसके अलावा सरकार टैक्स सिस्टम को स्मार्ट और डेटा-ड्रिवन बनाना चाहती है.
1. कैश ट्रांजेक्शन
1 अप्रैल 2026 से एक फाइनेंशियल ईयर में 10 लाख रुपए या उससे ज्यादा कैश जमा करने या निकालने पर ही पैन नंबर देना अनिवार्य होगा. अभी एक दिन में बैंकिंग कंपनी या को-ऑपरेटिव बैंक में 50000 रुपए से ज्यादा कैश जमा करने पर पैन कार्ड देना जरूरी होता है. केंद्र सरकार के इस कदम से छोटे व्यापारियों और आम लोगों को राहत मिलेगी. रोज-रोज पैन कार्ड दिखाने की टेंशन खत्म होगी.
2. गाड़ी खरीदते वक्त पैन कब देना होगा
1 अप्रैल 2026 से यदि आप 5 लाख रुपए से ज्यादा कीमत की कार-मोटरसाइकिल या कोई भी मोटर व्हीकल खरीदते हैं तो पैन नंबर देना जरूरी होगा. इसका मतलब है कि सस्ती बाइक या छोटे वाहन खरीदने वालों के लिए पैन कार्ड दिखाना जरूरी नहीं होगा. वर्तमान नियम में मुताबिक टू-व्हीलर के लिए पैन की कोई शर्त नहीं है जबकि चार पहिया वाहनों के लिए कीमत चाहे जो भी हो पैन देना अनिवार्य है.
3. होटल, रेस्टोरेंट या इवेंट में पैन कब जरूरी होगा
होटल बिल, रेस्टोरेंट में खर्च, बैंक्वेट हॉल, कन्वेंशन सेंटर या इवेंट मैनेजमेंट को पेमेंट कर रहे हैं और बिल 1 लाख रुपए से ज्यादा हो तभी पैन कार्ड देना जरूरी होगा. पहले इसकी लिमिट 50000 रुपए थी. इस तरह से अब शादी-पार्टी और फंक्शन के छोटे भुगतानों में पैन की जरूरत नहीं होगी.
4. प्रॉपर्टी खरीद-बिक्री में पैन कब देना होगा
1 अप्रैल 2026 से यदि आप किसी प्रॉपर्टी की खरीद-बिक्री कर रहे हैं, गिफ्ट और जॉइंट डेवलपमेंट एग्रीमेंट कर रहे हैं और इसकी वैल्यू 20 लाख रुपए से ज्यादा हो तो पैन कार्ड दिखाना जरूरी होगा. पहले ये लिमिट 10 लाख रुपए की थी. इस बदलाव से छोटे शहरों और कस्बों में प्रॉपर्टी लेनदेन थोड़ा आसान हो सकता है.
5. इंश्योरेंस से जुड़े नियम
नए नियम के तहत यदि आप किसी इंश्योरेंस कंपनी के साथ अकाउंट-बेस्ड रिलेशन शुरू कर रहे हैं तो पैन कार्ड जरूरी होगा. पहले के नियम के अनुसार पैन कार्ड तब अनिवार्य होता है जब सालाना लाइफ इंश्योरेंस प्रीमियम 50000 रुपए से ऊपर होता था. अकाउंट-बेस्ड रिलेशनशिप का मतलब है कि अब पॉलिसी खरीदने पर बैंक की तरह आपका एक स्थायी प्रोफाइल या खाता खुलेगा.
6. क्रिप्टो एक्सचेंज
क्रिप्टो एक्सचेंज को अब इनकम टैक्स विभाग के साथ जानकारी साझा करना अनिवार्य होगा. डिजिटल करेंसी को भी अब इलेक्ट्रॉनिक पेमेंट के रूप में स्वीकार किया गया है.
मांगे हैं सुझाव
आपको मालूम हो कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के संसद में बजट 2026 के घोषणा के बाद CBDT ने इन नियमों पर जनता और स्टेकहोल्डर्स से सुझाव मांगे हैं. मार्च के पहले हफ्ते तक इन सुझावों के आधार पर नियमों को फाइनल कर दिया जाएगा. इसके बाद 1 अप्रैल 2026 से नया इनकम टैक्स एक्ट और ये सभी नए नियम पूरे देश में लागू हो जाएंगे.