Avi Goyal with his Family
Avi Goyal with his Family
सीबीएसई 12वीं बोर्ड की परीक्षा के बाद रिजल्ट जारी हो गया है. डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल गिरिडीह के अवि गोयल कॉमर्स में 99.4 प्रतिशत अंक हासिल कर झारखंड स्टेट टॉपर बने हैं. अवि गोयल के शानदार प्रदर्शन से उनके परिजनों सहित पूरा विद्यालय परिवार गौरवान्वित महसूस कर रहा है. अवि गोयल के पिता ओम प्रकाश गोयल डीएवी सीसीएल गिरिडीह के प्राचार्य हैं. उनके पिता श्री गोयल के अलावे मां पूनम गोयल, बहन मान्या गोयल ने काफी खुशी व्यक्त की है.
इस सफलता पर अवि गोयल ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि मुझे विश्वास था कि उन्हें बेहतर अंक प्राप्त होगा, पर डर भी लग रहा था. मेरे परिवार वालों ने मुझसे जो उम्मीद लगा रखी थी, उस पर खरा उतरकर काफी सुकून महसूस हो रहा है. अपने मम्मी-पापा एवं डीएवी के शिक्षकों के मार्गदर्शन के कारण यह मुकाम हासिल हुआ है.
सीए बनना चाहता हैं अवि गोयल
स्टेट टॉपर अवि गोयल अभी सीए की तैयारी कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि वह सीए बनना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि एकाग्रचित होकर पढ़ाई करने एवं विषयों का लगातार लिखित रिविजन करने से काफी फायदा मिलता है. अवि ने तमाम विद्यार्थियों को यह संदेश दिया कि वह अपने शिक्षकों की बातों को ध्यानपूर्वक सुने, क्योंकि शिक्षक अनुभवी होते हैं. बेहतर प्रदर्शन के लिए निरंतर पढ़ाई व अनुशासन जरूरी है. उन्होंने कहा कि डीएवी सीसीएल के तमाम शिक्षक काफी अच्छे हैं. पढ़ाई के मामले में हमेशा मदद के लिए तैयार रहते हैं.
माता-पिता व बहन ने व्यक्त की खुशी
अवि गोयल के पिता सह डीएवी सीसीएल के प्राचार्य ओम प्रकाश गोयल ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि अवि नर्सरी से लेकर 12वीं तक डीएवी में पढ़ा है. अवि के इस प्रदर्शन का श्रेय उसकी अपनी मेहनत को जाता है. गोयल ने कहा कि इस उपलब्धि का क्रेडिट उनकी धर्मपत्नी पूनम गोयल को भी जाता है, जिन्होंने अपना सबकुछ छोड़कर अपने बच्चों पर पूरा ध्यान केंद्रित रखा. अपने पुत्र अवि गोयल के शानदार प्रदर्शन पर उसकी मम्मी पूनम गोयल भी काफी खुश हैं. उन्होंने कहा कि अवि शुरू से ही पढ़ाई में तेज रहा है. पढ़ाई के साथ-साथ उसकी खेल में भी रुचि है. उन्होंने कहा कि समय-समय पर बच्चों को वह गाइड करती रही हैं. उन्होंने कहा कि अवि गोयल के इस श्रेय में उनके पापा सह प्राचार्य ओमप्रकाश गोयल की भी अहम भूमिका है.
(सूरज सिन्हा की रिपोर्ट)