scorecardresearch

Punjab Board Results: सुपनीत कौर ने रचा इतिहास, 500 में से 500 अंक लाकर बनीं पंजाब की टॉपर

17 फरवरी से 4 अप्रैल तक चले पंजाब बोर्ड परीक्षा में कुल 265417 स्टूडेंट्स ने भाग लिया था. परीक्षा का परिणाम 13 अप्रैल को आया और परिणाम ने सब को चौंका दिया. सुपनीत कौर के नाम की एक छात्रा ने 500 में से 500 अंक ला कर पूरे परिवार का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है.

500 में से 500 नंबर लाने वाली टॉपर 500 में से 500 नंबर लाने वाली टॉपर

पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा के नतीजों में मानसा जिले की बेटी ने ऐसा कमाल कर दिखाया है, जिस पर पूरा जिला गर्व महसूस कर रहा है. मानसा के उभा गांव स्थित गुरुकुल स्कूल की छात्रा सुपनीत कौर ने 500 में 500 अंक हासिल कर पूरे पंजाब में पहला स्थान प्राप्त किया है. इस शानदार उपलब्धि के बाद स्कूल से लेकर गांव तक खुशी का माहौल देखने को मिल रहा है.

मेहनत और लगन ने दिलाई बड़ी कामयाबी
सुपनीत कौर ने अपनी मेहनत, अनुशासन और लगातार पढ़ाई के दम पर यह मुकाम हासिल किया है. 12वीं बोर्ड परीक्षा में पूरे अंक लाना अपने आप में बड़ी उपलब्धि मानी जाती है, लेकिन पंजाब में टॉप करना और 500 में 500 अंक हासिल करना हर किसी के लिए संभव नहीं होता. सुपनीत की इस सफलता ने यह साबित कर दिया कि मेहनत और समर्पण से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है.

पढ़ाई के साथ खेल में भी अव्वल
सुपनीत कौर केवल पढ़ाई में ही तेज नहीं हैं, बल्कि खेल के मैदान में भी उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है. अध्यापकों के अनुसार, वह एक बेहतरीन खिलाड़ी भी हैं. उन्होंने फेंसिंग गेम प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए पोजीशन हासिल की है. यही वजह है कि स्कूल में उन्हें एक ऑलराउंडर छात्रा के रूप में देखा जाता है.

शिक्षकों का कहना है कि सुपनीत ने हमेशा पढ़ाई और खेल दोनों में संतुलन बनाकर रखा और हर क्षेत्र में अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश की.

पायलट बनकर देश की सेवा करना चाहती हैं
इतनी बड़ी सफलता हासिल करने के बाद भी सुपनीत के सपने यहीं खत्म नहीं होते. उनका सपना आगे चलकर पायलट बनने का है. वह देश की सेवा करना चाहती हैं और अपने करियर के जरिए नई ऊंचाइयों तक पहुंचना चाहती हैं. सुपनीत का मानना है कि अगर लक्ष्य साफ हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो कोई भी मंजिल मुश्किल नहीं होती.

परिवार और स्कूल में जश्न का माहौल
सुपनीत कौर की इस उपलब्धि से उनके माता-पिता, शिक्षक और स्कूल स्टाफ बेहद खुश हैं. स्कूल परिसर में मिठाइयां बांटकर इस सफलता का जश्न मनाया गया. शिक्षकों ने कहा कि सुपनीत ने स्कूल और जिले का नाम रोशन किया है, जो बाकी छात्रों के लिए भी प्रेरणा बनेगी.

स्थानीय लोगों ने भी सुपनीत को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं. हर कोई उनकी सफलता को जिले के लिए गर्व का पल बता रहा है.
(रिपोर्ट- अमरजीत सिंह)

ये भी पढ़ें