scorecardresearch

DUSU चुनाव 2026: कौन हैं NSUI के उम्मीदवार? जानिए विजय शंकर मीणा, वीर चत्रथ समेत चारों प्रत्याशियों के बारे में

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव 2026-27 के लिए  NSUI ने चारों उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है. विजय शंकर मीणा अध्यक्ष पद के प्रत्याशी हैं. NSUI इस बार फीस वृद्धि रोकने, हॉस्टल सुविधाओं का विस्तार, महिला सुरक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार जैसे मुद्दों पर चुनावी लड़ाई लड़ रहा है.

Advertisement
NSUI Candidates for the DUSU Elections 2026 NSUI Candidates for the DUSU Elections 2026

नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव 2026-27 के लिए अपने चार उम्मीदवारों के पैनल का ऐलान कर दिया है. संगठन ने अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पद के लिए प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं.

नई दिल्ली स्थित NSUI के राष्ट्रीय मुख्यालय में घोषित पैनल में अध्यक्ष पद के लिए विजय शंकर मीणा, उपाध्यक्ष पद के लिए वीर चत्रथ, सचिव पद के लिए नम्रता चौधरी और संयुक्त सचिव पद के लिए गोपाल चौधरी को उम्मीदवार बनाया गया है. NSUI के अनुसार, चारों उम्मीदवार अलग-अलग क्षेत्रीय और शैक्षणिक पृष्ठभूमि से आते हैं. खास बात यह है कि चारों दिल्ली विश्वविद्यालय में बौद्ध अध्ययन (Buddhist Studies) में स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रहे हैं.

DUSU चुनाव के लिए NSUI के उम्मीदवार 
1. विजय शंकर मीणा (अध्यक्ष पद के उम्मीदवार)
विजय शंकर मीणा NSUI की ओर से DUSU अध्यक्ष पद के उम्मीदवार हैं. मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले मीणा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है. फिलहाल वह दिल्ली विश्वविद्यालय से बौद्ध अध्ययन में एमए प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहे हैं. NSUI के मुताबिक, मीणा छात्र अधिकार, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रहे हैं. उनकी उम्मीदवारी के जरिए संगठन ने छात्र कल्याण और छात्रों की प्रभावी भागीदारी को प्रमुखता देने की बात कही है.

2. वीर चत्रथ (उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवार)
दिल्ली निवासी वीर चत्रथ को NSUI ने DUSU उपाध्यक्ष पद के लिए मैदान में उतारा है. उन्होंने स्नातक की पढ़ाई पूरी की है और फिलहाल दिल्ली विश्वविद्यालय में बौद्ध अध्ययन में एमए प्रथम वर्ष के छात्र हैं. NSUI के अनुसार, चत्रथ छात्र राजनीति और कैंपस से जुड़े मुद्दों में सक्रिय रहे हैं. संगठन ने उनकी उम्मीदवारी को लोकतांत्रिक भागीदारी और छात्र अधिकारों से जोड़कर पेश किया है.

3. नम्रता चौधरी (सचिव पद की उम्मीदवार)
नम्रता चौधरी DUSU सचिव पद के लिए NSUI की उम्मीदवार हैं. दिल्ली की रहने वाली नम्रता ने दिल्ली विश्वविद्यालय के एसपीएम कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है. वर्तमान में वह दिल्ली विश्वविद्यालय में बौद्ध अध्ययन में एमए द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रही हैं. NSUI के मुताबिक, नम्रता छात्र कल्याण, समान अवसर और कैंपस में महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों से जुड़ी रही हैं. संगठन ने उनकी उम्मीदवारी को छात्र राजनीति और नेतृत्व में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया है.

4. गोपाल चौधरी (संयुक्त सचिव पद के उम्मीदवार)
गोपाल चौधरी NSUI की ओर से DUSU संयुक्त सचिव पद के उम्मीदवार हैं. मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले गोपाल ने दिल्ली विश्वविद्यालय के सत्यवती कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है. वह फिलहाल दिल्ली विश्वविद्यालय में बौद्ध अध्ययन में एमए प्रथम वर्ष के छात्र हैं. NSUI का कहना है कि गोपाल चौधरी छात्र मुद्दों पर सक्रिय रूप से काम करते रहे हैं. उनकी उम्मीदवारी के जरिए संगठन ने जमीनी स्तर पर छात्रों से जुड़ाव और विश्वविद्यालय प्रशासन के सामने छात्र आवाज को मजबूती से रखने पर जोर दिया है.

किन मुद्दों पर चुनाव लड़ेगी NSUI?
NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने उम्मीदवारों के ऐलान के दौरान कहा कि संगठन का आगामी चुनाव अभियान छात्रों से जुड़े वास्तविक मुद्दों पर केंद्रित रहेगा. उन्होंने बताया कि शिक्षा, छात्र सुरक्षा, आवास, बुनियादी ढांचे, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक अधिकारों को अभियान के प्रमुख मुद्दों में शामिल किया गया है. NSUI ने कहा है कि वह आने वाले दिनों में DUSU चुनाव के लिए अपना विस्तृत घोषणापत्र जारी करेगी. जाखड़ ने हाल की सत्य निकेतन त्रासदी का भी जिक्र किया और छात्र सुरक्षा तथा संस्थागत जवाबदेही को विश्वविद्यालय समुदाय के सामने मौजूद प्रमुख चिंताओं में से एक बताया. उन्होंने कहा कि NSUI प्रभावित छात्रों और उनके परिवारों की आवाज उठाती रहेगी.

NSUI का चारों सीटों पर जीत का दावा 
DUSU चुनाव में अपनी संभावनाओं को लेकर NSUI राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने चारों पदों पर जीत का दावा किया है. उन्होंने कहा कि संगठन आगामी चुनाव में ‘4-0’ से जीत हासिल करने को लेकर आश्वस्त है. उन्होंने कहा कि चुनाव केवल चार पदों के लिए मुकाबला नहीं है, बल्कि छात्र शक्ति को मजबूत करने, लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व को बढ़ाने और दिल्ली विश्वविद्यालय को छात्रों के हित में काम करने वाली संस्था बनाने का अवसर है. NSUI के उम्मीदवारों के ऐलान के साथ ही संगठन ने 2026-27 DUSU चुनाव के लिए अपना अभियान औपचारिक रूप से शुरू कर दिया है. अब सभी की नजर संगठन के आगामी घोषणापत्र और उसके चुनावी एजेंडे पर होगी.