scorecardresearch

Gujarat Board Exam 2026: 10वीं-12वीं बोर्ड की परीक्षा के लिए एक्शन प्लान जारी, 15.27 लाख स्टूडेंट्स का रजिस्ट्रेशन, 26 फरवरी से शुरू होगी परीक्षा 

गुजरात में 26 फरवरी से आयोजित होने जा रही 10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षा का एक्शन प्लान जारी हो गया है. 26 फरवरी से परीक्षा शुरू होगी.  इस साल गुजरात बोर्ड की 10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षा के लिए राज्य में 15.27 लाख छात्र रजिस्टर्ड हुए है, जो कि पिछले साल के मुकाबले 97000 ज्यादा है. 

Students (File Photo: PTI) Students (File Photo: PTI)

गुजरात माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक शिक्षण बोर्ड की ओर से 26 फरवरी से आयोजित होने जा रही 10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षा का एक्शन प्लान जारी किया गया है. इस साल गुजरात बोर्ड की 10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षा के लिए राज्य में 15.27 लाख छात्र रजिस्टर्ड हुए है, जो कि पिछले साल के मुकाबले 97000 ज्यादा है. इस साल आयोजित हो रही गुजरात बोर्ड की परीक्षा 18 मार्च को पूर्ण होगी.

10वीं बोर्ड की परीक्षा के लिए इतने विद्यार्थियों ने कराया रजिस्ट्रेशन
गुजरात बोर्ड की तरफ से कहा गया है कि राज्यभर में 10वीं बोर्ड की परीक्षा के लिए 9,07,175 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन करवाया है. इनकी परीक्षा राज्य के 87 जोन के 1006 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी. 12वीं बोर्ड की परीक्षा की बात करें तो इस साल बारहवीं साइंस में 1,19,263 स्टूडेंट्स, जबकि कॉमर्स में 5,01,286 स्टूडेंट्स रजिस्टर्ड हुए है. साइंस के छात्रों की परीक्षा राज्य के 156 केंद्रों पर और कॉमर्स के छात्रों की परीक्षा राज्य के 539 केंद्रों पर आयोजित होगी. इस साल 4877 दिव्यांग छात्र 10वीं बोर्ड की तो 2293 दिव्यांग छात्र 12वीं कॉमर्स और 193 दिव्यांग छात्र 12वीं साइंस की परीक्षा देंगे.

परीक्षा को लेकर जरूरी गाइडलाइन
गुजरात बोर्ड की परीक्षा को ध्यान में रखकर सभी परीक्षा केन्द्रों में हॉल टिकट के माध्यम से ही छात्रों को प्रवेश देने के लिए आदेश दिया गया है. सभी परीक्षा केन्द्रों पर पेटी रखनी होगी, ताकि कोई छात्र अपने साथ कोई साहित्य लाया हो और चाहे तो पेटी में रखकर प्रवेश कर सके. परीक्षा के दौरान स्क्वाड के सदस्यों के अलावा कोई भी कर्मचारी अपने साथ मोबाइल नहीं रख सकेंगे. परीक्षा के पहले दिन सभी परीक्षा केंद्रों पर छात्र-छात्राओं का स्वागत किया जाएगा. परीक्षा के दौरान सभी परीक्षा खंडों में सीसीटीवी अनिवार्य किए गए है, सीसीटीवी का रिकॉर्डिंग भी रखना होगा.

एग्जाम शुरू होने के आधे घंटे पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचे स्टूडेंट्स
10वीं और 12वीं गुजरात बोर्ड की परीक्षा देने वाले छात्रों को बोर्ड द्वारा कहा गया है कि परीक्षा शुरू होने के आधे घंटे पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचे. हो सके तो शूज और मोजे परीक्षा के दौरान न पहनें. 10वीं के छात्रों को परीक्षा केन्द्रों में कैलक्यूटर के साथ प्रवेश नहीं दिया जाएगा, लेकिन 12वीं के छात्र सादा कैलक्यूटर साथ रख सकेंगे. छात्र परीक्षा केंद्र में अपने साथ मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी या किसी प्रकार के गैजेट्स साथ लेकर नहीं जा सकेंगे.