
Hardoi News
Hardoi News
उत्तर प्रदेश के हरदोई में 23 साल की अंजलि ने उत्तर प्रदेश पुलिस सब इंस्पेक्टर (SI) भर्ती परीक्षा में सफलता हासिल किया है. अनु सूचित जाति के गरीब किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाली अंजलि पिछली कांस्टेबल भर्ती में दौड़ में 10 सेकंड ज्यादा समय लगा देने के कारण बाहर हो गयी थी. लेकिन पुलिस में भर्ती होने के जुनून के चलते इस बेटी ने अपनी मेहनत जारी रखी और आज सफलता हासिल की है.
गरीब किसान की बेटी अंजलि-
हरदोई के सुरसा थाना इलाके खुटेहना गाने की रहने वाली अंजलि के पिता राम मूर्ति किसान हैं. जबकि उनकी माता गृहिणी हैं. किसान पिता के पास बहुत मामूली जमीन है और दूसरों की खेती को बटाई पर लेकर खेती करते हैं. वो 2 पुत्रों और दो बेटियों का परिवार किसी तरह चला रहे हैं.
पुलिस में जाने का था पिता का सपना-
अंजलि परिवार में सबसे बड़ी हैं. अंजलि और उसके पिता का शुरुआत से ही सपना था कि अंजलि पुलिस की सेवा में जाए. इसलिए उन्होंने अंजलि को शुरुआत से ही इस सपने की ओर रखा और अंजलि भी परिवार की जिम्मेदारियों के बीच अपनी पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करती रही. हरदोई शहर के आवास विकास क्षेत्र में रहकर मंथन कोचिंग संस्थान से वो पुलिस भर्ती की तैयारी कर रही थीं.

कांस्टेबल भर्ती में 10 सेकंड से नहीं मिली थी सफलता-
अंजलि ने बताया कि वर्ष 2024 में उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा भी दी थी. लेकिन 2400 मीटर के रनिंग टेस्ट में उसे सफलता नहीं मिली. उसमें 10 सेकंड ज्यादा समय के कारण वो पुलिस कांस्टेबल की भर्ती परीक्षा में सफल नहीं हुई. लेकिन यह असफलता अंजलि का हौसला नहीं डिगा सकी. अंजलि ने पूरे समर्पण और आत्मविश्वास के साथ अपनी तैयारी जारी रखी. लगातार मेहनत और पुलिस में जाने के जुनून के दम पर वर्ष 2025 में आयोजित सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में सफलता हासिल कर अपना सपना पूरा कर लिया.

लक्ष्य साफ हो तो सफलता जरूर मिलती है- अंजलि
अंजलि ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, परिवार और कोचिंग संस्थान के शिक्षकों को दिया. अंजलि का कहना है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो सफलता जरूर मिलती है. शैक्षिक रूप से भी अंजलि का रिकॉर्ड शानदार रहा है. उन्होंने वर्ष 2018 में हाईस्कूल 71 प्रतिशत और वर्ष 2020 में इंटरमीडिएट की परीक्षा 73 प्रतिशत अंक के साथ सुरसा स्थित दयानंद इंटर कॉलेज से उत्तीर्ण की. इसके बाद हरदोई शहर के आर कन्या डिग्री कॉलेज से उसने बीए की पढ़ाई पूरी की और उसके बाद से ही पुलिस भर्ती की तैयारी में जुट गई थी. अंजलि की सफलता उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो असफलता के बाद निराश हो जाते हैं. आज उनकी सफलता पर परिवार, गांव और उसके करीबी लोग गर्व महसूस कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें: