Siddhi Sanju Kardile
Siddhi Sanju Kardile
महाराष्ट्र बोर्ड 10वीं क्लास का रिजल्ट आ गया है. इस बार लड़कियों ने बाजी मारी है. बीड की रहने वाली सिद्धि संजू कर्डीले ने 100 फीसदी अंक हासिल किया है. बेटी की इस सफलता पर फैमिली भी खुश है और मिठाई बांटकर अपनी खुशी का इजहार कर रही है. इस साल सूबे में 90.09 फीसदी स्टूडेंट्स ने 10वीं में सफलता हासिल की है.
सिद्धि को मिला 100 फीसदी अंक-
महाराष्ट्र का बीड जिला अक्सर विभिन्न कारणों से चर्चा में रहता है, लेकिन आज जिले के लिए गर्व का क्षण है. आष्टी तहसील के वसुंधरा विद्यालय की छात्रा कुमारी सिद्धि संजू कर्डीले ने 10वीं की परीक्षा में 100 फीसदी अंक हासिल किया है. सिद्धि को हर विषय में 100 फीसदी अंक मिले हैं.
सफलता पर परिवार में खुशी का माहौल-
कुमारी सिद्धि डोंगरगण की रहने वाली हैं और वसुंधरा विद्यालय से पढ़ाई की है. सिद्धि ने ग्रामीण परिवेश से निकलकर राज्य स्तर पर अपनी पहचान बनाई. सिद्धि की इस सफलता से पूरे जिले में हर्ष का माहौल है. डोंगरगण जैसे ग्रामीण क्षेत्र से आने वाली सिद्धि ने साबित कर दिया कि कड़ी मेहनत और लगन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है. इस ऐतिहासिक सफलता के बाद सिद्धि के माता-पिता ने आरती उतारकर और मिठाई खिलाकर उसे आशीर्वाद दिया. सोशल मीडिया और प्रशासनिक हलकों में भी सिद्धि की इस उपलब्धि की सराहना की जा रही है.
90.09 फीसदी स्टूडेंट्स पास-
महाराष्ट्र स्टेट बोर्ड 10वीं की परीक्षा में इस बार 90.09 फीसदी स्टूडेंट्स पास हुए हैं. इस साल 16 लाख 14 हजार 50 विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था. जिसमें से 16 लाख 164 छात्रों ने परीक्षा दी थी. जबकि 14 लाख 52 हजार 246 विद्यार्थी पास हुए. इस साल भी लड़कियों ने बाजी मारी है. लड़कियों ने लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया है. लड़कियों का रिजल्ट 94.96 फीसदी रहा, जबकि लड़कों का रिजल्ट 89.56 फीसदी रहा. इसका मतलब है कि लड़के और लड़कियों में 5.40 फीसदी का अंतर रहा.
इस साल कोंकण नंबर वन पर रहा. कोंकण डिवीजन 97.62 फीसदी रिजल्ट रहा. जबकि कोल्हापुर डिवीजन का रिजल्ट 95.47 फीसदी रहा. मुंबई का 94.97 फीसदी, पुणे का 94.24 फीसदी और नासिक का 89.07 फीसदा रिजल्ट रहा.
(रोहिदास हातागले की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें: