The NEET UG 2026
The NEET UG 2026
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 री-एग्जाम में शामिल हुए उम्मीदवारों को बड़ी राहत दी है. अगर किसी अभ्यर्थी को अपनी OMR उत्तर पुस्तिका में दर्ज किए गए जवाबों में कोई गड़बड़ी दिखाई देती है, तो वह अब ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकता है. NTA ने इसके लिए आवेदन दर्ज कराने की सुविधा शुरू कर दी है. उम्मीदवार 13 जुलाई से लेकर 15 जुलाई सुबह 11 बजे तक आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं. एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि इस बार केवल रिकॉर्ड की गई OMR प्रतिक्रियाओं में गड़बड़ी पर ही आपत्ति स्वीकार की जाएगी.
वेबसाइट और ईमेल पर उपलब्ध है OMR शीट
NTA ने सभी छात्रों की स्कैन की गई OMR शीट और उसमें दर्ज किए गए उत्तर आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं. साथ ही हर छात्र के रजिस्टर्ड ईमेल पर भी उसकी OMR शीट भेजी गई है. छात्रों को सलाह दी गई है कि वे दोनों को ध्यान से देखकर मिलान कर लें. अगर किसी छात्र को लगता है कि उसने OMR शीट पर सही उत्तर भरा था, लेकिन वेबसाइट पर कोई दूसरा उत्तर दिखाई दे रहा है, तो वह इसकी शिकायत कर सकता है. NTA ने साफ किया है कि उत्तर कुंजी (Answer Key) पर आपत्ति दर्ज करने की प्रक्रिया पहले ही खत्म हो चुकी है. अब सिर्फ OMR शीट में दर्ज जवाबों की गलती पर ही शिकायत की जा सकती है.
हर सवाल के लिए 200 रुपये देने होंगे
OMR शीट में किसी एक उत्तर पर आपत्ति दर्ज करने के लिए 200 रुपये का शुल्क देना होगा. यह भुगतान डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग या UPI से किया जा सकता है. अगर जांच में छात्र की शिकायत सही पाई जाती है और गलती स्कैनिंग के दौरान हुई होती है, तो जमा किया गया शुल्क वापस कर दिया जाएगा. सबसे पहले छात्र आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने एप्लिकेशन नंबर और पासवर्ड से लॉगिन करें. इसके बाद मोबाइल नंबर और ईमेल पर आए OTP की मदद से पहचान की पुष्टि करें. फिर अपनी OMR शीट और वेबसाइट पर दर्ज उत्तरों का मिलान करें. जिस सवाल में गलती हो, उसे चुनकर शिकायत दर्ज करें और आखिर में उसकी रसीद डाउनलोड करके अपने पास सुरक्षित रख लें.
गलत दावा करने पर होगी कार्रवाई
वहीं NTA ने कहा है कि छात्र केवल सही कारण होने पर ही शिकायत दर्ज करें. अगर कोई छात्र छेड़छाड़ की गई OMR शीट या गलत जानकारी के आधार पर आपत्ति दर्ज करता है, तो उसके खिलाफ नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें: