Kaushambi News
Kaushambi News
उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में एक हेडमास्टर की अभिभावक को पीटने का मामला सामने आया है. महिला हेडमास्टर ने जूतों से अभिभावक पिटाई की. इसका वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वायरल 34 सेकंड के वीडियो में महिला हेडमास्टर एक युवक को जूतों से मारती दिख रही है. ये मामला ब्लॉक मूरतगंज के प्राथमिक विद्यालय 'टीका का पूरा' का है.
बच्चा का TC कटवाने को लेकर विवाद-
बताया जा रहा है कि अनुज नाम के युवक का विद्यालय में टीसी कटवाने को लेकर विवाद हो गया. वायरल वीडियो में हेडमास्टर युवक से आधार कार्ड और बच्चे को लाने की बात कहती हुई नजर आ रही हैं. जबकि अनुज का कहना है कि वह आधार कार्ड पहले ही दे चुका है. इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई.
हेडमास्टर ने अभिभावक को जूतों से पीटा-
वीडियो बनाए जाने से नाराज हेडमास्टर ने युवक का मोबाइल छीनकर जमीन पर फेंक दिया. आरोप है कि मोबाइल उठाने के दौरान हेडमास्टर अनीता देवी और युवक के बीच धक्का-मुक्की हुई. जिसमें टीचर जमीन पर गिर गईं. इसके बाद हेडमास्टर ने युवक की जूतों से पिटाई कर दी.
बेसिक शिक्षा अधिकारी का क्या कहना है?
इस मामले में बेसिक शिक्षा अधिकारी कमलेन्द्र कुशवाहा ने बताया कि एक वायरल वीडियो जो है, यह जनपद कौशाम्बी के ब्लॉक मूरतगंज के प्राथमिक विद्यालय 'टीका का पूरा' का है, जो काजू ग्राम पंचायत के पास का है. इसमें दिखाई दे रही महिला प्रधानाध्यापक हैं. उनके और एक गार्जियन के बीच विवाद हो गया. उसका ये वीडियो है. इसकी जांच खंड शिक्षा अधिकारी से कराई जा रही है.
अधिकारी ने कहा कि अभिभावक शायद टीसी लेने गया था. इसी दौरान आपस में किसी बात पर कहासुनी हुई. विद्यालय में मारपीट जैसी स्थिति हो गई. इसको लेकर दोनों पक्ष थाने गए. अभी थाने में माफीनामा की स्थिति है. अभी इसमें विस्तृत आख्या (विस्तृत रिपोर्ट) मुझे प्राप्त नहीं हुई है, जैसे ही प्राप्त होगी. इस संबंध में हम आपको अवगत कराएंगे.
ये भी पढ़ें: