Punjab News
Punjab News
पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस और दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम और AAP के पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने मिशन समर्थ 4.0 की शुरुआत की. इस नई पहल के तहत पैरेंट्स अपने बच्चे की उपस्थिति के बारे में रोजाना SMS पा सकते हैं. शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि पंजाब जो पहले ही परख (प्रदर्शन मूल्यांकन, समीक्षा और समग्र विकास के लिए ज्ञान विश्लेषण) सर्वेक्षण में पहले स्थान पर है, अब क्लासरूम जवाबदेही को मजबूत करके रचनात्मक नतीजों की ओर बढ़ रहा है.
SMS से पैरेंट्स को मिलेगी बच्चों की जानकारी- शिक्षा मंत्री
शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने मिशन समर्थ 2026-27 के हिस्से के रूप में उपस्थिति ट्रैकिंग सिस्टम की शुरुआत की है.
उन्होंने कहा कि अभिभावकों को उनके बच्चे की उपस्थिति के बारे में रोजाना एसएमएस प्राप्त होंगे और हर गैर-उपस्थिति की जानकारी भी दी जाएगी. इसका मकसद नियमित उपस्थिति, सीखने की रुचि और विभिन्न गतिविधियों में बच्चे की भागीदारी बढ़ाना है. सात दिनों तक गैर-उपस्थित रहने वाले बच्चे से जिला स्तर पर अभिभावकों से संपर्क किया जाएगा, जबकि 15 दिनों से अधिक गैर-उपस्थिति पर अभिभावकों को सूबे के मुख्य दफ्तर से संपर्क करना होगा. यह सीखने की निरंतरता और बच्चों की सुरक्षा दोनों को सुनिश्चित करेगा.
शिक्षा का बजट बढ़ाया- शिक्षा मंत्री
शिक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शिक्षा बजट बढ़ाकर 19,279 करोड़ रुपए कर दिया है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि फंड फाइलों में अटके रहने की बजाय क्लासरूम तक पहुंचें. इससे सरकारी स्कूलों में बुनियादी ढांचे से लेकर नतीजों तक सार्थक बदलाव आएगा.
शिक्षा मंत्री ने कहा कि मिशन समर्थ ने क्लासरूम का माहौल बदल दिया है. यह चरण उपस्थिति ट्रैकिंग, बेहतर निगरानी और उत्कृष्ट अभ्यासों को साझा करके शिक्षा के मानक और जवाबदेही को बढ़ाने पर केंद्रित है. हमारा लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि हर बच्चे के लिए बुनियादी शिक्षा का आधार मजबूत हो.
एक अप्रैल तक पूरी किताबें उपलब्ध कराई गईं- मंत्री
शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि अब विद्यार्थियों को समय पर पाठ्य-पुस्तकें पहुंच रही हैं. उन्होंने आगे कहा कि पहले शिक्षक बच्चों को फोटोकॉपी करवाकर सिलेबस पूरा करवाने के लिए मजबूर थे, क्योंकि उन्हें सितंबर या अक्टूबर तक किताबें नहीं पहुंचती थीं. इस साल पंजाब सरकार ने प्राइवेट स्कूल की तरह हर बच्चे को 1 अप्रैल तक पूरी पाठ्य-पुस्तकें मुफ्त उपलब्ध कराई हैं. यह सरकार की सुचारू योजना और राजनीतिक इच्छाशक्ति के कारण ही संभव हो सका.
पंजाब ने साबित किया कि सरकारी स्कूल देश का नेतृत्व कर सकते हैं- मनीष सिसोदिया
मनीष सिसोदिया ने कहा कि पंजाब ने साबित कर दिया है कि सरकारी स्कूल देश का नेतृत्व कर सकते हैं. परख 2024 में अव्वल होना इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है. मिशन समर्थ 4.0 के साथ राज्य यह सुनिश्चित कर रहा है कि हर बच्चा हर रोज स्कूल जाए और पूरी लगन से कुछ सीखकर आए. यह वैश्विक उत्कृष्टता की ओर एक महत्वपूर्ण कदम है.
ये भी पढ़ें: