scorecardresearch

गजब सियासत! पति-पत्नी को 3 पार्टियों से मिला टिकट

गुजरात के अमरोली में नगरपालिका चुनाव में एक अनोखी घटना हुई. पति-पत्नी को बीजेपी, AAP और कांग्रेस से टिकट मिला. सुनकर अजीब लग रहा है, लेकिन ये सच है. बीजेपी और आम आदमी पार्टी ने पोपटभाई को टिकट दिया. जबकि उनकी पत्नी को कांग्रेस ने उम्मीदवार बनाया. हालांकि पोपटभाई ने बीजेपी और आम आदमी पार्टी के टिकट के नकार दिया और अब वो कांग्रेस में हैं.

Election Election

गुजरात में अमरेली के सावरकुंडला में एक अनोखी राजनीतिक घटना सामने आई है, जहां नगरपालिका के वार्ड नंबर 6 से पोपटभाई जमोड को भाजपा और आम आदमी पार्टी दोनों ने टिकट दिया है, जबकि उनकी पत्नी हंसाबेन कांग्रेस की उम्मीदवार बनी हैं. तीनों प्रमुख पार्टियों द्वारा एक ही दंपति को टिकट दिए जाने का यह मामला पूरे गुजरात में जिज्ञासा और चर्चा का विषय बन गया है.

2 लीडर, 3 पार्टी से टिकट-
आम तौर पर चुनाव के दौरान नेता एक पार्टी से दूसरी पार्टी का टिकट पाने के लिए पूरा जोर लगाते है और शोर मचाते हैं, लेकिन अमरेली जिले के सावरकुंडला में किस्मत का ऐसा उलटफेर देखने को मिला है, जिससे लोग भी अचंभित हैं. यहां एक ही दंपति को तीनों प्रमुख पार्टियों - भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) ने उम्मीदवार बना लिया है. 

सावरकुंडला नगर पालिका चुनाव की गहमागहमी चरम पर है, ऐसे में नेसडी रोड पर रहने वाले पोपटभाई जमोड और उनकी पत्नी हंसाबेन रातोंरात पूरे इलाके में चर्चा का केंद्र बन गई हैं. जब राजनीति के बड़े नेता टिकट इंतजार में एड़ी चोटी का जोर लगाते है, तब इस दंपति के लिए तीन पार्टियों के दरवाजे खुल गए हैं. 

पोपटभाई को AAP और बीजेपी से टिकट-
इस अनोखी घटना की शुरुआत सावरकुंडला के वार्ड नंबर 6 से हुई. पोपटभाई जमोड सालों से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जमीनी कार्यकर्ता के रूप में जाने जाते हैं. जब भाजपा ने अपनी आधिकारिक सूची जारी की, तो वार्ड नंबर 6 से उम्मीदवार के रूप में पोपटभाई का नाम घोषित किया गया. हालांकि राजनीति अनिश्चितताओं का खेल है. जब भाजपा ने पोपटभाई के निजी मित्र को टिकट नहीं दिया तो पार्टी में नाराजगी फैल गई. इस असंतोष के बीच पोपटभाई ने एक रणनीतिक चाल चलते हुए कांग्रेस पार्टी से अपनी पत्नी हंसाबेन जमोड का नामांकन पत्र भरवाया. जब लोग अभी इस दलबदल पर चर्चा ही कर रहे थे, तभी आम आदमी पार्टी की सूची में बड़ा धमाका हुआ. पोपटभाई जमोड का नाम भी 'आप' द्वारा जारी की गई आधिकारिक सूची में वार्ड नंबर 6 से उम्मीदवार के रूप में दर्ज था.

मैं कांग्रेस में हूं- पोपटलाल जमोड़
पूरे मामले पर बात करते हुए पोपटलाल जमोड ने कहा में पहले भाजपा में था, लेकिन अब कांग्रेस में हूं. मेरे सहयोगी की टिकट भाजपाने काट दी थी, जिसकी वजह से मैंने भाजपा छोड दी. हमें तीनों पार्टी से टिकट मिला था, मेरी पत्नी कांग्रेस से टिकट लड रही है. भाजपा और AAP को मैंने मना कर दिया है कि मैं चुनाव नहीं लड़ रहा.

(ब्रिजेश दोशी की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें: