Vijay
Vijay
4 राज्यों और एक शासित प्रदेश के विधानसभा चुनावों में सबसे हैरान करने वाले नतीजे तमिलनाडु के रहे. इस सूबे में नई-नवेली पार्टी TVK ने धमाकेदार जीत दर्ज की. एक्टर विजय की लहर में सत्ताधारी डीएमके और मुख्य विपक्षी दल AIADMK बह गईं. विजय की पार्टी सूबे में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है. टीवीके ने 108 सीटों पर जीत दर्ज की है. हालांकि टीवीके अभी भी बहुमत से दूर है. विजय को मुख्यमंत्री बनने के लिए दूसरे दलों की मदद लेनी पड़ेगी. चलिए आपको बताते हैं कि सूबे में विजय को सीएम पद तक पहुंचाने वाला समीकरण क्या है?
सरकार बनाने के लिए कहां से आएंगी 10 सीटें?
तमिलनाडु में विधानसभा की 234 सीटें हैं. विजय की पार्टी को सरकार बनाने के लिए 118 विधायकों की जरूरत होगी. लेकिन TVK के पास सिर्फ 108 विधायक हैं. विजय को मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचने के लिए अभी भी 10 और विधायकों की जरूरत पड़ेगी. हालांकि सूबे में कोई भी निर्दलीय विधायक नहीं चुना गया है. ऐसे में विजय को डीएमके गठबंधन या एआईएडीएमके गठबंधन के दलों को अपने साथ लेना होगा. इसके बिना सूबे में सरकार बनाना असंभव है.
DMK गठबंधन के छोटे दलों का साथ-
विजय को सरकार बनाने के लिए डीएमके और एआईएडीएमके का समर्थन नहीं मिलने वाला है या कहें कि विजय इन दोनों पार्टियों से सरकार बनाने के लिए समर्थन नहीं लेंगे. अब विजय के पास इन दोनों बड़े दलों के साथ चुनाव लड़ रहे छोटे दलों का ऑप्शन है. सबसे पहले डीएमके गठबंधन के सहयोगी दलों को जानते हैं.
डीएमके गठबंधन से चुनाव लड़ने वाले सहयोगी दल में कांग्रेस 5 सीट के साथ वीसीके, सीपीएम, आईयूएमएल और सीपीआई ने 2-2 सीटों पर जीत दर्ज की है. जबकि डीएमडीके ने एक सीट पर जीत दर्ज की है.
अगर विजय को कांग्रेस के साथ वामदलों का समर्थन मिले और आईयूएमएल और वीसीके में से किसी एक का समर्थन मिले तो जादुई आंकड़ा पार किया जा सकता है. लेकिन विजय डीएमके के सहयोगी दलों का साथ लेते हैं तो कांग्रेस का लेना ही होगा. बिना कांग्रेस के सहयोग के बिना डीएमके के गठबंधन के सहयोगी दलों के पास सिर्फ 9 सीटें है. लेकिन विजय को सरकार बनाने के लिए 10 सीटों की जरूरत है. ऐसे में अगर विजय डीएमके गठबंधन के सहयोगी दलों को अपने साथ लेते हैं तो कांग्रेस को लेना ही पड़ेगा.
AIADMK गठबंधन के सहयोगियों का साथ-
AIADMK गठबंधन में सबसे बड़ी पार्टी AIADMK है. जिसके पास 47 सीटें हैं. लेकिन इसका चांस कम ही है कि AIADMK विजय को सरकार बनाने के लिए समर्थन दे. इसके अलावा इस गठबंधन में जीत हासिल करने वाली पार्टियां पीएमके, एएमएमकेएमएनकेजेड और बीजेपी है. PMK 4 सीट, AMMKMNKZ और BJP ने एक-एक सीटों पर जीत दर्ज की है. ऐसे में विजय को इस गठबंधन के सभी छोटे दलों का साथ मिल जाए तो भी पार्टी जादुई आंकड़ा पार नहीं कर पाएगी.
सरकार बनाने का तीसरा विकल्प-
TVK को सरकार बनाने के लिए तीसरे विकल्प के तौर पर डीएमके गठबंधन और एआईएडीएमके गठबंधन के छोटे-छोटे दल हो सकते हैं. विजय को कांग्रेस और पीएमके साथ मिल जाए और इसके साथ किसी एक छोटे दल का साथ मिल जाए तो सरकार बनाना आसान हो सकता है. पीएमके के पास 4 और कांग्रेस के पास 5 विधायक हैं.
अब देखना है कि टीवीके चीफ विजय मुख्यमंत्री बनने के लिए किस समीकरण का इस्तेमाल करते हैं और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बनते हैं.
ये भी पढ़ें: