scorecardresearch

West Bengal Hot Seats: कहीं ममता बनर्जी और शुभेंदु अधिकारी में टक्कर तो कहीं अग्निमित्रा और तापस के बीच लड़ाई, ये हैं पश्चिम बंगाल की सबसे हॉट 10 सीटें, इनके नतीजों पर सबकी नजरें  

Bengal Election Results 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा की कुल 294 सीटों पर चुनाव के बाद आज वोटों की काउंटिंग जारी है. यहां पर किसी भी दल को सरकार बनाने के लिए 148 सीटों पर जीत जरूरी है. कहीं ममता बनर्जी और शुभेंदु अधिकारी में टक्कर तो कहीं अग्निमित्रा और तापस के बीच लड़ाई है. यहां आप पश्चिम बंगाल की सबसे हॉट 10 सीटें के बारे में जान सकते हैं, जिनके नतीजों पर सबकी नजरें हैं. 

Bengal Election Results 2026 Bengal Election Results 2026

पश्चिम बंगाल विधानसभा की 294 सीटों के लिए चुनाव 23 और 29 अप्रैल 2026 को संपन्न हो चुका है. आज 4 मई को मतगणना के साथ यह साफ हो जाएगा कि राज्य की सत्ता किसके हाथ में जाएगी. यहां पर किसी भी दल को सरकार बनाने के लिए विधानसभा की कुल 294 सीटों में से 148 सीटों पर जीत जरूरी है. कहीं ममता बनर्जी और शुभेंदु अधिकारी में टक्कर तो कहीं अग्निमित्रा और तापस के बीच लड़ाई है. यहां आप पश्चिम बंगाल की सबसे हॉट 10 सीटें के बारे में जान सकते हैं, जिनके नतीजों पर सबकी नजरें हैं. 

पश्चिम बंगाल की ये हैं हॉट 10 सीटें
1. भवानीपुर: पश्चिम बंगाल की सबसे हाई-प्रोफाइल सीट भवानीपुर है. यहां तृणमूल कांग्रेस (TMC) की प्रमुख और बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सीधी टक्कर बंगाल विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष भारतीय जनता पार्टी (BJP) भाजपा के शुभेंदु अधिकारी से है. इस सीट से कांग्रेस से प्रदीप प्रसाद और CPM से श्रीजीब बिस्वास चुनावी मुकाबले को दिलचस्प बना रहे हैं. आपको मालूम हो कि शुभेंदु और ममता 2021 में भी आमने-सामने थे. उस समय ममता बनर्जी शुभेंदु के गढ़ नंदीग्राम में चुनाव लड़ने पहुंचीं थीं, जहां उन्हें हार मिली थी. 

2. नंदीग्राम: पश्चिम बंगाल की सबसे हाई-प्रोफाइल सीटों में एक नंदीग्राम विधानसभा सीट भी है. इस सीट पर भाजपा के शुभेंदु अधिकारी का सामना टीएमसी के पवित्र कर से है. विधानसभा चुनाव 2021 में शुभेंदु अधिकारी ने इस सीट पर खुद को चुनौती पेश करने आईं ममता बनर्जी को चुनाव हरा दिया था.

3. दिनहाटा: उत्तर बंगाल की इस विधानसभा सीट पर टीएमसी के उदयन गुहा और भाजपा के अजय रॉय के बीच सीधी टक्कर है. यह सीट इतनी महत्वपूर्ण इसलिए है कि क्योंकि यहां विधानसभा चुनाव 2021 में हार-जीत का अंतर महज 57 वोटों का रहा था. उस समय भाजपा के नीशीथ प्रमाणिक ने टीएमसी के उदयन गुहा को मात दी थी.

4. आसनसोल दक्षिण: आसनसोल दक्षिण में भाजपा और टीएमसी के बीच कांटे की लड़ाई है. यहां पर भाजपा की अग्निमित्रा पॉल और टीएमसी के तापस बनर्जी आमने-सामने हैं.

5. भांगड़: पश्चिम बंगाल की भांगड़ सीट अल्पसंख्यक बहुल सीट है. यहां आईएसएफ के मौजूदा विधायक नौशाद सिद्दीकी को टीएमसी के शौकत मोल्ला से कड़ी टक्कर मिलने की उम्मीद है. पिछली बार टीएमसी की लाख कोशिश के बावजूद नौशाद ने यह सीट जीती थी.

6. खड़गपुर सदर: पश्चिम बंगाल की सबसे हाई-प्रोफाइल सीटों में एक खड़गपुर सदर सीट है. इस सीट से भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष अपनी वापसी की कोशिश कर रहे हैं. उनका सामना टीएमसी के प्रदीप सरकार से है, जिन्होंने 2019 के उपचुनाव में यह सीट जीती थी. विधानसभा चुनाव 2021 में यहां से भाजपा के हिरंमय चट्टोपाध्याय ने प्रदीप सरकार को मात दी थी.

7. नौदा और रेजिनगर: मुर्शिदाबाद जिले की रेजीनगर और नौदा सीटों पर मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है. इन दोनों सीटों से हुमायूं कबीर जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के उम्मीदवार के तौर पर मैदान में हैं. कभी तृणमूल कांग्रेस (TMC) का हिस्सा रहे कबीर अब अपनी नई पार्टी के साथ राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं. कबीर बंगाल में बाबरी मस्जिद बनाने का दावा करके चर्चा में आए थे.

8. सोनारपुर दक्षिण: पश्चिम बंगाल की सबसे हाई-प्रोफाइल सीटों में एक सोनारपुर दक्षिण सीट भी है. यहां से भाजपा की प्रमुख नेता और अभिनेत्री रूपा गांगुली चुनावी मैदान में हैं. विधानसभा चुनाव 2021 में यहां से टीएमसी की अरुधति मैत्रा (लवली) को जीत मिली थी. लवली एक बार फिर इस सीट से चुनावी मैदान में हैं. 

9. बेलेघाटा: श्चिम बंगाल की सबसे हाई-प्रोफाइल सीटों में एक बेलेघाटा सीट भी है. यहां से तृणमूल कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता कुणाल घोष चुनाव लड़ रहे हैं. विधानसभा चुनाव 2021 में यहां से टीएमसी के ही परेश पॉल को जीत मिली थी. 

10. संदेशखाली: संदेशखाली में 2026 के विधानसभा चुनाव में मुख्य मुकाबला तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच है. संदेशखली में टीएमसी ने CPI(M) के रवींद्र नाथ महाता और इंडिपेंडेंट कैंडिडेट हरीश चंद्र सरदार के खिलाफ झरना सरदार को मैदान में उतारा है. पिछले चुनाव में TMC के सुकुमार महाता ने 39,685 वोटों के जीत के अंतर से इस सीट पर दबदबा बनाया था.