हैलोवीन पर डरावने कपड़े पहनना आम बात है, लेकिन अगर कोई खुद को ही एक कटा हुआ हाथ बना ले तो? अमेरिकी सुपरमॉडल और टीवी स्टार हाइडी क्लम ने इस बार कुछ ऐसा ही किया. न्यूयॉर्क में अपनी सालाना हैलोवीन पार्टी में वह शरीर से अलग हुए एक विशाल हाथ के रूप में पहुंचीं. उनके चेहरे से खून टपक रहा था और हाथ के कटे हिस्से से मांस और नसें बाहर निकली दिखाई दे रही थीं. उनका यह डरावना लुक सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. 25 साल से हैलोवीन पार्टी आयोजित कर रहीं हाइडी ने एक बार फिर अपने अनोखे कॉस्ट्यूम से लोगों को चौंका दिया.
हाइडी क्लम इस बार इतनी अलग दिख रही थीं कि उन्हें पहचानना मुश्किल था. उनके पूरे शरीर को एक विशाल हाथ के आकार के कॉस्ट्यूम में ढका गया था. सिर्फ उनकी आंखें और मुंह दिखाई दे रहे थे. मुंह से नकली खून बहता दिखाया गया और उन्होंने जीभ बाहर निकालकर अपने लुक को और डरावना बना दिया. कॉस्ट्यूम के ऊपरी हिस्से में कटे हुए हाथ की तरह नसें और मांस के टुकड़े लटकते हुए बनाए गए थे.
हाइडी ने बताया कि उन्हें पिछले साल ही इस कॉस्ट्यूम का आइडिया आया था. वह अपने शरीर को अपने ही बाएं हाथ जैसा दिखाना चाहती थीं. इसके लिए उन्होंने हाथ की बनावट, लंबी लाल नेल पॉलिश, अंगूठी और सगाई व शादी की अंगूठी जैसी बारीकियों को भी कॉस्ट्यूम में शामिल कराया. उन्होंने बताया कि एक दिन अपने हाथ को देखकर उनके मन में विचार आया कि वह किसी तरह इसके अंदर अपना पूरा शरीर फिट कर सकती हैं.
इस कॉस्ट्यूम को पहनना भी आसान नहीं था. हाइडी के मुताबिक, तैयार होने में करीब 5 से 6 घंटे लगे. हालांकि, इसे बनाने में इससे कहीं ज्यादा समय लगा था. उन्होंने पार्टी से पहले इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें और वीडियो भी शेयर किए थे, जिनमें उनके चेहरे पर नकली खून और डरावने प्रोस्थेटिक्स लगाए जा रहे थे. हाइडी ने मजाकिया अंदाज में कहा कि इस कॉस्ट्यूम की सबसे मुश्किल बात इसे पहनकर चलना नहीं, बल्कि इसका भारी वजन संभालना है.
हाइडी क्लम हर साल अपने हैलोवीन कॉस्ट्यूम को लेकर चर्चा में रहती हैं. 2022 में वह एक विशाल रेंगने वाले कीड़े के रूप में पार्टी में पहुंची थीं. उस दौरान उन्हें मछली पकड़ने वाली डोरी के सहारे आगे बढ़ते हुए दिखाया गया था. उनका पूरा शरीर कीड़े जैसे कॉस्ट्यूम में ढका था. यह लुक भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था.
कभी चुड़ैल तो कभी मोर बनकर चौंकाया
हाइडी इससे पहले मेडुसा, मोर और आठ फीट लंबे ट्रांसफॉर्मर के रूप में भी नजर आ चुकी हैं. उन्होंने माइकल जैक्सन के गाने 'थ्रिलर' के वेयरवुल्फ जैसा लुक भी अपनाया था. एक बार वह अपने जैसे दिखने वाले कई हमशक्लों के साथ क्लोन बनकर पहुंची थीं. हर साल उनका कॉस्ट्यूम पहले से ज्यादा अलग और अनोखा होता है.