इस हफ्ते OTT पर मनोरंजन के लिए कई नए विकल्प मिलने वाले हैं. अगर आप भी इस वीक कुछ हटकर बिंज वॉच करना चाहेत हैं तो एक बार ये लिस्ट चेक कर लें.
अ कपल ऑफ लाइज (A Couple of Lies) Netflix
यह चार एपिसोड की स्वीडिश साइकोलॉजिकल थ्रिलर दो अमीर जोड़ों की कहानी है, जो अपनी शादी बचाने के लिए स्टॉकहोम और सिसिली में एक-दूसरे के घर बदल लेते हैं. लेकिन घरों में छिपे कैमरे और अनजाने राज सामने आने लगते हैं. इसके बाद रिश्तों में धोखा, चालबाजी और अपराध का खेल शुरू हो जाता है.
मीठे में क्या है (Meethe Mein Kya Hai) (Netflix)
यह फैमिली ड्रामा एक ऐसे परिवार की कहानी है, जहां कई पीढ़ियां एक साथ रहती हैं. सालों से दबे राज और अलग-अलग सोच ने रिश्तों में दूरियां पैदा कर दी हैं. त्योहार के मौके पर परिवार एक साथ आता है, लेकिन शादी से जुड़ी एक अचानक आई खबर पुराने विवादों और अनकही बातों को सामने ले आती है.
अक्का (Akka) Netflix
1980 के दशक की पृष्ठभूमि पर बनी यह क्राइम ड्रामा पेरुनुरु नाम के काल्पनिक शहर की कहानी है. यहां अपराध की दुनिया पर महिलाओं के एक ताकतवर समूह का राज है. कीर्ति सुरेश की भवानी और राधिका आप्टे की रुद्रा के बीच दुश्मनी बढ़ती जाती है. इसी बीच एक बाहरी व्यक्ति की एंट्री पूरी कहानी बदल देती है.
अवराचन एंड सन्स (Avaraachan & Sons) (Netflix)
बिजू मेनन, श्रीनाथ भासी, विनय फोर्ट और ग्रेस एंटनी स्टारर यह मलयालम फैमिली कॉमेडी अवराचन और उसके परिवार की कहानी है. अवराचन की लापरवाह जिंदगी और नशे की आदतों ने उसके बच्चों को सालों तक परेशान किया है. फिल्म में परिवार के बिगड़े रिश्तों, आपसी तनाव और पिता के व्यवहार के असर को दिखाया गया है.
ऑब्सेशन (Obsession) JioHotstar
माइकल जॉनस्टन और इंडे नवारेटे स्टारर यह हॉरर फिल्म बेयर की कहानी है, जो अपने बचपन के प्यार निक्की को पाने के लिए एक रहस्यमयी चीज का सहारा लेता है. उसकी इच्छा पूरी तो होती है, लेकिन इसकी कीमत बेहद डरावनी होती है. निक्की हिंसक व्यवहार करने लगती है और बेयर इस श्राप को खत्म करने की कोशिश करता है.