रवि किशन इन दिनों सिर्फ अपने बयानों की वजह से ही नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर छाए मीम्स और रील्स की वजह से भी लगातार चर्चा में हैं. उनके डांस स्टेप्स हों या फिर बेबाक अंदाज, इंटरनेट पर हर तरफ उनके मीम्स वायरल हो रहे हैं. कई यूजर्स तो खुद को रवि किशन एडिक्ट बताकर रील्स बना रहे हैं. लेकिन इन मीम्स के पीछे एक और वजह है, जो लोगों का ध्यान खींच रही है 57 साल की उम्र में उनकी जबरदस्त फिटनेस और गजब की एनर्जी.
रोज एक्सरसाइज करना कभी नहीं छोड़ते
रेड इंक को दिए इंटरव्यू में रवि किशन ने बताया कि अच्छी सेहत का कोई शॉर्टकट नहीं होता. उनके मुताबिक, हर इंसान को रोज अपने शरीर का ख्याल रखना चाहिए. उन्होंने कहा, 'रोज कसरत करें, रोज पॉजिटिव रहें, रोज दौड़ें और सबसे जरूरी अपने शरीर से प्यार करें.'
उनका मानना है कि अगर शरीर स्वस्थ रहेगा तो जीवन के हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन किया जा सकता है. यही वजह है कि चाहे दिन कितना भी व्यस्त क्यों न हो, वह अपनी एक्सरसाइज कभी मिस नहीं करते. रवि किशन ने बताया कि वह पूरी तरह शाकाहारी हैं. उनका कहना है कि अच्छी सेहत के लिए अंडा या नॉनवेज खाना जरूरी नहीं है. उन्होंने अपनी जरूरत के पोषक तत्वों के लिए कई शाकाहारी विकल्प अपनाए हैं.
अब गाय-भैंस का दूध नहीं पीते
रवि किशन ने अपनी डाइट में बड़ा बदलाव करते हुए बताया कि अब उन्होंने गाय और भैंस का दूध पीना छोड़ दिया है. उन्होंने कहा कि अब वह नारियल को पीसकर उसका दूध तैयार करते हैं और रोज उसे अपनी डाइट में शामिल करते हैं. उनके अनुसार, एक नारियल से करीब एक गिलास नारियल का दूध बन जाता है. नारियल का दूध हेल्दी फैट का अच्छा स्रोत है, लेकिन इसमें सामान्य दूध की तुलना में प्रोटीन काफी कम होता है.
रोज 200 दंड लगाते हैं, अब ताई ची भी सीख रहे
रवि किशन ने बताया कि इंटरव्यू के लिए निकलने से पहले ही वह 200 दंड यानी पुश-अप्स लगा चुके थे. इसके अलावा उन्होंने हाल ही में ताई ची सीखना भी शुरू किया है. उनका मानना है कि शरीर को लगातार एक्टिव रखना और नई चीजें सीखते रहना फिट रहने का अहम हिस्सा है. इसलिए उन्होंने अपनी फिटनेस रूटीन में ताई ची को भी शामिल किया है.