Hansika Motwani, husband divorce
Hansika Motwani, husband divorce
एक्ट्रेस हंसिका मोटवानी ने अपने बिजनेसमैन पति सोहेल कथूरिया (Sohail Khaturiya) से तलाक ले लिया है. बांद्रा के फैमिली कोर्ट ने दोनों को आपसी सहमति से तलाक की मंजूरी दे दी. बताया जा रहा है कि हंसिका मोटवानी ने एलिमनी लेने से भी इनकार कर दिया है.
2022 में जयपुर में हुई थी शादी
हंसिका मोटवानी और सोहेल खटूरिया की शादी 4 दिसंबर 2022 को जयपुर के फेमस मुंडोटा फोर्ट एंड पैलेस में हिंदू रीति-रिवाजों के साथ हुई थी. यह शादी काफी चर्चाओं में रही थी. हालांकि इस शादी से दोनों का कोई बच्चा नहीं है.
एक छत के नीचे रहना हो गया था मुश्किल
अदालत में सुनवाई के दौरान हंसिका मोटवानी की तरफ से वकील अदनान शेख ने बताया कि शादी के बाद दोनों कुछ समय तक साथ रहे, लेकिन धीरे-धीरे उनके स्वभाव, विचारों और लाइफस्टाइल में काफी अंतर सामने आने लगा. याचिका में कहा गया कि छोटे-छोटे मुद्दों पर भी दोनों के बीच अक्सर झगड़े होने लगे. स्थिति ऐसी हो गई कि दोनों के लिए एक ही छत के नीचे साथ रहना मुश्किल हो गया.
परिवार ने बचाने की कोशिश की शादी
दोनों के परिवार और रिश्तेदारों ने शादी बचाने की काफी कोशिश की. दोस्तों और परिजनों ने भी समझौता कराने की कोशिश की, लेकिन उनके बीच मतभेद खत्म नहीं हो सके. आखिरकार दोनों ने अलग होने का फैसला कर लिया और 2 जुलाई 2024 से अलग-अलग रहने लगे.
आपसी सहमति से लिया अलग होने का फैसला
रिपोर्ट्स के मुताबिक रिश्ते में तनाव के बावजूद दोनों ने बातचीत के बाद आपसी सहमति से तलाक लेने का फैसला किया. दोनों ने अदालत में अपने-अपने हलफनामे दाखिल किए और किसी तरह का आर्थिक दावा एक-दूसरे से नहीं किया.
चाइल्ड आर्टिस्ट से साउथ की स्टार बनीं हंसिका
हंसिका मोटवानी ने अपने करियर की शुरुआत बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट टीवी शो शाका लाका बूम बूम से की थी. इसके बाद उन्होंने फिल्म Koi... Mil Gaya में भी बाल कलाकार के रूप में काम किया. बाद में वह साउथ इंडियन फिल्म इंडस्ट्री की लोकप्रिय अभिनेत्रियों में शामिल हो गईं और कई हिट फिल्मों में नजर आईं.
इनपुट- विद्या