
Happy Birthday Avika Gor
Happy Birthday Avika Gor
टीवी का मशहूर शो बालिका वधू शायद ही कोई भूला होगा. बचपन में हममें से ज्यादातर लोगों ने यह सीरियल अपनी दादी, नानी या मां के साथ बैठकर जरूर देखा है. शाम होते ही घर का माहौल बदल जाता था. सब अपने-अपने काम निपटाकर टीवी के सामने बैठ जाते थे और स्क्रीन पर मीठी मुस्कान के साथ नजर आती थी छोटी आनंदी, जो अपने अभिनय से घर-घर में मशहूर हुई. इस किरदार को निभाया था अविका गौर ने. आज भी बहुत से लोग उन्हें उनके असली नाम से ज्यादा 'आनंदी' के नाम से पहचानते हैं.
लेकिन टीवी की वही छोटी बच्ची आज साउथ फिल्म इंडस्ट्री का जाना-पहचाना चेहरा बन चुकी है. कई सफल फिल्मों में काम करने के बाद अविका ने बड़े पर्दे पर भी अपनी अलग पहचान बना ली है.
टीवी से सीधे साउथ फिल्मों तक का सफर
टीवी पर सफलता हासिल करने के बाद अविका गौर ने साल 2013 में तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा. उनकी पहली फिल्म Uyyala Jampala थी. इसी फिल्म के साथ उन्होंने साउथ सिनेमा में अपनी नई पारी शुरू की. इसके बाद उन्होंने लगातार अलग-अलग तरह के किरदार निभाए और धीरे-धीरे साउथ की लोकप्रिय अभिनेत्रियों में अपनी जगह बना ली.

इन फिल्मों में नजर आ चुकी हैं अविका गौर
साउथ फिल्म इंडस्ट्री में अविका गौर ने कई फिल्मों में लीड रोल और अहम किरदार निभाए. उनकी प्रमुख फिल्मों में उय्याला जम्पाला (2013), लक्ष्मी रावे मा इंटिकी, सिनेमा चूपिस्ता मावा, राजू गारी गढ़ी 3, ब्रॉ (#Bro), नेट, थैंक यू, पॉपकॉर्न, उमापति, वधूवु और ब्लडी इश्क शामिल हैं. इन फिल्मों के जरिए उन्होंने यह साबित किया कि वह सिर्फ टीवी तक सीमित रहने वाली कलाकार नहीं हैं, बल्कि बड़े पर्दे पर भी अपनी मजबूत पहचान बना सकती हैं.
टीवी की 'आनंदी' ने असल जिंदगी में भी रचाई शादी
जिस अभिनेत्री को लोगों ने सालों तक बालिका वधू में दुल्हन के रूप में देखा, उन्होंने अब अपनी असल जिंदगी में भी शादी कर ली है. अविका गौर ने 30 सितंबर को मुंबई में कॉर्पोरेट प्रोफेशनल मिलिंद चंदवानी के साथ सात फेरे लिए. दोनों की शादी बेहद सादगी और परिवार की मौजूदगी में हुई. दिलचस्प बात यह रही कि शादी 'पति, पत्नी और पंगा' के सेट पर संपन्न हुई, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुए थे.
टीवी से लेकर फिल्मों तक बनाई अलग पहचान
अविका गौर उन चुनिंदा कलाकारों में शामिल हैं, जिन्होंने बाल कलाकार के रूप में करियर शुरू किया और बड़े होने के बाद भी इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाए रखी. बालिका वधू से मिली लोकप्रियता को उन्होंने सिर्फ यादों तक सीमित नहीं रहने दिया, बल्कि मेहनत के दम पर साउथ फिल्म इंडस्ट्री में भी अपनी अलग पहचान बनाई. आज वह टीवी और फिल्मों, दोनों दुनिया में एक सफल अभिनेत्री के रूप में जानी जाती हैं.
ये भी पढ़ें