Bandar Movie Trailer
Bandar Movie Trailer
Bandar Movie Trailer बॉबी देओल इन दिनों अपनी फिल्मों के जरिए लगातार अलग और दमदार किरदार निभाते नजर आ रहे हैं. करियर की दूसरी पारी में उन्होंने खुद को नए अंदाज में पेश किया है, जिसके कारण उन्हें मई पहचान मिली है. वहीं अब वह अपनी आने वाली फिल्म 'बंदर' को लेकर चर्चा में हैं, जिसका ट्रेलर सामने आ गया है. अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनी इस फिल्म में बॉबी एक ऐसे किरदार में दिखाई दे रहे हैं, जो कई उतार-चढ़ाव और भावनात्मक परतों के बीच से गुजरता नजर आता है. ट्रेलर ने रिलीज होते ही दर्शकों के बीच चर्चा शुरू कर दी है.
ट्रेलर में दिखी कहानी की गंभीर झलक
'बंदर' के ट्रेलर की शुरुआत बॉबी देओल से होती है, जो खुद उम्रदराज है और कम उम्र की लड़कियों को डेट करता फिल्म में नजर आता है. कहानी में बड़ा मोड़ तब आता है, जब उसकी मुलाकात एक ऐसी लड़की से होती है, जो उसकी जिंदगी पूरी तरह बदल देती है. इसके बाद हालात ऐसे बनते हैं कि उसका किरदार जेल पहुंच जाता है.
ट्रेलर में बॉबी का किरदार खुद को निर्दोष बताता दिखाई देता है, लेकिन उसकी बात सुनने वाला कोई नजर नहीं आता. इसी के साथ कहानी में कई भावनात्मक और गंभीर पहलुओं की झलक देखने को मिलती है, जो फिल्म को रहस्य और ड्रामा से भरपूर बनाती है.
क्या झूठे आरोप की कहानी है फिल्म?
ट्रेलर देखकर ऐसा महसूस होता है कि फिल्म की कहानी दुष्कर्म के झूठे आरोप के इर्द-गिर्द घूमती नजर आ सकती है. इसी वजह से बॉबी देओल का किरदार सलाखों के पीछे पहुंच जाता है और जेल में मुश्किल हालात का सामना करता दिखाई देता है.
ट्रेलर में अलग-अलग परिस्थितियों में बॉबी की एक्टिंग काफी प्रभाव छोड़ती नजर आती है. कभी वह बेबस दिखाई देते हैं, तो कभी गुस्से और दर्द से भरे हुए. उनके किरदार के कई रंग ट्रेलर में देखने को मिलते हैं, जिसने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है.
फिल्म की कहानी और स्टारकास्ट
'बंदर' का निर्देशन अनुराग कश्यप ने किया है, जबकि फिल्म की कहानी सुदीप शर्मा और अभिषेक बनर्जी ने लिखी है. वहीं निखिल द्विवेदी इस फिल्म के निर्माता हैं.
फिल्म में बॉबी देओल के साथ सान्या मल्होत्रा, सपना पब्बी, सबा आजाद, इंद्रजीत सुकुमारन, जितेंद्र जोशी, राज बी. शेट्टी और नागेश भोंसले जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं. स्टारकास्ट को देखते हुए फिल्म को लेकर दर्शकों में उत्साह बढ़ता दिख रहा है.
कब रिलीज होगी 'बंदर'?
अगर आप बॉबी देओल की इस नई फिल्म का इंतजार कर रहे हैं, तो ज्यादा लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा. 'बंदर' 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है. ट्रेलर देखने के बाद अब फैंस फिल्म की कहानी को बड़े पर्दे पर देखने के लिए उत्साहित नजर आ रहे हैं. देखना ये होगा कि लॉर्ड वॉवी की ये कहानी पर्दे पर असर छोड़ पाएंगी या नहीं.
ये भी पढ़ें