scorecardresearch

Tumbbad 2: पहली बार रिलीज हुई तो नहीं मिली सफलता, OTT से बनी पहचान, अब पार्ट 2 में आलिया भट्ट की तय है एंट्री... जानें पहले भाग की कहानी

मेकर्स ने फाइनली इस बात पर से पर्दा हटा दिया है कि फिल्म 'तुम्बाड 2' में आलिया भट्ट, सोहम शाह के साथ नजर आने वाली हैं. पढ़ें क्यों दोबारा थिएटर में रिलीज करनी पड़ी थी फिल्म, कैसे मिली इसे पहचान और क्या है तुम्बाड के पहले पार्ट की कहानी.

Tumbbad 2 Tumbbad 2

आज के वक्त में आलिया भट्ट बॉलीवुड की बड़ी एक्ट्रेस में गिनी जाती हैं. ऐसे में उनके पास प्रोजक्ट्स की कमी नहीं है. अब खबर आ रही है कि वह साल 2018 में रिलीज हुई फिल्म 'तुम्बाड' के दूसरे पार्ट में नजर आने वाली हैं. इस फिल्म को आज भी बॉलीवुड की बेहतरीन हॉरर फिल्मों में गिना जाता है. हालांकि रिलीज के वक्त यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कोई बड़ा कमाल नहीं दिखा पाई थी. लेकिन वक्त के साथ इसकी किस्मत बदली और आज यह एक कल्ट क्लासिक बन चुकी है. अब फिल्म का दूसरा पार्ट बनने जा रहा है, जिसमें सोहम शाह के साथ आलिया भट्ट नजर आएंगी. इस खबर के सामने आते ही फैंस के बीच एक्साइटमेंट काफी बढ़ गई है.

'A New Chapter Unfolds' के साथ हुआ आलिया की एंट्री का ऐलान
कई दिनों से चल रही चर्चाओं के बाद आखिरकार मेकर्स ने साफ कर दिया कि 'तुम्बाड 2' में आलिया भट्ट की एंट्री होगी. सोहम शाह ने सोशल मीडिया पर 'A New Chapter Unfolds' लिखकर इसका ऐलान किया. वहीं आलिया ने भी कहा कि पहली बार जब उन्होंने 'तुम्बाड' देखी थी, तभी से यह फिल्म उनके दिल में बस गई थी. उनके मुताबिक बहुत कम फिल्में ऐसी होती हैं, जो अपनी अलग दुनिया बनाती हैं और रिलीज के कई साल बाद भी लोगों के दिमाग में जिंदा रहती हैं. उन्होंने कहा कि सोहम शाह और नवाजुद्दीन सिद्दीकी जैसे कलाकारों के साथ काम करना उनके लिए बेहद खास होगा और वह इस रहस्यमयी कहानी का हिस्सा बनने को लेकर काफी उत्साहित हैं.

इस बार बड़े बजट और बड़े स्तर पर बनेगी फिल्म
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'तुम्बाड 2' पहले पार्ट से कहीं बड़े स्तर पर बनाई जा रही है. मुंबई में करीब 7 से 8 एकड़ में फिल्म का विशाल सेट तैयार किया जा रहा है, जहां पहले शेड्यूल की शूटिंग होगी. फिल्म का बजट करीब 100 करोड़ रुपये बताया जा रहा है, जिससे यह बॉलीवुड की सबसे बड़े बजट वाली हॉरर फिल्मों में शामिल हो सकती है. फिल्म की शूटिंग 7 अप्रैल 2026 से शुरू हो चुकी है. इसका निर्देशन आदेश प्रसाद कर रहे हैं. फिल्म 3 दिसंबर 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जिसका टैगलाइन 'प्रलय आएगा' रखा गया है.

तुम्बाड के पहले पार्ट की कहानी
'तुम्बाड'
की कहानी महाराष्ट्र के एक रहस्यमयी गांव से शुरू होती है, जहां हस्तर नाम के एक श्रापित देवता का खजाना छिपा होता है. गांव में रहने वाला विनायक राव बचपन से ही इस रहस्य के बारे में जानता है. उसकी मां उसे कई बार लालच से दूर रहने की सलाह देती है, लेकिन बड़ा होने पर वह दोबारा तुम्बाड लौटता है और हस्तर के खजाने तक पहुंचने का रास्ता खोज लेता है. वह हर बार चालाकी से हस्तर को धोखा देकर सोने के सिक्के निकालता है और धीरे-धीरे अमीर बन जाता है.

समय बीतने के साथ उसका लालच बढ़ता जाता है. वह अपने बेटे पांडुरंग को भी इस रहस्य से परिचित कराता है और उसे खजाना हासिल करने का तरीका सिखाता है. लेकिन ज्यादा सोना पाने की चाह में विनायक एक बड़ी गलती कर बैठता है. वह एक साथ कई आटे के पुतले बनाकर हस्तर को भ्रमित करने की कोशिश करता है, लेकिन योजना उलटी पड़ जाती है. कई हस्तर जाग जाते हैं और विनायक उनके बीच फंस जाता है.

आखिर में वह अपने बेटे की जान बचाने के लिए खुद को बलिदान कर देता है, जबकि पांडुरंग वहां से सुरक्षित निकल जाता है. फिल्म का अंत इस संदेश के साथ होता है कि लालच इंसान को कुछ समय के लिए अमीर जरूर बना सकता है, लेकिन आखिरकार वही उसके विनाश का सबसे बड़ा कारण बनता है.

पहली बार रिलीज हुई तो नहीं मिली सफलता
'तुम्बाड' जब साल 2018 में रिलीज हुई थी, तब इसकी कहानी, सिनेमैटोग्राफी और भारतीय लोककथाओं को नए अंदाज में दिखाने के लिए खूब तारीफ हुई थी. फिल्म वेनिस इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल तक पहुंची, लेकिन इसके बावजूद बॉक्स ऑफिस पर इसे उम्मीद के मुताबिक सफलता नहीं मिली. रिलीज के समय फिल्म सिर्फ सीमित कमाई ही कर सकी.

फिर ऐसे लोगों तक पहुंची और बन गई सुपरहिट
सिनेमाघरों में भले ही फिल्म ज्यादा नहीं चली, लेकिन ओटीटी प्लेटफॉर्म पर आने के बाद धीरे-धीरे लोगों ने इसे देखना शुरू किया. देखते ही देखते फिल्म की अपनी अलग फैन फॉलोइंग बन गई. इसके बाद जब फिल्म दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज हुई, तो नतीजा बिल्कुल उल्टा रहा. री-रिलीज में फिल्म ने 38 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की और बॉलीवुड की सबसे सफल री-रिलीज फिल्मों में शामिल हो गई. सोहम शाह के लिए भी यह पल खास रहा, क्योंकि उन्होंने कई लोगों के मना करने के बावजूद इस फिल्म को प्रोड्यूस किया था. सालों बाद मिली यह सफलता उनकी मेहनत का सबसे बड़ा इनाम साबित हुई.

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

A post shared by Sohum Shah (@shah_sohum)

हस्तर की कहानी अब और आगे बढ़ेगी
सोहम शाह फिल्म्स और पेन स्टूडियोज के बैनर तले बन रही 'तुम्बाड 2' को एक प्लान की गई ट्रिलॉजी का दूसरा चैप्टर माना जा रहा है. इस बार फिल्म में हस्तर की रहस्यमयी और डरावनी दुनिया को पहले से ज्यादा गहराई से दिखाया जाएगा. सोहम शाह एक बार फिर विनायक राव के किरदार में नजर आएंगे, जबकि फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी भी अहम भूमिका निभाते दिखाई देंगे. 
 

ये भी पढ़ें