Aishwarya Rai and Deepika Padukone (Photo/PTI)
Aishwarya Rai and Deepika Padukone (Photo/PTI)
दुनिया के सबसे बड़े फिल्म फेस्टिवल में से एक कान्स का मंच सज चुका है. फैशन और ग्लैमर के इस महामंच पर दुनिया भर के दिग्गज जुट चुके हैं. आज से 23 मई तक कान्स का ये मंच चुनिंदा फिल्मों और हस्तियों से गुलजार रहने वाला है. फ्रांस के फ्रेंच रिवेरा में आयोजित 79वें कान्स में अगले 12 दिनों तक दुनियाभर की फिल्मों की स्क्रीनिंग रखी जाएगी. तो कान्स के भव्य रेड कार्पेट पर दुनियाभर की हस्तियां अपने स्टाइल और लुक से छाप छोडेंगी. जिनमें भारत का प्रतिनिधित्व करती बॉलीवुड की कई एक्ट्रेसेज भी शुमार होंगी.
कान्स में भारतीय स्टार्स-
इस साल भारत से आलिया भट्ट, ऐश्वर्या राय, मौनी रॉय, अदिति राव हैदरी और एहसास चन्ना कांस के रेड कार्पेट में पहुंचेंगी. तारा सुतारिया कांस रेड कार्पेट पर डेब्यू करने वाली हैं, जबकि आलिया भट्ट, लॉरियल पेरिस की तरफ से कांस में शिरकत कर रही हैं.
कान्स में बॉलीवुड का इतिहास-
कान्स फिल्म फेस्टिवल की शुरुआत 1946 में हुई थी और उसी साल भारत ने अपनी मौजूदगी प्रमुखता से दर्ज कराई थी. चेतन आनंद की फिल्म 'नीचा नगर' को पहले कान्स फिल्म फेस्टिवल में सम्मानित किया गया था. जहां तक कान्स के रेड कार्पेट पर भारतीय एक्ट्रेसेज के शिरकत करने का सवाल है तो उसकी शुरुआत 2002 में ऐश्वर्या राय ने की थी.
ऐश्वर्या ने अपनी फिल्म 'देवदास' के प्रीमियर के लिए पहली बार रेड कार्पेट पर शिरकत की. उस वक्त ऐश्वर्या के साथ 'देवदास' में उनके को-स्टार शाहरुख खान और डायरेक्टर संजय लीला भंसाली भी साथ थे. ऐश्वर्या ने तब नीता लुल्ला की डिजाइन की गई सुनहरी पीली साड़ी और भारी आभूषण पहना था. तब से भारतीय एक्ट्रेसेज के कान्स रेड कार्पेट पर शिरकत करने का सिलसिला चल पड़ा.
2003 कान्स में ऐश्वर्या राय जूरी में शामिल-
रेड कार्पेट डेब्यू के ठीक एक साल बाद 2003 में ऐश्वर्या राय कान्स की जूरी में शामिल हुईं. 2004 में ऐश्वर्या ब्यूटी ब्रैंड लोरियाल की ग्लोबल ब्रैंड एंबेसडर बनीं. तब से वो लगातार कान्स के रेड कार्पेट पर भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं. ऐश्वर्या राय इस साल अपनी 23वीं कान्स अपीयरेंस दर्ज कर रही हैं.
दीपिका से लेकर सोनम तक ने बिखेरा जलवा-
2013 में सोनम कपूर कान्स के रेड कार्पेट पर अपने अंदाज से खूब छाईं. उन्होंने अपने भारतीय पारंपरिक लुक को वेस्टर्न टच दिया था. इसके साथ उन्होंने जैकेट कैरी की थी. 2017 में दीपिका पादुकोण ने पहली बार कान फिल्म फेस्टिवल के रेड कार्पेट पर अपना जलवा बिखेरा था. इसके 5 साल बाद 2022 में 75वें कान्स फिल्म फेस्टिवल में दीपिका ने जूरी सदस्य के रूप में शिरकत की थी. ब्लैक और गोल्डन कलर की सब्जसाजी की डिजाइन की हुई साड़ी में वे खूब छाई थीं.
प्रियंका चोपड़ा ने 2019 में कान्स फिल्म फेस्टिवल में रेड कार्पेट डेब्यू किया था. शाइनिंग ब्लैक और रेड कलर की ड्रेस में उन्होंने लोगों का खूब ध्यान खींचा था. 2023 में अनुष्का शर्मा ने अपना ऑफिशियल डेब्यू कान्स में किया था. क्रीम कलर के गाउन में वे जब रेड कार्पेट पर उतरीं तो नजरें उन पर ठहर गई थीं. 3D फूलों के डिजाइन और बारीक कढ़ाई वाले इस गाउन की खूब चर्चा रही.
बीते साल जान्हवी कपूर, आलिया भट्ट और अदिति राव हैदरी ने कान्स फिल्म फेस्टिवल के रेड कार्पेट पर डेब्यू किया. जाहन्वी ने कस्टम गुलाबी आउटफिट के साथ सिर पर पल्लू अटैच किया था. वहीं, आलिया भट्ट की साड़ी पर जड़े क्रिस्टल ने लोगों का ध्यान खींचा था, जबकि लाल रंग की साड़ी में अदिति राव हैदरी खूब छाई थीं. वे अपना सिंदूर फ्लॉन्ट करती दिखी थीं.
ये भी पढ़ें: