Dhurandhar 2
Dhurandhar 2
Dhurandhar 2: रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 का क्रेज दर्शकों के सिर चढ़कर बोल रहा है. दुनियाभर में 19 मार्च 2026 को ऑफिशियली रिलीज होते ही इस फिल्म को देखने के लिए सिनेमाघरों में दर्शकों की भीड़ टूट पड़ी. सुबह से लेकर शाम तक के शोज हाउस फुल नजर आए. इस तरह से इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है. धुरंधर 2 बॉक्स ऑफिस पर ऐतिहासिक ओपनिंग के साथ कमाई के मामले में जवान-पठान ही नहीं बल्कि एनिमल और स्त्री 2 का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है. इस तरह से आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस स्पाई थ्रिलर ने बॉक्स ऑफिस पर एक नया पैमाना तय कर दिया है. धुरंधर 2 ने न सिर्फ ब्लॉकबस्टर ओपनिंग की है बल्कि इसने 113 साल की हर हिंदी फिल्मों का रिकॉर्ड तोड़ने के साथ ही पुष्पा 2 को छोड़कर हर पैन इंडिया फिल्म के ओपनिंग डे को मात दे दी है.
धुरंधर 2 ने ओपनिंग डे पर इतनी की कमाई
आपको मालूम हो कि बाहुबली फिल्म, KGF 2 और पुष्पा 2 जैसी फिल्मों ने अपने रिलीज के पहले ही दिन 100 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार किया था. अब 100 करोड़ के क्लब में धुरंधर 2 भी शामिल हो गई है. सैकनिल्क के आंकडों के मुताबिक आदित्य धर के निर्देशन में बनी और रणवीर सिंह की मुख्य भूमिका वाली धुरंधर 2 ने रिलीज के पहले दिन 102.55 करोड़ का कलेक्शन किया. इसमें सबसे अधिक इस फिल्म ने पहले दिन हिंदी वर्जन से 81 फीसदी की ऑक्यूपेंसी के साथ 99.10 करोड़ कमाए हैं.
इसके बाद इस फिल्म ने तेलुगु में 2.12 करोड़ का कलेक्शन किया है. धुरंधर 2 ने तमिल से 1.16 करोड़, कन्नड़ से 0.08 करोड़ और मलयालम से 0.09 करोड़ रुपए कमाए हैं. धुरंधर 2 पेड प्रीव्यू और पहले दिन की कमाई मिलाकर कुल कलेक्शन 145.55 करोड़ रुपए हो गया है. इस तरह से धुरंधर 2 बॉलीवुड की सबसे बड़ी ओपनर फिल्म बन गई है. आपको मालूम हो कि शाहरुख खान की फिल्म जवान ने 75.40 करोड़ रुपए की ओपनिंग की थी. पठान ने भारत में 57 करोड़ रुपए कमाए थे. एनिमल फिल्म की पहले दिन की कमाई 64 करोड़ रुपए और स्त्री 2 फिल्म की पहले दिन कमाई 54 करोड़ रुपए हुई थी. धुरंधर 2 सिर्फ बुधवार शाम के शोज से ही देशभर में 43 करोड़ रुपए की कमाई कर ली. आपको मालूम हो कि इससे पहले यह रिकॉर्ड साल 2024 में आई फिल्म स्त्री 2 के नाम था, जिसने 10 करोड़ रुपए कमाए थे. धुरंधर 2 ने पुष्पा 2 (164 करोड़ रुपए) के बाद भारत की दूसरी सबसे बड़ी ओपनर फिल्म है. यदि धुरंधर 2 के वर्ल्डवाइड कलेक्शन की बात करें तो इसने विदेशों में करीब 64 करोड़ रुपए की कमाई की है. अब देखना होगा कि धुरंधर 2 का लंबे वीकेंड में कलेक्शन कितना होता है. फिल्म की धमाकेदार शुरुआत को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि ये ओपनिंग वीकेंड में भारत में 300-400 करोड़ रुपए के बीच कमाई कर सकती है.
धुरंधर 2 की स्टारकास्ट
आदित्य धर के निर्देशन में बनी धुरंधर 2 फिल्म में रणवीर सिंह के साथ आर माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, सारा अर्जुन और राकेश बेदी जैसे कलाकार शामिल हैं. अपने पहला पार्ट धुरंधर की कहानी को आगे बढ़ाने का साथ फिल्म धुरंधर 2 इसे और ज्यादा धारदार, व्यापक और भावनात्मक रूप से गहरा बनाती है. ढेर सारा खून खराबा, हिंसा के साथ तमाम ट्विस्ट के साथ बनी 3 घंटे 43 मिनट और 6 सेकेंड की ये फिल्म दर्शकों को सीट से बांधे रखने के लिए मजबूर करती है.पिछले साल दिसंबर में आई फिल्म के पहले पार्ट धुरंधर ने दुनियाभर में 1300 करोड़ रुपए से ज्यादा का बिजनेस किया था.