scorecardresearch

CJP प्रोटेस्ट के सपोर्ट में उतरे दिलजीत दोसांझ, बोले- छात्रों की बात सुनिए, एंटी-नेशनल कहलाना पड़ा तो भी मंजूर

दिलजीत दोसांझ ने मंगलवार को इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए प्रदर्शन कर रहे छात्रों का समर्थन किया. उन्होंने लिखा कि जो कुछ हुआ, वह गलत था और छात्रों के साथ ऐसा व्यवहार नहीं होना चाहिए था.

Diljit Dosanjh Diljit Dosanjh
हाइलाइट्स
  • दिलजीत बोले- छात्रों के साथ ऐसा व्यवहार गलत

  • क्या है NEET-UG 2026 का पूरा विवाद?

दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET-UG 2026 पेपर लीक और शिक्षा सुधार की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का आंदोलन लगातार जारी है. सोमवार को 'संसद चलो' मार्च के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प के बाद अब इस मुद्दे पर एक्टर और सिंगर दिलजीत दोसांझ भी खुलकर सामने आए हैं. उन्होंने छात्रों का समर्थन करते हुए कहा कि उनकी आवाज सुनी जानी चाहिए, चाहे इसके लिए उन्हें एक बार फिर 'एंटी-नेशनल' ही क्यों न कहा जाए.

दिलजीत बोले- छात्रों के साथ ऐसा व्यवहार गलत
दिलजीत दोसांझ ने मंगलवार को इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए प्रोटेस्ट कर रहे छात्रों का समर्थन किया. उन्होंने लिखा कि जो कुछ हुआ, वह गलत था और छात्रों के साथ ऐसा व्यवहार नहीं होना चाहिए था. उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि छात्रों की मांगों को गंभीरता से सुना जाए.

दिलजीत ने लिखा, 'लोगों की आवाज ही रब की आवाज होती है. मुझे पहले भी कई बार एंटी-नेशनल कहा गया है और अब भी कहा जाएगा. किसान आंदोलन के दौरान मुझे आलोचना और कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ा था, जिनके बारे में मैं आज भी खुलकर बात नहीं कर सकता. बाकी सब रब देख रहा है.'

क्या है NEET-UG 2026 का पूरा विवाद?
विवाद NEET-UG 2026 परीक्षा में कथित पेपर लीक और OMR शीट में गड़बड़ी के आरोपों को लेकर है. CJP पिछले कई दिनों से छात्रों के साथ मिलकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही है. आंदोलन की शुरुआत 16 मई को CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने की थी. 28 जून को सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी इस आंदोलन से जुड़े और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठ गए. तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उन्होंने अस्पताल से भी अपना अनशन जारी रखने का ऐलान किया.

'संसद चलो' मार्च में हुआ बवाल
सोमवार को मानसून सत्र के पहले दिन CJP ने 'संसद चलो' मार्च निकाला. हजारों प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर से संसद की ओर बढ़े. रास्ते में कई जगह बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश हुई, जिसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया. इस घटना के बाद आंदोलन ने और जोर पकड़ लिया.

कई सेलेब्स भी छात्रों के समर्थन में
दिलजीत दोसांझ से पहले शबाना आजमी, प्रकाश राज, सोनाक्षी सिन्हा, हुमा कुरैशी, भूमि पेडनेकर, दिया मिर्जा, अनुराग कश्यप, शिल्पा राव, रितेश देशमुख, जेनेलिया डिसूजा, सोनू सूद, वीर दास और सोहा अली खान जैसे कई कलाकार भी छात्रों के समर्थन में अपनी आवाज उठा चुके हैं.