Drishyam 3
Drishyam 3
अजय देवगन की फिल्म 'दृश्यम 3: द कन्क्लूजन' बॉक्स ऑफिस पर लगातार मजबूत प्रदर्शन कर रही है. करीब एक दशक पुरानी इस फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म ने पहले वीकेंड में ही शानदार कमाई की और अब पहले सोमवार के टेस्ट में भी पास हो गई है. फिल्म ने रिलीज के चौथे दिन यानी सोमवार को भारत में 21 करोड़ का नेट कलेक्शन किया. इसके साथ ही भारत में फिल्म की कुल नेट कमाई 197.50 करोड़ हो गई है. वहीं ग्रॉस इंडिया कलेक्शन 237 करोड़ तक पहुंच गया है.
4 दिन में वर्ल्डवाइड कलेक्शन पहुंचा 303 करोड़
Sacnilk के आंकड़ों के मुताबिक, 'दृश्यम 3' ने सोमवार को भारत में 21 करोड़ नेट कमाए. वर्ल्डवाइड भी फिल्म का प्रदर्शन अच्छा रहा. सोमवार को ओवरसीज मार्केट से करीब 5 करोड़ की कमाई हुई. इसके साथ ही विदेशों में फिल्म की कुल ग्रॉस कमाई 66 करोड़ हो गई है. भारत और विदेशों की कमाई मिलाकर फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन करीब 303 करोड़ पहुंच गया है.
शुक्रवार से रविवार तक कैसी रही कमाई?
फिल्म ने शुक्रवार को शानदार शुरुआत करते हुए 62 करोड़ कमाए. इसके बाद शनिवार को कलेक्शन थोड़ा कम होकर 53.50 करोड़ रहा. रविवार को फिल्म ने फिर जोर पकड़ा और 61 करोड़ का कलेक्शन किया. खास बात यह रही कि रविवार की कमाई लगभग शुक्रवार के बराबर रही. आमतौर पर रिलीज के बाद फिल्मों की कमाई में लगातार गिरावट देखने को मिलती है, लेकिन 'दृश्यम 3' के मामले में रविवार का मजबूत प्रदर्शन दर्शकों की पसंद का संकेत माना जा रहा है.
मनडे टेस्ट में भी पास हुई दृश्यम 3
किसी भी फिल्म के लिए पहला सोमवार बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है. वीकेंड पर छुट्टी की वजह से सिनेमाघरों में दर्शकों की संख्या ज्यादा रहती है, लेकिन सोमवार को कामकाजी दिन होने के बावजूद अगर फिल्म अच्छी कमाई करती है तो माना जाता है कि उसे दर्शकों का मजबूत सपोर्ट मिल रहा है. 'दृश्यम 3' ने सोमवार को 21 करोड़ की कमाई कर इस टेस्ट में भी अच्छा प्रदर्शन किया है.
2026 की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग वीकेंड
ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के मुताबिक, 'दृश्यम 3' ने 2026 में हिंदी फिल्मों के बीच दूसरा सबसे बड़ा ओपनिंग वीकेंड दर्ज किया है. इससे पहले 'धुरंधर 2' का नंबर आता है. शुक्रवार को गांधी जयंती की राष्ट्रीय छुट्टी का फायदा मिला था, लेकिन रविवार का कलेक्शन शुक्रवार के करीब रहना यह दिखाता है कि फिल्म को दर्शकों से मजबूत रिस्पॉन्स मिल रहा है और पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ का फायदा भी मिल रहा है.
मंगलवार को टिकट पर डिस्काउंट नहीं
अब फिल्म के लिए अगला बड़ा पड़ाव वीकडे कलेक्शन है. तरण आदर्श के अनुसार, 'दृश्यम 3' मंगलवार को टिकट के दाम कम करके दर्शकों को आकर्षित करने की रणनीति नहीं अपनाएगी. ऐसे में मंगलवार का कलेक्शन यह समझने में अहम होगा कि बिना डिस्काउंट के फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक कितनी मजबूती से खींच पाती है.