Happy Birthday Kajol
Happy Birthday Kajol
Kajol 52nd Birthday: बॉलीवुड की चुलबुली एक्ट्रेस काजोल 5 अगस्त 2026 को अपना 52वां जन्मदिन मना रही हैं. काजोल का जन्म 5 अगस्त 1974 को अभिनेत्री तनुजा और निर्माता-निर्देशक शोमू मुखर्जी के घर हुआ था. वह तनुजा और शोमू मुखर्जी की बड़ी बेटी हैं. फिल्मी परिवेश में पली-बढ़ी काजोल ने 16 साल की उम्र में फिल्म बेखुदी से बॉलीवुड में कदम रखा था. इसके बाद उन्होंने फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा. काजोल ने अपने करीब साढ़े तीन दशक के फिल्मी करियर में एक से बढ़कर फिल्में दी. काजोल आज ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी खूब छाईं. एक्ट्रेस ने साल 2021 में फिल्म त्रिभंगा से ओटीटी पर भी डेब्यू किया था. इसके बाद काजोल ओटीटी पर लस्ट स्टोरीज 2, द ट्रायल, दो पत्ती और सरजमीं जैसे प्रोजेक्ट में नजर आ चुकी हैं.
पिता रखना चाहते थे मर्सिडीज नाम
काजोल के पिता शोमू मुखर्जी मर्सिडीज कार के शौकीन थे. उन्हें पता चला कि ये कार बनाने वाले शख्स की बेटी का असल नाम मर्सिडीज था. इस व्यक्ति ने अपनी बेटी के नाम पर मर्सिडीज कार बनाई. शोमू चाहते थे कि उनकी बेटी का नाम भी मर्सिडीज हो. वह अपनी बेटी का नाम मर्सिडीज रखने के लिए अड़ गए, लेकिन तनुजा ने साफ कह दिया कि मैं ऐसा नहीं होने दूंगी. तनुजा ने अपनी पहली बेटी का नाम काजल रखा. हालांकि बंगाली परिवार में इसे ही धीरे-धीरे काजोल कर दिया गया.
कैसे मिली थी पहली फिल्म
काजोल की शुरुआती पढ़ाई सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल, पंचगनी से हुई. हालांकि काजोल फिल्मों में करियर बनाने के लिए स्कूल के बाद आगे की पढ़ाई जारी नहीं रख सकीं. काजोल ने बॉलीवुड में अपने सफर की शुरुआत 31 जुलाई 1992 को रिलीज फिल्म बेखुदी से की थी. काजोल का इस फिल्म से जुड़ने का किस्सा दिलचस्प है. आपको मालूम हो कि काजोल शुरू में फिल्म नहीं करना चाहती थीं. उन्हें लगता था कि हीरोइन बनने के लिए काफी मेहनत करनी होगी. हालांकि उनकी मां तनुजा ने काजोल की मर्जी के खिलाफ उनके लिए फिल्म बनाना भी शुरू किया, लेकिन किसी कारण वो बंद पड़ गई.
आपको मालूम हो कि काजोल की एक दोस्त अभिनेत्री बनना चाहती थी. एक दिन वह पोर्टफोलियो बनवाने के लिए गौतम राजाध्यक्ष के पास गईं. काजोल भी अपने दोस्त के साथ थी. दोस्त का फोटोशूट चल ही रहा था कि काजोल की मां तनुजा भी वहां पहुंच गईं. तनुजा के कहने पर मेकअप आर्टिस्ट ने काजोल का भी मेकअप कर दिया और उनकी भी तस्वीरें क्लिक की गईं. कालोज का फोटोशूट गौतम राजाध्यक्ष ने किया था, जो उस समय फिल्म बेखुदी के स्क्रीनप्ले पर काम कर रहे थे. उन्हें काजोल का चेहरा इतना पसंद आया कि वो उनकी तस्वीरें लेकर फिल्म बेखुदी के डायरेक्टर राहुल रवैल के पास गए. उन्हें भी काजोल पसंद आ गईं और वो सीधे उनके लिए तनुजा के घर पहुंच गए. उधर, काजोल को फिल्म के ऑफर के बारे में पता चला तो वो नाराज हो गईं और मना कर दिया, लेकिन स्कूल की छुट्टियों की बोरियत दूर करने के लिए बाद में मान गईं. बेखुदी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर तो कमाल नहीं दिखा पाई, लेकिन काजोल की एक्टिंग को सभी ने सराहा था.
बाजीगर ने दिलाई लोकप्रियता
1993 में आई फिल्म बाजीगर से काजेल के अभिनय को असली पहचान मिली. इस मूवी में उन्हें शाहरुख खान के साथ काम करने का मौका मिला. इस फिल्म के बाद काजोल की लोकप्रियता बढ़ती चली गई और वह कई बेहतरीन फिल्मों में नजर आईं.बाजीगर के बाद शाहरुख खान और काजोल की ऑनस्क्रीन जोड़ी खूब जमी और उनके साथ उन्होंने कई ऐसी ब्लॉकबस्टर फिल्में दीं जो आज भी पसंद की जाती हैं. शाहरुख खान के साथ काजोल की पांच फिल्मों (बाजीगर, करण अर्जुन, दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे, कुछ कुछ होता है, और कभी खुशी कभी गम) सुपर-हिट रहीं. काजोल के लिए साल 1995 काफी खास रहा. जी हां, इस साल काजोल को उनके करियर की सबसे बड़ी और यादगार फिल्म दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे मिली. इस फिल्म के लिए काजोल को उनका पहला बेस्ट एक्ट्रेस का फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला. इसी साल काजोल के खाते में करण अर्जुन भी हिट फिल्म के तौर पर शामिल हुई. आपको मालूम हो कि नेगेटिव रोल के लिए अवॉर्ड पाने वाली पहली एक्ट्रेस काजोल हैं. उन्हें साल 1997 में रिलीज हुई फिल्म गुप्त में नकारात्मक किरादार निभाने के लिए फिल्म फेयर अवॉर्ड मिला था. काजोल ने हिंदी फिल्मों के अलावा तमिल फिल्म में भी काम किया है.
काजोल की अजय देवगन से कैसे हुई थी मुलाकात
आपको मालूम हो कि काजोल को फिल्मों में आने से पहले अक्षय कुमार पर क्रश था. अक्षय कुमार ने 1987 में बॉलीवुड में कदम रखा था और कई हिट फिल्में दे रहे थे. उस समय काजोल महज 16-17 साल की थीं. काजोल और अजय देवगन की लव स्टोरी भी किसी फिल्मी स्टोरी से कम नहीं है. आज बॉलीवुड का सफल कपल अजय देवगन और काजोल को माना जाता है. कहते हैं कि काजोल और अजय देवगन पहले एक दूसरे को पसंद नहीं करते थे. जहां चुलबुली काजोल को सेट पर मस्ती मजाक करना पसंद था वहीं अजय शांत स्वभाव के थे. इनकी पहली मुलाकात फिल्म हलचल के सेट पर हुई थी.
एक इंटरव्यू में खुद अजय ने बताया था कि पहली बार जब काजोल से मुलाकात हुई थी तो वह बेहद घमंडी लगी थीं लेकिन बाद में हमारी अच्छी दोस्ती हो गई. काजोल के पिता अजय से काजोल की शादी नहीं कराना चाहते थे. शोमू मुखर्जी का मानना था कि काजोल को 24 साल की उम्र में शादी न करके अपने करियर पर फोकस करना चाहिए. ऐसे में उन्होंने चार दिन तक काजोल से बात नहीं की थी, लेकिन काजोल अजय से शादी करना चाहती थीं. तनुजा और अजय देवगन के माता-पिता पहले ही मान गए थे और एक छोटे से समारोह में दोनों की शादी हो गई. काजोल ने साल 1999 में अजय देवगन से शादी की थी. काजोल और अजय के दो बच्चे हैं, बेटी न्यासा देवगन और बेटा युग देवगन.
काजोल की बेस्ट फिल्में
मिल चुके हैं कई पुरस्कार
काजोल को उनके बेहतरीन अभिनय के लिए पद्म श्री और कई फिल्मफेयर पुरस्कार मिल चुके हैं. साल 2011 में पद्म श्री पुरस्कार मिला था. काजोल ने कुल 6 फिल्मफेयर पुरस्कार जीते हैं. सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री (1995): फिल्म 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' के लिए. सर्वश्रेष्ठ खलनायक (1997): फिल्म 'गुप्त' के लिए. सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री (1998): फिल्म 'कुछ कुछ होता है' के लिए. सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री (2001): फिल्म 'कभी खुशी कभी गम' के लिए. सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री (2006): फिल्म 'फना' के लिए. सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री (2010): फिल्म 'माई नेम इज खान' के लिए. काजोल का सिंगापुर के मैडम तुसाद में वैक्स स्टेच्यू लगा है.
कितनी है काजोल की नेटवर्थ?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार काजोल की कुल नेटवर्थ करीब 240 से 250 करोड़ रुपए के बीच आंकी जाती है. उनकी कमाई फिल्मों, ब्रांड एंडोर्समेंट, निवेश और रियल एस्टेट से होती है. मुंबई के जुहू में काजोल का आलीशान बंगला शिव शक्ति है. इसके अलावा मुंबई और लंदन में भी उनकी प्रॉपर्टी बताई जाती है.