Masoom Sharma Dehradun viral video controversy
Masoom Sharma Dehradun viral video controversy
देहरादून के डीएवी (पीजी) कॉलेज में आयोजित छात्रसंघ समारोह उस समय विवादों में आ गया, जब हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के लाइव शो के दौरान अभद्र भाषा के इस्तेमाल का वीडियो वायलर हो गया. शनिवार को हुए इस कार्यक्रम में बताया जा रहा है कि सिंगर ने स्टेज से आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया, जिससे वहां मौजूद छात्रों और दर्शकों में नाराजगी फैल गई.
जानकारी के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान कुछ छात्रों के बीच झगड़ा भी हुआ, जिसमें चाकू-छुरी चलने की बात सामने आई. इसी घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए सिंगर का बयान और ज्यादा विवादित हो गया. उनके शब्दों को लेकर माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया और कार्यक्रम में हंगामा शुरू हो गया.
विधायक ने संभाला मोर्चा
स्थिति बिगड़ती देख मंच पर मौजूद खानपुर विधायक उमेश शर्मा ने माइक संभाला. उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि यह देहरादून है और यहां बदमाशी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उनके इस बयान ने भी माहौल को और गर्म कर दिया और मामला चर्चा का विषय बन गया.
खुद शिरकत कर चुके थे मुख्यमंत्री
इस कार्यक्रम की खास बात यह भी रही कि इसमें उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हुए थे, हालांकि वे कार्यक्रम खत्म होने से पहले ही जा चुके थे. बावजूद इसके, आरोप है कि मंच पर हुए व्यवहार में इस बात का ध्यान भी नहीं रखा गया, जिससे मामला और संवेदनशील हो गया.
पुलिस की कार्रवाई
घटना के बाद पुलिस भी हरकत में आ गई है. देहरादून के एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जानकारी पुलिस को मिल चुकी है और डालनवाला थाना पुलिस सभी तथ्यों की गहराई से जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इस मामले को लेकर विरोध भी तेज हो गया है. अधिवक्ता और कांग्रेस प्रवक्ता संदीप चमोली ने डालनवाला कोतवाली में तहरीर देकर सिंगर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है. उनका आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान अभद्र भाषा का इस्तेमाल हुआ, जो शैक्षिक माहौल के खिलाफ है.
सिंगर की सफाई
मामला बढ़ने के बाद विधायक उमेश शर्मा ने कहा कि उन्होंने मंच पर गाली-गलौज रोकने की कोशिश की थी, लेकिन सिंगर ने उनकी बात नहीं मानी. वहीं, मासूम शर्मा ने भी वीडियो जारी कर देवभूमि के लोगों से माफी मांगी है. उन्होंने कहा कि वह उत्तराखंड से बेहद लगाव रखते हैं, लेकिन उस समय गुस्से में उनका नियंत्रण बिगड़ गया था. साथ ही उन्होंने दावा किया कि एक गैंगस्टर उनके पीछे पड़ा हुआ है, जिसकी वजह से उनका तनाव बढ़ गया था.
सोशल मीडिया पर भी छिड़ी बहस
पूरी घटनाक्रम के बाद सोशल मीडिया पर भी तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. लोग इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, वहीं कॉलेज प्रशासन और आयोजकों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं.
(रिपोर्ट- अंकित शर्मा)
ये भी पढ़ें