Bharat Bhagya Vidhata
Bharat Bhagya Vidhata
कंगना रनौत एक बार फिर बड़े पर्दे पर अलग किरदार के साथ लौट रही हैं. उनकी नई फिल्म भारत भाग्य विधाता का फर्स्ट लुक सामने आ गया है, जिसमें वह नर्स के रोल में दिखाई दे रही हैं. मोशन पोस्टर में कंगना घायल चेहरे और खून से सने लुक में आग के बीच से गुजरती नजर आती हैं. पोस्टर से साफ है कि फिल्म 26/11 मुंबई आतंकी हमले के दौरान अस्पताल कर्मचारियों की बहादुरी पर आधारित है.
कंगना ने पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, 'कुछ खास करके, आम ही कहलाते... वो दिखते तो हैं, पर नजर नहीं आते.' पोस्टर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर चर्चा तेज हो गई है.
26/11 हमले की अनसुनी कहानी दिखाएगी फिल्म
'भारत भाग्य विधाता' सच्ची घटनाओं से प्रेरित फिल्म है. इसकी कहानी मुंबई के कामा और अल्ब्लेस अस्पताल के उन कर्मचारियों पर आधारित है, जिन्होंने 26/11 आतंकी हमलों के दौरान करीब 400 मरीजों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई थी. फिल्म में दिखाया जाएगा कि कैसे अस्पताल का स्टाफ आतंक और डर के माहौल के बीच भी अपनी ड्यूटी पर डटा रहा. यही वजह है कि फिल्म को देशभक्ति और इंसानियत की कहानी के रूप में पेश किया जा रहा है.
कंगना बोलीं- असली बहादुरी शोर नहीं करती
फिल्म को लेकर कंगना रनोट ने कहा कि अक्सर लोग सिर्फ बड़े और दिखने वाले साहस को याद रखते हैं, जबकि असली हिम्मत शांत तरीके से जिम्मेदारी निभाने में होती है. उन्होंने कहा, भारत भाग्य विधाता साहस, बलिदान, इंसानियत और एकता की ऐसी कहानी है, जिसमें आम लोगों ने आतंक और जिंदगी के बीच दीवार बनकर काम किया. यह देशभक्ति का सबसे सच्चा रूप है. कंगना ने कहा कि वह इस कहानी का हिस्सा बनकर सम्मान महसूस कर रही हैं और चाहती हैं कि लोग इसे बड़े पर्दे पर जरूर देखें.
12 जून को रिलीज होगी फिल्म
फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. हालांकि इसे बॉक्स ऑफिस पर कड़ी टक्कर मिलने वाली है. इसी दिन इम्तियाज अली की 'मैं वापस आऊंगा', मनोज बाजपेयी की Governor: The Silent Saviour और विक्रम भट्ट की Haunted 3D: Echoes of the Past भी रिलीज हो रही हैं. ऐसे में जून का दूसरा हफ्ता बॉलीवुड बॉक्स ऑफिस के लिए काफी दिलचस्प माना जा रहा है.
फिल्म में कई कलाकार आएंगे नजर
‘भारत भाग्य विधाता’ का निर्देशन और लेखन मनोज तापड़िया ने किया है. फिल्म में कंगना के अलावा गिरिजा ओक, स्मिता तांबे, अमृता नामदेव, ईशा डे, प्रिया बेर्डे, आशा शेलार, सुहिता थत्ते, रसिका आगाशे, आदित्य मिश्रा और जाहिद खान भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे.
लंबे समय से हिट का इंतजार कर रहीं कंगना
कंगना पिछले कुछ सालों से बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल नहीं कर पाई हैं. उनकी हालिया फिल्में इमरजेंसी, तेजस, धाकड़, चंद्रमुखी 2 और थलाइवी उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकीं. कंगना की आखिरी बड़ी हिट फिल्म 'मणिकर्णिका: द क्वीन ऑफ झांसी' थी, जो 2019 में रिलीज हुई थी.