scorecardresearch

Monalisa Wedding: परिवार के खिलाफ जाकर मोनालिसा ने की मुस्लिम व्यक्ति से शादी, जानें कौन हैं उनके पति फरमान खान

पिता की शिकायत पर पुलिस का कहना है कि कुंभ मेला वायरल गर्ल मोनालिसा बालिग हैं और उन्हें जीवन साथी चुनने का हक है. इसी के साथ मोनालिसा ने लंबे समय से डेट कर रहे अपने बॉयफ्रेंड से परिवार के खिलाफ जा कर शादी कर ली है. जानें कौन हैं उनके पति और क्या है पूरा विवाद.

Maha Kumbh Viral Girl Monalisa Wedding Maha Kumbh Viral Girl Monalisa Wedding
हाइलाइट्स
  • कुंभ मेले की वायरल गर्ल ने रचाई शादी

  • परिवार था शादी के खिलाफ

  • तिरुवनंतपुरम के एक मंदिर में मुस्लिम बॉयफ्रेंड ने पहनाया मंगलसूत्र

मोनालिसा भोसले, जो प्रयागराज के कुंभ मेले के दौरान वायरल वीडियो के कारण 'कुंभ मेला गर्ल' के नाम से मशहूर हुई थीं, उन्होंने अपने बॉयफ्रेंड फरमान खान से केरल में शादी कर ली है. बताया जा रहा है कि परिवार के विरोध के चलते उन्होंने पहले पुलिस से भी मदद मांगी थी. दोनों ने केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में स्थित एक मंदिर में विवाह कर लिया है. इस शादी के साथ उनके रिश्ते को लेकर चल रहा पारिवारिक तनाव भी खत्म हो गया.

परिवार के विरोध के कारण पुलिस के पास पहुंची थीं मोनालिसा
शादी से पहले मोनालिसा ने तिरुवनंतपुरम के थामपानूर पुलिस स्टेशन में जाकर पुलिस से मदद मांगी थी. उन्होंने पुलिस को बताया कि उनका परिवार उनके रिश्ते को स्वीकार नहीं कर रहा है. मोनालिसा का कहना था कि उनके पिता उन्हें उनकी इच्छा के खिलाफ वापस उनके शहर ले जाना चाहते थे. इसी कारण उन्होंने पुलिस से सुरक्षा और सहयोग की मांग की थी.

कौन हैं फरमान खान
मोनालिसा की अचानक हुई शादी के बाद लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि आखिर उनके पति कौन हैं. अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक उनके पति का नाम फरमान खान है. फरमान पेशे से एक्टर बताते हैं. वह सोशल मीडिया पर भी एक्टिव हैं. जहां अलग-अलग किरदारों के लुक में उनकी कई तस्वीरें देखने को मिलती हैं. उनके अकाउंट पर साउथ सुपरस्टार रजनीकांत के साथ भी एक फोटो दिखाई देती है.

उनकी सोशल मीडिया प्रोफाइल पर कई कलाकारों के साथ उनकी तस्वीरें नजर आ रही हैं. इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह फिल्म इंडस्ट्री में छोटे स्तर पर काम करते रहे हैं. साथ ही उनके सोशल मीडिया पर ज्यादा तस्वीरें मोनालिसा के साथ भी है, जिससे ये तो साफ हो गया कि दोनों एक दूसरे को लंबे वक्त से जानते हैं. 

'मैं पिता के साथ नहीं जाऊंगी', पुलिस के सामने साफ कहा
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मोनालिसा और फरमान खान पुलिस स्टेशन पहुंचे थे और उनके साथ उस फिल्म की टीम के कुछ सदस्य भी थे, जिसके साथ वह इन दिनों केरल में काम कर रही थीं. मोनालिसा ने पुलिस को साफ शब्दों में कहा कि वह अपने पिता के साथ नहीं जाएंगी और अपने बॉयफ्रेंड से ही शादी करेंगी.

एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, 'मोनालिसा बालिग हैं, इसलिए उन्हें अपनी पसंद के अनुसार फैसला लेने का पूरा अधिकार है'. इसी वजह से पुलिस को किसी तरह के हस्तक्षेप की जरूरत नहीं पड़ी. बाद में बातचीत के बाद मोनालिसा अपने बॉयफ्रेंड और फिल्म क्रू के सदस्यों के साथ वहां से चली गईं, जबकि उनके पिता अपने शहर लौट गए.

तिरुवनंतपुरम में हुई शादी
इन सब घटनाओं के बाद दोनों ने अपने फैसले पर आगे बढ़ते हुए तिरुवनंतपुरम के नैनार मंदिर में शादी कर ली. बताया जा रहा है कि इस मौके पर कई राजनीतिक नेता भी मौजूद थे, जिनमें वी. शिवनकुट्टी, एम. वी. गोविंदन, ए. ए. रहीम शामिल थे.

छह महीने की प्रेम कहानी
शादी के बाद मोनालिसा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह अपने विवाह से बहुत खुश हैं. उन्होंने बताया कि उन्होंने शादी के लिए केरल को इसलिए चुना क्योंकि उन्हें यह राज्य पसंद है. फरमान खान ने भी अपने रिश्ते के बारे में बात करते हुए कहा, 'हमारी प्रेम कहानी सिर्फ छह महीने पुरानी है, लेकिन ऐसा लगता है जैसे यह साठ साल पुरानी हो.'

कुंभ मेले से मिली पहचान
मोनालिसा पहली बार उस समय चर्चा में आई थीं जब उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित कुंभ मेले के दौरान उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था. उस समय वह मेले में रुद्राक्ष की मालाएं बेचती नजर आई थीं. एक कंटेंट क्रिएटर द्वारा बनाया गया उनका वीडियो इंटरनेट पर तेजी से फैल गया और देखते ही देखते वह सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय हो गईं.
 

ये भी पढ़ें