scorecardresearch

मिर्जापुर: द मूवी में रवि किशन ने मारी बाजी, बब्बुआ यादव बनकर छाए... फैंस बोले- फुल पैसा वसूल!

'मिर्जापुर: द मूवी' सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है. फिल्म में कालीन भैया की गद्दी पर कब्जे की जंग, पुराने किरदारों की वापसी और रवि किशन की दमदार एंट्री देखने को मिलती है. वहीं मुन्ना भैया के किरदार में दिव्येंदु शर्मा की वापसी ने दर्शकों का उत्साह बढ़ा दिया है. शुरुआती प्रतिक्रियाओं में रवि किशन की परफॉर्मेंस और फिल्म के सेकंड हाफ की खास तौर पर तारीफ हो रही है.

Advertisement
Mirzapur: The Movie Mirzapur: The Movie

प्राइम वीडियो की पॉपुलर सीरीज 'मिर्जापुर' के तीन सफल सीजन के बाद अब इसकी कहानी बड़े पर्दे पर पहुंच गई है. 'मिर्जापुर: द मूवी' शुक्रवार, 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है. फिल्म में एक बार फिर मिर्जापुर की गद्दी के लिए खूनी जंग, पुराने दुश्मनों की वापसी और सत्ता की नई चाल देखने को मिलती है. खास बात यह है कि फिल्म की कहानी सीजन 1 की टाइमलाइन के बीच सेट की गई है.

सीजन 1 के बाद की कहानी
'मिर्जापुर: द मूवी' की कहानी पहले सीजन के छठे एपिसोड के बाद आगे बढ़ती है. यही वजह है कि फिल्म में दर्शकों को कुछ ऐसे किरदार भी दिखाई देते हैं, जिनकी सीरीज के आगे के सीजन में मौत हो चुकी है. फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु शर्मा जैसे पुराने कलाकारों की मौजूदगी कहानी को सीरीज से जोड़ती है.

मुन्ना भैया की वापसी ने बढ़ाया रोमांच
दिव्येंदु शर्मा का मुन्ना भैया के किरदार में वापस आना फिल्म की सबसे चर्चित बातों में से एक है. वहीं रवि किशन की बब्बुआ यादव के रूप में एंट्री भी कहानी में नया मोड़ लाती है. शुरुआती दर्शकों की प्रतिक्रियाओं में रवि किशन की परफॉर्मेंस को फिल्म की बड़ी खासियत बताया जा रहा है. उनकी कास्टिंग और सेकंड हाफ के बिल्डअप की भी तारीफ हो रही है.

कालीन भैया की गद्दी पर बब्बन की नजर
फिल्म में रवि किशन के किरदार बब्बन बबुआ की नजर मिर्जापुर की गद्दी पर है. उसका मकसद कालीन भैया और मुन्ना को रास्ते से हटाकर खुद सत्ता हासिल करना है. कालीन भैया तक पहुंचने में सीएम के छोटे भाई जेपी यादव और जरीना उसकी मदद करते हैं. वहीं मुमताज बीबी बब्बन की प्रेमिका है और बिरजू लोहार उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालता है.

रवि किशन बने फिल्म के सरप्राइज पैकेज
बब्बन, मुन्ना और बबलू के जरिए कालीन भैया तक पहुंचने और डील पक्की करने की कोशिश करता है. उसका प्लान कालीन भैया को मिर्जापुर से बाहर निकालकर खत्म करने का है. फिल्म की कहानी इसी साजिश और उसके नतीजे के इर्द-गिर्द घूमती है. रवि किशन को फिल्म में काफी स्क्रीन टाइम मिला है और उन्होंने एक्शन से लेकर इमोशनल सीन्स तक अपने किरदार को मजबूती से निभाया है. शुरुआती प्रतिक्रियाओं के मुताबिक, वह फिल्म के सबसे बड़े सरप्राइज पैकेज बनकर उभरे हैं.

वहीं फिल्म का बैकग्राउंड स्कोर और एक्शन भी शुरुआती दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं. इसके साथ ही फ्रेंचाइजी के लोकप्रिय किरदारों और उनके चर्चित डायलॉग्स की वापसी को भी खूब पसंद किया जा रहा है. अब देखना ये है कि आखिर फिल्म कितनी सफल रहती है.

ये भी पढ़ें: